भास्कर अपडेट्स:पुलवामा-बारामूला से आतंकियों के 2 ओवर ग्राउंड वर्कर गिरफ्तार; पिस्टल-ग्रेनेड, 10 जिंदा कारतूस और पाकिस्तानी पोस्टर बरामद
सुरक्षा बलों ने जम्मू-कश्मीर के बारामूला और पुलवामा जिलों में आतंकवादियों के दो ओवरग्राउंड वर्करों (OGW) को गिरफ्तार किया है। उनके पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए। बारामूला के शीरी इलाके में गोरीवान में बनाए गए एक मोबाइल व्हीकल चेकपॉइंट पर पुलिस, सेना और पैरामिलिट्री फोर्स की एक संयुक्त टीम ने एजाज अहमद गनी को पकड़ा। सुरक्षा बलों ने उसके पास से एक पिस्तौल, 10 ज़िंदा कारतूस (9mm) वाली एक मैगजीन और एक मोबाइल फोन बरामद किया। एक दूसरे ऑपरेशन में, सुरक्षा बलों ने चेकिंग के दौरान पुलवामा के राजपोरा इलाके में एक OGW को गिरफ़्तार किया। सुरक्षा बलों ने तौसीफ़ अहमद डार के पास से एक हैंड ग्रेनेड और पाकिस्तानी पोस्टर बरामद किए है। इसके बाद उसे अरेस्ट कर लिय गया। आज की बाकी बड़ी खबरें… केरलम में 75 हजार राशन कार्ड का वितरण, कल सीएम सतीशन कार्यक्रम में शामिल होंगे केरलम सरकार 3 अगस्त को 75 हजार से ज्यादा नए राशन कार्ड बांटेगी। यह वितरण सरकार की 100 दिन की कार्ययोजना का हिस्सा है। इसके तहत 73,024 नए प्राथमिकता वाले (गुलाबी) और 2,000 अंत्योदय अन्न योजना (पीले) राशन कार्ड जारी किए जाएंगे। राज्य स्तरीय वितरण कार्यक्रम का आयोजन तिरुवनंतपुरम के कनककुन्नु पैलेस में किया गया है। मुख्यमंत्री वी डी सतीशन सुबह 11 बजे इस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री अनूप जैकब इस समारोह की अध्यक्षता करेंगे। दिल्ली पुलिस ने 6 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा; वीजा नियमों के उल्लंघन का आरोप दिल्ली पुलिस की स्पेशल स्टाफ की फॉरेनर सेल ने ऑपरेशन विस्टा 1.0 के तहत 6 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा है। इन सभी पर वीजा नियमों का उल्लंघन करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, सभी बांग्लादेशी नागरिक डबल एंट्री वीजा पर भारत आए थे। जांच में पता चला कि उन्होंने वीजा की शर्तों का उल्लंघन किया है। इसके बाद फॉरेनर सेल ने सभी को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। दिल्ली के नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट में 2.9 तीव्रता का भूकंप, सुबह 4:14 बजे लगे झटके, 8 किमी गहराई में था केंद्र
दिल्ली के नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट में रविवार सुबह 4:14 बजे भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 2.9 रही। भूकंप का केंद्र जमीन से 8 किलोमीटर की गहराई में था। फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। विशेषज्ञों के अनुसार, कम गहराई वाले भूकंपों के झटके सतह पर अधिक महसूस होते हैं, हालांकि इस भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण बड़े नुकसान की आशंका नहीं है। NEET-UG की काउंसलिंग 4 अगस्त से शुरू होगी; MBBS में दाखिले के लिए एजुकेशनल सेशन 8 सितंबर से MBBS और अन्य अंडरग्रेजुएट मेडिकल कोर्सेज में दाखिले के लिए ऑल इंडिया कोटा की काउंसलिंग 4 अगस्त से शुरू होगी। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) के अनुसार, शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत 8 सितंबर से होगी। काउंसलिंग का पहला राउंड 4 अगस्त से 17 अगस्त तक चलेगा। इसमें शामिल होने की आखिरी तारीख 22 अगस्त है। दूसरा राउंड 24 अगस्त से 2 सितंबर तक होगा, जबकि तीसरा राउंड 10 सितंबर से 18 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा। इसके बाद स्ट्रे वैकेंसी राउंड 28 सितंबर से 3 अक्टूबर तक होगा और इसमें शामिल होने की अंतिम तारीख 10 अक्टूबर तय की गई है। कावेरी के पानी को लेकर सुप्रीम कोर्ट पहुंची DMK, कर्नाटक को निर्देश देने की मांग द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर कर्नाटक सरकार को निर्देश देने की मांग की है कि वह तमिलनाडु के लिए कावेरी का पानी छोड़े। यह मांग सुप्रीम कोर्ट के 16 फरवरी, 2018 के फैसले और कावेरी जल विनियमन समिति (CWRC) व कावेरी जल प्रबंधन प्राधिकरण (CWMA) के आदेशों के अनुसार की गई है।

