ब्रेकिंग न्यूज़
भास्कर अपडेट्स:तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में ब्रिज मरम्मत के कारण जाम लगा; हजारों गाड़ियां फंसी

तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में कावेरी ब्रिज की मरम्मत के चलते लोगों की परेशानी बढ़ गई है। पुराने कावेरी ब्रिज को मरम्मत कार्य के लिए पिछले दो दिनों से बंद किए जाने के विरोध में स्थानीय लोगों ने संजीवी नगर में तिरुचिरापल्ली-चेन्नई राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुल बंद होने से भारी ट्रैफिक जाम लग रहा है और रोजाना आने-जाने वाले लोगों को घंटों तक परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने प्रशासन से मरम्मत कार्य जल्द पूरा कर पुल को यातायात के लिए खोलने की मांग की। स्थिति ऐसी हो गई कि वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई स्थानों पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। जाम में फंसे वाहन काफी देर तक आगे नहीं बढ़ सके, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। आज की अन्य बड़ी खबरें… महाराष्ट्र में TET परीक्षा से एक दिन पहले पेपर लीक मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, महाराष्ट्र में TET (शिक्षक पात्रता परीक्षा) से एक दिन पहले पेपर लीक का मामला सामने आया है। रविवार को पूरे राज्य में TET का एग्जाम होने वाला था। इसमें करीब 5 लाख अभ्यर्थी शामिल होने वाले थे। कश्मीर में CIK की कई जगहों पर छापेमारी, श्रीनगर-गांदरबल और अनंतनाग में तलाशी काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर (CIK) ने कश्मीर के कई स्थानों पर शनिवार को तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों के मुताबिक, श्रीनगर, गांदरबल और अनंतनाग जिलों में संदिग्ध व्यक्तियों के घरों की तलाशी ली गई। सीआईके की एक टीम ने श्रीनगर के होकारसर इलाके में रहने वाले रियाज अहमद बेग के घर की तलाशी ली। वह मूल रूप से महाराज गंज के दलाल मोहल्ला का निवासी है और पिछले 16 साल से होकारसर में रह रहा है। एक अन्य टीम ने उपाधीक्षक (DSP) के नेतृत्व में गांदरबल जिले के लार क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। इसके अलावा, सीआईके की एक अलग टीम ने अनंतनाग जिले के वेरिनाग के नौगाम में भी पहुंची। मुंबई में ₹3.75 करोड़ की हेरोइन जब्त, 20 साल का युवक गिरफ्तार मुंबई पुलिस की नारकोटिक्स सेल ने गोरेगांव में कार्रवाई कर 750 ग्राम हेरोइन जब्त की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 3.75 करोड़ रुपए आंकी गई है। मामले में 20 साल के एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, गोपनीय सूचना मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। आरोपी के पास से हेरोइन बरामद हुई। उसके खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। नारकोटिक्स सेल की डीसीपी पूर्णिमा चौगुले श्रींगी ने बताया कि फिलहाल मामले में एक ही गिरफ्तारी हुई है। अभी तक आरोपी के किसी बड़े ड्रग सिंडिकेट से जुड़े होने की पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि इस पहलू की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हेरोइन की सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है। यूपी राजीव बने विक्रम साराभाई स्पेस सेंटर के नए डायरेक्टर, रॉकेट कंट्रोल और गाइडेंस सिस्टम के एक्सपर्ट भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने सीनियर साइंटिस्ट डॉ. यू.पी. राजीव को विक्रम साराभाई स्पेस सेंटर (VSSC) का नया डायरेक्टर बनाया है। वह फिलहाल VSSC में एसोसिएट डायरेक्टर (रिसर्च एंड डेवलपमेंट) हैं। अब वह भारत की लॉन्च व्हीकल तकनीक विकसित करने वाले इस प्रमुख सेंटर की कमान संभालेंगे। ISRO के मुताबिक, डॉ. राजीव को रॉकेट कंट्रोल और गाइडेंस सिस्टम में कई दशकों का अनुभव है। उन्होंने ISRO के कई प्रमुख लॉन्च व्हीकल मिशनों के डिजाइन और सिमुलेशन में अहम भूमिका निभाई है। डॉ. यू.पी. राजीव केरल के कोल्लम जिले के पथानापुरम के रहने वाले हैं। उन्होंने तिरुवनंतपुरम के कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से एप्लाइड इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंटेशन में इंजीनियरिंग की। इसके बाद NIT कालीकट से इंस्ट्रूमेंटेशन एंड कंट्रोल सिस्टम्स में पोस्टग्रेजुएशन और IISc बेंगलुरु से पीएचडी की। अमित शाह बोले- 3 साल में ड्रग्स नेटवर्क की कमर तोड़ देंगे, ₹6,000 करोड़ के 2.09 लाख किलो नशीले पदार्थ नष्ट होंगे गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि सरकार अगले तीन साल में ड्रग्स तस्करी के पूरे नेटवर्क पर ऐसा प्रहार करेगी कि वह दशकों तक उबर नहीं पाएगा। उन्होंने शुक्रवार को ‘ऑनलाइन ड्रग्स डिस्पोजल फोर्टनाइट कैंपेन’ की शुरुआत की। शाह ने कहा कि अभियान के तहत 6,000 करोड़ रुपए से ज्यादा कीमत के 2,09,500 किलोग्राम नशीले पदार्थ नष्ट किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि कार्रवाई ‘डिटेक्ट, डिसरप्ट और डिस्ट्रॉय’ रणनीति के तहत होगी। गृह मंत्री ने कहा कि एजेंसियां डार्कनेट, हवाला और क्रिप्टोकरेंसी के जरिए होने वाली ड्रग्स तस्करी पर नजर रखेंगी। साथ ही तस्करों के सोर्स, ट्रांजिट रूट, फंडिंग और पूरे नेटवर्क को निशाना बनाया जाएगा। अवैध अफीम की खेती और छिपी हुई ड्रग लैब्स के खिलाफ भी अभियान तेज किया जाएगा। अमरनाथ यात्रा में 24 घंटे मौसम पर नजर, 4 डॉप्लर रडार लगाए गए; 3 जुलाई से शुरू होगी यात्रा 3 जुलाई से शुरू होने वाली अमरनाथ यात्रा के लिए जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने मौसम निगरानी और आपदा प्रबंधन के इंतजाम मजबूत किए हैं। यात्रा मार्ग पर 4 डॉप्लर वेदर रडार लगाए गए हैं, जो खराब मौसम की रियल टाइम जानकारी देंगे। साथ ही 25 संवेदनशील जगहों पर 45 माउंटेन रेस्क्यू टीमें तैनात की गई हैं। अधिकारियों के मुताबिक, रडार नेटवर्क बादल फटने, भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं जैसी घटनाओं का पहले से पता लगाएगा। मौसम विभाग की चेतावनी कंट्रोल सेंटर, कैंप कमांडरों और आपदा प्रबंधन एजेंसियों तक तुरंत पहुंचाई जाएगी। यात्रियों को बालटाल और नुनवान बेस कैंप में भी मौसम की जानकारी दी जाएगी। प्रशासन ने बताया कि यात्रा मार्ग के संवेदनशील इलाकों की पहचान कर वहां NDRF, SDRF, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। 2022 में अमरनाथ गुफा के पास आई फ्लैश फ्लड के बाद इस बार सुरक्षा और आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। CBSE ने 7वीं-9वीं के छात्रों को राहत, 10वीं तक विदेशी भाषा पढ़ सकेंगे CBSE ने कक्षा 7 से 9 तक के उन छात्रों को राहत दी है, जिन्होंने तीन-भाषा नीति के तहत दो विदेशी भाषाएं चुनी हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि ऐसे छात्र 10वीं तक अपना मौजूदा भाषा संयोजन जारी रख सकेंगे। इससे पहले CBSE ने 1 जुलाई से 9वीं में दाखिला लेने वाले छात्रों के लिए कम से कम दो भारतीय भाषाओं सहित तीन भाषाएं पढ़ना अनिवार्य किया था। इस फैसले को लेकर कई छात्र और अभिभावक कोर्ट पहुंचे थे।

पुलिस ने कहा-केतन जिंदा है तो सिया के हावभाव बदले:पिता बोले- सवालों के बीच बुआ सिया को खींच ले गई, यहीं से हमारा शक गहराया

पुणे के केतन अग्रवाल मर्डर केस में नया दावा सामने आया है। केतन का शव रेस्क्यू करने वाले सुनील गायकवाड़ ने कहा, ‘केतन के सिर पर गंभीर चोटें थीं, खोपड़ी कुचली हुई थी और हाथ-पैरों पर भी कई चोट थीं। लेकिन सिया गोयल शांत खड़ी थी। अन्य लोग रो रहे थे और मदद के लिए चिल्ला रहे थे।’ सुनील ने कहा- शव को जंगल के रास्ते बाहर लाया गया। पुलिस को 18 जून की सुबह करीब 10:30 बजे घटना की सूचना मिली थी। बचाव अभियान दोपहर 12:30 बजे तक चला और करीब 1:30 बजे शव एंबुलेंस में पहुंचाया गया था। इधर, पुणे पुलिस ने शुक्रवार को 10 घंटे तक सिया के भाई साहिल गोयल से करीब 10 घंटे पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, साहिल चेतन चौधरी को जानता है। उसने बताया कि चेतन और सिया की दोस्ती क्रिकेट मैच के दौरान हुई थी। वहीं, आज सिया के माता-पिता को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
केतन के पिता बोले- घटना वाले दिन ही सिया पर शक हुआ केतन के पिता विशाल अग्रवाल के मुताबिक, घटना वाले दिन ही परिवार को सिया गोयल पर शक हो गया था। मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मी ने जब कहा कि केतन अभी जिंदा है। उसे तुरंत अस्पताल ले जाना चाहिए, तब सिया के हावभाव बदल गए थे। इसके बाद सिया ने परिवार के सवालों का भी जवाब नहीं दिया। चेतन के पिता ने दैनिक भास्कर को बताया कि 18 जून को सिया की मां का फोन आया था कि केतन लोहगढ़ किले से गिर गया है। परिवार मौके पर पहुंचा तो केतन को खाई से निकाला जा चुका था। उन्होंने देखा कि केतन का मुंह बंधा हुआ था। चेहरा खुलवाकर उसकी पहचान की गई। दरअसल, सिया और केतन 18 जून को पुणे के लोहगढ़ किले पर घूमने गए थे। इसी दौरान केतन की खाई में गिरने से मौत हुई थी। सिया पर बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी के साथ मंगेतर की हत्या का आरोप है। दोनों पुलिस हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है। बुआ सिया को ले गई, तभी परिवार का शक गहराया केतन की बहन ने सिया से पूछा कि वह कहां बैठी थी, केतन कैसे गिरा और वह किले के उस किनारे तक कैसे पहुंचा। सिया ने किसी सवाल का जवाब नहीं दिया। उसका रोना भी परिवार को बनावटी लगा। अगले दिन जब वह उनके घर आई, तब भी परिवार ने पूछा कि केतन का कौन सा पैर फिसला था, लेकिन वह चुप रही। सवाल-जवाब के दौरान शादी तय कराने वाली सिया की बुआ उसे “तू चल-चल” कहकर वहां से ले गई। इसके बाद परिवार का शक और गहरा हो गया। परिवार ने CCTV देखे, फिर पुलिस को सूचना दी विशाल अग्रवाल ने बताया कि उसी शाम परिवार ने बैठकर पूरी घटना पर चर्चा की। उनकी बेटी ने कहा कि कुछ ठीक नहीं लग रहा। परिवार ने पूरी घटना को जोड़कर देखा और सोसायटी के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज में दिखा कि लौटते समय सिया रो भी नहीं रही थी। शक बढ़ने पर परिवार ने पुलिस को सूचना दी। विशाल अग्रवाल ने कहा कि केतन को सिया के अफेयर की जानकारी नहीं थी। हालांकि, उसे कई बार सिया का फोन लगातार बिजी मिलने पर शक हुआ था। उसने परिवार से पूछा भी था कि क्या सिया के बारे में पूरी जानकारी ली गई है परिवार ने उसे भरोसा दिलाया कि रिश्तेदारों ने पूरी पड़ताल की है। इसके बाद उसने दोबारा इस बारे में बात नहीं की। उन्होंने कहा कि अगर सिया के अफेयर की जानकारी होती तो यह रिश्ता कभी तय नहीं होता। सिया-चेतन ने चैट डिलीट की पुलिस के मुताबिक, आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी ने हत्या से पहले और बाद में अपने मोबाइल की चैट हिस्ट्री डिलीट कर दी थी। दोनों ने रीसायकल बिन भी खाली कर दिया था। डेटा रिकवर करने के लिए दोनों के मोबाइल फॉरेंसिक लैब भेजे गए हैं। पुलिस ने सिया के कॉल-रिकॉर्ड खंगाले। इनमें एक मोबाइल नंबर पर जनवरी से केतन की हत्या वाले दिन सुबह 7 बजे तक सिया ने 2004 कॉल में करीब 338 घंटे की बातचीत की थी यानी दोनों रोज करीब 11 कॉल्स में 2 घंटे बात करते थे। ये नंबर पुणे के ही एक और व्यापारी परिवार के लड़के चेतन चौधरी का था। चेतन का घर पुणे के उसी इलाके में था, जहां सिया के पिता का ऑफिस है। पुलिस का दावा- विग और हकलाने की वजह से की हत्या पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सिया ने बताया कि उसे केतन का विग लगाना और हकलाना पसंद नहीं था। इसी वजह से उसने हत्या की साजिश रची। हालांकि, केतन के पिता के मुताबिक शादी तय होने से पहले ही सिया और उसके परिवार को केतन के विग के बारे में जानकारी दे दी गई थी। सिया की मां पूजा गोयल बोलीं- बेटी शादी को लेकर खुश थी सिया की मां पूजा बोलीं- इस मामले में कोई भी दोषी है तो उसे सबसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। अगर मेरी बेटी दोषी है, तो उसे भी उसी जगह से नीचे फेंक देना चाहिए, जहां से केतन को धक्का दिया गया था। सिया ने पिता प्रवीण ने कहा कि सिया ने खुद कहा था कि केतन से उसका रिश्ता करवा दीजिए। केतन ने ही सिया को फोन कर लोहगढ़ किला जाने के लिए कहा था। वही कार लेकर आया था। केतन सिया एक-दूसरे से बहुत प्यार करते थे। एक बार तो केतन सुबह 4 बजे ही सिया से मिलने घर आ गया था। केतन की हत्या के पहले कैफे में मिले थे सिया-चेतन केतन की हत्या के एक दिन पहले 17 जून को आरोपी सिया और प्रेमी चेतन चौधरी एक कैफे में मिले थे। न्यूज एजेंसी IANS ने पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया कि यहीं लोहगढ़ किले पर केतन को खाई में धक्का देने का प्लान बनाया था। दोनों ने वह पॉइंट भी ढूंढ लिया, जहां से केतन को धक्का देना था। यदि केतन इससे भी बच जाता तो 20 जून के बाद सड़क हादसे में मारने का बैकअप प्लान तैयार था। 31 मई को मारने का आइडिया आया, 18 जून को मर्डर 31 मई: सिया को केतन की हत्या का प्लान सूझा: 11 फरवरी को सगाई के बाद केतन, सिया को घर लेकर आता था, साथ घूमने ले जाता था। उसे ट्रैकिंग यानी पहाड़ी चढ़ने का शौक था। उसने सिया से ट्रैकिंग के लिए लोहगढ़ किले चलने को कहा। रिपोर्ट्स के मुताबिक जब दोनों किले की सबसे ऊंची चोटी पर पहुंचे, तो यहीं सिया को पहली बार केतन से पीछा छुड़ाने के लिए उसे पहाड़ी से धक्का देकर मार डालने का प्लान सूझा। 5 जून: किले पर जाने की जिद की, केतन नहीं गया: सिया ने 4 जून को केतन से दोबारा लोहगढ़ किला जाने की जिद की। तब केतन के घर वालों ने मना कर दिया। 6 जून को केतन, उनकी बहन, एक दोस्त और सिया के इंडोनेशिया के बाली जाने के टिकट बुक थे। सभी लोग फ्लाइट पकड़ने के लिए निकले। पुणे ग्रामीण के SP संदीप सिंह गिल के मुताबिक केतन के साथ बाली न जाना पड़े, इसलिए सिया ने उसका पासपोर्ट अपने पास अलग रख लिया था। 14 जून: दूसरी कोशिश, धक्का दिया, लेकिन केतन बच गया: सिया ने केतन से दोबारा किले पर चलने को कहा। बोली कि मुझे वह जगह पसंद है। पुलिस के मुताबिक 14 जून को दोनों किले पर पहुंचे। सिया ने केतन को एक जगह पीछे से धक्का दिया। पेड़ का सहारा मिलने से केतन बच गया। उसने पूछा- ‘धक्का क्यों दिया? सिया ने कहा, ‘एक सांप था, तुम्हें उससे बचाने के लिए धक्का दिया।’ केतन ने घर आकर सबको बताया कि सिया की वजह से उसकी जान बच गई। 18 जून: तीसरी कोशिश में बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर धक्का दिया: 19 जून को सिया का जन्मदिन मनाने के लिए केतन ने महाबलेश्वर में एक लग्जरी रिजॉर्ट बुक किया था। सिया ने उससे पहले केतन को प्री-वेडिंग फोटोशूट की बात कहकर लोहगढ़ किले पर जाने के लिए मना लिया। इस बार पीछे-पीछे चेतन भी था। एक जगह जब केतन पहाड़ियों की तरफ देख रहा था, तभी दोनों ने उसे पीछे से धक्का दे दिया। ——————- घटना से जुड़ी ये 3 खबरें भी पढ़ें…

सीएम शुभेंदु अधिकारी बोले- बंगाल में UCC लागू होगा:लैंड जिहाद, लव जिहाद और जबरन धर्मांतरण पर कानून लाएंगे; घुसपैठियों को वापस भेजेंगे

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि उनकी सरकार राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करेगी। लैंड जिहाद, लव जिहाद और जबरन धर्मांतरण के खिलाफ सख्त कानून भी लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो लोग अवैध तरीके से भारत में आए हैं। देश की संस्कृति या राष्ट्रीय सुरक्षा के खिलाफ गतिविधियों में शामिल हैं, उन्हें राज्य में रहने नहीं दिया जाएगा। अवैध घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें उनके देश वापस भेजा जाएगा। वंदे मातरम् के 150 साल पूरे होने पर कोलकाता के रवींद्र सदन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शुभेंदु ने ये बातें कही। सुभेंदु के स्पीच की 4 मुख्य पॉइंट्स…. आपातकाल का विरोध करने वालों का सम्मान होगा शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि आपातकाल का विरोध करने वालों को 9 अगस्त को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए ‘लोकतंत्र सेनानी’ समन्वय समिति बनाई जाएगी। पात्र लोगों को सरकारी मान्यता प्रमाणपत्र दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सामाजिक, संवैधानिक और राष्ट्रीय मुद्दों पर सेमिनार आयोजित किए जाएंगे। प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत और सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे। कार्यक्रम के बाद अधिकारी ने भवानीपुर में भाजपा के नए कार्यालय का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि हर महीने दो दिन वह वहां लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनेंगे। बंगाल सरकार के अब तक 10 बड़े फैसले… —————— ये खबर भी पढ़ें… बंगाल में BJP के पहले बजट में 1 लाख नौकरियां:33% महिला आरक्षण, बेरोजगारों को ₹3000 मासिक भत्ता; मदरसों का फंड आधा, कई बड़ी घोषणाएं पश्चिम बंगाल की BJP सरकार ने अपना पहला बजट पेश किया। वित्त मंत्री स्वप्न दासगुप्ता ने 1 लाख सरकारी पदों पर भर्ती का ऐलान किया। इनमें 20 हजार पुलिस और 50 हजार शिक्षक और गैर-शिक्षकीय पद शामिल हैं। पूरी खबर पढ़ें…

जयपुर में स्टार्टअप्स और नवाचारों को मिलेगी नई उड़ान:75 लाख तक की सहायता के लिए 'FIST' अनुदान कार्यक्रम शुरू

राजस्थान में नवाचार, उद्यमिता एवं स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को सशक्त बनाने के उद्देश्य से भामाशाह टेक्नो हब, जयपुर में आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला “अनलॉकिंग राजस्थान्स स्टार्टअप पोटेंशियल : बिट्स बायोसाइटीआईएच नेक्सस – नवाचार एवं उद्यमिता के अवसर” अत्यंत सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। कार्यशाला का आयोजन बिट्स बायोसाइटीआईएच फाउंडेशन, इंटरनेशनल सोसायटी फॉर लाइफ साइंसेज (आईएसएलएस), लेट्स स्टार्ट तथा आईस्टार्ट द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। ईसीएच इन्क्यूबेशन सेंटर, राजस्थान विश्वविद्यालय, जयपुर इस आयोजन का स्टार्टअप कैटेलिस्ट रहा। उद्घाटन सत्र में प्रो. सुधीर कुमार बराई, निदेशक, बिट्स पिलानी, प्रदीप ओझा, निदेशक, एमएसएमई, प्रो. अशोक कुमार, अध्यक्ष, आईएसएलएस तथा डॉ. अनिल वाली ने नवाचार आधारित उद्यमिता को राजस्थान के विकास का प्रमुख आधार बताया। इस अवसर पर नवाचार को प्रोत्साहित करने हेतु फैकल्टी इनोवेशन एवं स्टार्टअप ट्रांसलेशन (एफआईएसटी) अनुदान कार्यक्रम का भी शुभारम्भ किया गया, जिसके अंतर्गत नवाचार आधारित परियोजनाओं को ₹75 लाख तक की सहायता उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में एआईसीटीई के नवाचार प्रकोष्ठ से आये डॉ. दीपन साहू, “प्रयोगशाला से बाजार तक” विषय पर विशेष व्याख्यान दिया तथा शोध आधारित नवाचारों के व्यावसायीकरण की प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला।
दोनों दिनों में नीति, वित्तपोषण, निवेश, शैक्षणिक सहयोग तथा स्थानीय स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र पर विशेषज्ञ पैनल चर्चाएँ आयोजित की गईं। इनमें श्री महावीर प्रताप शर्मा (स्विशिन वेंचर्स), डॉ. शीनू झंवर (टाई राजस्थान), अनिला चोरड़िया (एमएसएमई), डॉ. अनिल वाली, प्रो. अशोक कुमार, विकास रुस्तगी, प्रो. सुमिता कच्छवाहा, डॉ. सुनील छींपा सहित अनेक विशेषज्ञों ने भाग लिया। चर्चाओं का संचालन डॉ. अक्षय जैन तथा डॉ. जे. एम. एस. मूर्ति ने किया। कार्यक्रम के प्रथम दिवस आयोजित आइडियाथॉन एवं स्टार्टअप पिचिंग प्रतियोगिता में राज्यभर से चयनित नवाचारकर्ताओं एवं स्टार्टअप संस्थापकों ने अपने अभिनव विचार एवं व्यावसायिक मॉडल प्रस्तुत किए। निवेशकों एवं विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को व्यवहारिक मार्गदर्शन प्रदान किया तथा संभावित निवेश एवं इन्क्यूबेशन अवसरों पर विस्तृत चर्चा की। डॉ. जे. एम. एस. मूर्ति ने बिट्स बायोसाइटीह फाउंडेशन की अत्याधुनिक अनुसंधान एवं नवाचार सुविधाओं—ओमिक्स लैब, डिवाइस लैब, फैब्रिकेशन लैब, बायोसेंसर लैब तथा इन्क्यूबेशन सुविधाओं—का विस्तृत परिचय कराया और प्रतिभागियों को उपलब्ध सहयोग योजनाओं की जानकारी दी। समापन समारोह में श्री कुलदीप रांका, आईएएस, अतिरिक्त मुख्य सचिव, उच्च शिक्षा विभाग, राजस्थान सरकार मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने नवाचार आधारित उद्यमिता को राज्य के आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए युवाओं से रोजगार खोजने के बजाय रोजगार सृजित करने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रो. सुमिता कच्छवाहा तथा प्रो. अशोक कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
समारोह में विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नवाचारकर्ताओं एवं स्टार्टअप्स को पुरस्कार, प्रमाण-पत्र एवं विशेष सम्मान प्रदान किए गए। चयनित स्टार्टअप्स को निवेशकों से संवाद, इन्क्यूबेशन सहयोग तथा आगे की मेंटरशिप के अवसर भी उपलब्ध कराए गए। आयोजकों ने बताया कि कार्यशाला ने अपने सभी उद्देश्यों को सफलतापूर्वक प्राप्त करते हुए राजस्थान में नवाचार, अनुसंधान आधारित उद्यमिता तथा स्टार्टअप संस्कृति को नई गति प्रदान की है। कार्यक्रम में शिक्षाविदों, उद्योग विशेषज्ञों, निवेशकों, नीति-निर्माताओं, शोधकर्ताओं, युवा नवाचारकर्ताओं तथा स्टार्टअप संस्थापकों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम की सफलता पर आयोजकों प्रो. हेमंत पारीक, डॉ. जे. एम. एस. मूर्ति तथा डॉ. सुनील छींपा ने सभी मुख्य अतिथियों, वक्ताओं, निवेशकों, पैनल विशेषज्ञों, प्रतिभागियों, स्वयंसेवकों, सहयोगी संस्थानों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग से यह कार्यशाला राजस्थान के नवाचार एवं स्टार्टअप परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध हुई।

जयपुर में कुरैशियान के ताजिये में लगी आग:आतिशबाजी के दौरान हुआ हादसा; बड़ी चौपड़ पर मची अफरा-तफरी; कोई जनहानि नहीं

जयपुर के बड़ी चौपड़ क्षेत्र में मुहर्रम के जुलूस के दौरान एक बड़ा हादसा होने से टल गया। यहां प्रसिद्ध ‘कुरैशियान के ताज़िये’ को घुमाते समय उसके गुम्बद में अचानक आग लग गई। घटना शुक्रवार शाम करीब 8:30 से 9:00 बजे के बीच की है। ताजिये में आग भड़कते ही मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। आतिशबाजी की रोशनी से हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, जुलूस के दौरान जब ताज़िये को घुमाया जा रहा था, उसी समय आतिशबाजी की रोशनी (पटाखे/स्पार्कलर) जलाई जा रही थी। इसी आतिशबाजी की चिंगारी से ताज़िये के ऊपरी हिस्से (गुम्बद) ने आग पकड़ ली। प्रशासन की मुस्तैदी आई काम गनीमत यह रही कि सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्था के तहत बड़ी चौपड़ पर दमकल (फायर ब्रिगेड) और प्रशासनिक टीमें पहले से ही तैनात थीं। आग लगते ही दमकल कर्मियों ने बिना वक्त गंवाए तुरंत मोर्चा संभाला और मुस्तैदी दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया। समय रहते की गई इस त्वरित कार्रवाई के कारण आग फैल नहीं सकी और एक बहुत बड़ा हादसा टल गया। कोई जनहानि नहीं, स्थिति सामान्य राहत की बात यह है कि इस पूरी घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और कोई हताहत नहीं हुआ। प्रशासन की सतर्कता के चलते स्थिति को तुरंत संभाल लिया गया।

कर्बला के शहीदों को किया याद, मनाया मुहर्रम:ताजियों पर पेश किए अकीदत के फूल, राहगीरों को पिलाई छबील

पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के नवासे हजरत इमाम हसन-हुसैन सहित कर्बला के शहीदों की याद में शुक्रवार को शहर में मुहर्रम का पर्व अकीदत (श्रद्धा) के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर के कई स्थानों पर आस्था के प्रतीक ताजिये खड़े किए गए, जिन पर अकीदतमंदों ने खिराजे-अकीदत (श्रद्धांजलि) पेश की। इन ताजियों के आसपास आज दिनभर मेले जैसा माहौल बना रहा। ताजियों पर अकीदत के फूल पेश करने के लिए मुस्लिम समाज के लोग उमड़ पड़े। यहाँ शीरीनी चढ़ाई गई और छबील लगाकर शरबत पिलाया गया, साथ ही हलीम बनाकर बांटा गया। मुहर्रम एकता कमेटी के अध्यक्ष उस्ताद हाजी हमीम बक्ष ने बताया- मोती चौक, लखारा बाजार, उम्मेद चौक, गोलनाडी, गुलजारपुरा, खांडा फलसा, नियारियों का मोहल्ला, इस्हाकिया स्कूल, शाहों का बास, मसूरिया, खेतानाडी और सूरसागर कबीर नगर आदि क्षेत्रों में करीब 27 ताजिए खड़े किए गए हैं। मुस्लिम बहुल इलाकों में शहीद-ए-आजम हजरत इमाम हुसैन की याद में मस्जिदों में तकरीरों के आयोजन के साथ दलीम, शरबत, खीर, दलिया, चावल व अन्य सामग्री बनाकर लोगों में तकसीम (वितरित) की गई। देर रात ताजियों को मुकाम से हटाकर इमामबाड़े पहुँचाया गया।” करतब भी दिखाए हाजी हमीम बक्ष ने बताया- छोटे बच्चों को नजर नहीं लगे, इसके लिए ताजियों के नीचे से निकालकर उनकी बीमारियों को दूर करने, लम्बी उम्र व खुशहाली की दुआ मांगी गई। इस मौके पर कौमी एकता, भाईचारा और सद्भाव भी नजर आया। मुसलमानों के साथ ही गैर मुस्लिमों ने भी अच्छी सेहत और दीर्घायु के लिए अपने बच्चों को ताजिये के नीचे से निकालने की परंपरा कायम रखी। ताजिये के पास लाइसेंसधारी अखाड़े के उस्तादों की सरपरस्ती में करतब दिखाए गए। युवाओं की ओर से कर्बला के शहीदों के नारे लगा कर माहौल में जोश भरने के साथ गमगीन बनाया गया। मुस्लिम मोहल्लों में ताजियों पर आज अकीदत के फूल पेश करने वालों का तांता लगा रहा। इन इलाकों में छबील की व्यवस्था की गई। इसके साथ ही हलीम बनाया गया जो सात अन्न से तैयार किया जाता है। बता दे कि शहीदें कर्बला के तमाम शहीदों की याद मे चांद की 9 व 10 तारीख को रोजा रख कर उन्हें याद किया जाता है। जगह-जगह लंगर ए हुसैनी में हलीम, दलिया चावल, खीर, शर्बत तकसीम किया जाता है। जोधपुर में ताजियों का जुलूस नहीं निकलता। यहां ताजिये एक ही स्थान पर खड़े रहते है और फिर उन्हें कर्बला में दफना दिया जाता है। प्रशासन का जताया आभार प्रवक्ता माजिद खान ने बताया कि मोहर्रम के आखरी दिन यौमे आशूरा पर लायकान, गोलनाड़ी, महावतों की मस्जिद सहित कई जगहों पर कमेटी का माला-साफा, स्मृति चिन्ह देकर आमजन ने सम्मान किया गया। आशूरा के दिन मुस्लिम समाज के लोग रोजे, कुरआन, नमाज पढ़ने के साथ पूरे दिन इबादत में मशगूल रहे। मुहर्रम पर्व को लेकर शहर में पुलिस व्यवस्था भी चाक चौबंद नजर आई। शांतिपूर्वक ढंग से पर्व को सम्पन्न कराने पर मोहर्रम एकता कमेटी ने पुलिस प्रशासन का आभार प्रकट किया।

युवक की मौत के बाद शव छोड़कर भागे पत्नी-साडू:पुलिस बोली- फंदे पर लटकता देख घबरा गए थे, दोनों को थाने बुलाया

जोधपुर में एक युवक की मौत के बाद उसकी पत्नी और साडू दोनों उसका शव कमरे में ही छोड़कर भाग गए। घटना शहर के बासनी थाना क्षेत्र में गुरुवार रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। पुलिस को आशंका है कि युवक ने सुसाइड (आत्महत्या) किया था। लेकिन, जब उसकी मौत हो गई तो उसके परिजन शव छोड़कर भाग खड़े हुए। फंदे से उतारा शव और फिर भागे बासनी थानाधिकारी नितिन दवे ने बताया कि मोनू (25) यूपी का रहने वाला था। पुलिस को घर में शव होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर युवक के गले में फंदा लगा हुआ मिला। पुलिस ने आस-पास के लोगों से पूछताछ की और मृतक की पत्नी व साडू के मोबाइल नंबर खंगाले। जब पुलिस ने दोनों से फोन पर बात की, तो उन्होंने बताया कि फंदे पर शव लटकता देख वे बुरी तरह घबरा गए थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों ने पहले शव को फंदे से नीचे उतारा और जब उन्हें पता चला कि मोनू की मौत हो चुकी है, तो वे शव को वहीं छोड़कर भाग गए। साडू भी करता था मजदूरी, पुलिस ने दोनों को बुलाया थानाधिकारी ने बताया कि मृतक और उसका साडू दोनों इंडस्ट्रियल एरिया में मजदूरी करते थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को एम्स (AIIMS) की मॉर्च्युरी में रखवाया। मृतक की पत्नी और साडू दोनों को शनिवार को थाने बुलाया गया है। उनसे पूछताछ और मामले की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आयरलैंड ने भारत को हराया, टोंक में मना जश्न:जय मूंदड़ा ने संजू सैमसन का विकेट लिया तो बहन खुशी से झूमीं

राजस्थान के टोंक निवासी जय मूंदड़ा ने शुक्रवार को टी20 में भारत के खिलाफ आयरलैंड की ओर से ऐतिहासिक इंटरनेशनल डेब्यू किया। जय ने अपने पहले ही ओवर की पहली गेंद पर भारतीय बल्लेबाज संजू सैमसन को आउट कर दिया। इसके बाद उन्होंने शिवम दुबे का विकेट भी अपने नाम किया। आक्रामक बल्लेबाजी और शानदार बॉलिंग की बदौलत आयरलैंड ने मौजूदा टी-20 वर्ल्ड चैंपियन भारत को हरा दिया। भारत की हार के साथ- साथ जय मूंदड़ा के शानदार प्रदर्शन से टोंक में उनके घर पर खुशी का माहौल रहा। उनकी मां विद्या मूंदड़ा, बहन मानसी मूंदड़ा समेत अन्य रिश्तेदारों ने टीवी पर मैच देखा। जय के हर अच्छे प्रदर्शन पर तालियां बजाई तो भारतीय टीम द्वारा लगाए चौकों-छक्कों पर भी परिवार खुशी जताता रहा। हालांकि जब जय ने विकेट लिए तो टीवी देख रहे परिजन खुशी से झूम उठे। जय की मां विद्या मूंदड़ा ने कहा- बेटे ने अपने पहले मैच की पहली गेंद पर विकेट लेकर टोंक और पूरे राजस्थान का नाम रोशन कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह उनके परिवार के लिए बेहद भावुक और गर्व का क्षण है, जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। आयरलैंड की तरफ से पारी का दूसरा ओवर फेंका
बता दें कि जय ने आयरलैंड की ओर से पारी का दूसरा ओवर फेंका। अपने पहले ओवर की पहली ही गेंद पर संजू सैमसन का विकेट लेकर उन्होंने यादगार शुरुआत की। इस ओवर में उन्होंने सात रन दिए। इसके बाद कप्तान ने उन पर भरोसा जताते हुए पांचवां ओवर भी सौंपा, जिसमें उन्होंने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए केवल चार रन खर्च किए। मैच के 16वें ओवर में जय ने एक बार फिर कमाल दिखाया। ओवर की आखिरी गेंद पर उन्होंने विस्फोटक बल्लेबाज शिवम दुबे का विकेट लिया। खास बात यह रही कि दुबे का कैच जय ने अपनी ही गेंद पर लपककर शानदार प्रदर्शन किया। इस ओवर में उन्होंने छह रन दिए। 18वें ओवर में भी जय ने प्रभावशाली गेंदबाजी की। हालांकि ओवर की आखिरी गेंद पर हर्षित राणा का कैच छूट गया, जिससे उनके तीसरे विकेट का मौका हाथ से निकल गया। इस ओवर में उन्होंने आठ रन दिए, जिसमें एक छक्का शामिल था। बाद में हर्षित राणा अगले ओवर की पहली गेंद पर आउट हो गए। 2025 मिली आयरलैंड की नागरिकता
28 साल के जय 2021 में एम.टेक की पढ़ाई करने स्टूडेंट वीजा पर आयरलैंड गए थे। इसी दौरान वहां नौकरी की और साल 2025 में उन्हें आयरलैंड की नागरिकता मिल गई। आक्रामक बॉलिंग और शानदार बैटिंग के लिए उनका आयरलैंड की क्रिकेट टीम में सिलेक्शन हुआ है। टोंक शहर में रहने वाले उनका परिवार इस अचीवमेंट पर बहुत खुश है। आयरलैंड में शुरुआत में वे डबलिन के फेमस क्रिकेट क्लब लेनस्टर से खेलते थे। फिर साल 2023 में आयरिश सीनियर कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहा। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जय मूंदड़ा टोंक में पढ़ाई के दौरान टोंक और राजस्थान अंडर-14 टीम का हिस्सा रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने राजस्थान में कई राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं में भी भाग लिया है। उनका पूरा टोंक शहर में ही रहता है और मोटर पार्ट्स की दुकान संभालते हैं। ये खबर भी पढ़िए…
राजस्थान का क्रिकेटर आयरलैंड टीम में, इंडिया के खिलाफ उतरेंगे:मां बोलीं- बेटे ने सपना सच किया; भाई स्वीडन की क्रिकेट टीम का प्लेयर राजस्थान के जय मूंदड़ा का चयन आयरलैंड की क्रिकेट टीम में हुआ है। टोंक के रहने वाले जय 26 जून से होने वाली T20 सीरीज में भारत के खिलाफ खेलेंगे। पूरी खबर पढ़िए

जोधपुर के पावटा जिला अस्पताल से 4 प्रसूताएं डिस्चार्ज:कल से शुरू होगा ऑपरेशन ​थियेटर; 2 प्रसूताओं को कल करेंगे डिस्चार्ज

जोधपुर में सिजेरियन डिलीवरी के बाद बिगड़ी आठ प्रसूताओं की तबीयत में अब पहले से सुधार है। शुक्रवार को पावटा के डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल से चार प्रसूताओं को डिस्चार्ज कर दिया गया है। इधर, पावटा डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में सात दिन बाद कल, 27 जून से दोबारा ऑपरेशन थिएटर शुरू होने जा रहा है। पीएमओ डॉ. कुलबीर चोपड़ा ने बताया कि सभी प्रसूताओं की हालत में सुधार है। बाकी दो प्रसूताओं को शनिवार को हॉस्पिटल से छुट्टी दे दी जाएगी। गौरतलब है कि इससे पूर्व गुरुवार को यहाँ एक नॉर्मल डिलीवरी कराई गई थी। चार प्रसूताओं को दी छुट्टी, दो शनिवार को होंगी डिस्चार्ज पीएमओ डॉ. कुलबीर चोपड़ा ने बताया कि शुक्रवार को तसलीम शाह (23), नंदू कंवर (27), पायल (28) और प्रियंका (31) को हॉस्पिटल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। जबकि गट्टू (23) और संतोष (31) को शनिवार को डिस्चार्ज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दोनों एक दिन और ट्रीटमेंट लेना चाहती थीं, इसलिए वे अभी हॉस्पिटल में रुकी हुई हैं। पीएमओ डॉ. चोपड़ा ने बताया कि अब सभी प्रसूताओं की तबीयत में काफी सुधार है और उनकी सभी रिपोर्ट भी नेगेटिव आई हैं। ओटी में नहीं मिला था किसी तरह का इंफेक्शन इससे पूर्व बुधवार को पावटा के ओटी की कल्चर रिपोर्ट आ गयी थी। इस रिपोर्ट में ओटी में किसी तरह का संक्रमण नहीं मिला था। ऐसे में अब मेडिकल कॉलेज की टीम को प्रसूताओं को दी गयी मेडिसिन की रिपोर्ट का इंतजार है। इधर, ओटी की रिपोर्ट सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज ने भी इसे शुरू करने के लिए हरी झंडी दे दी थी। इसके बाद हॉस्पिटल ने इसे कल से शुरू करने का निर्णय लिया है। यह खबर भी पढ़िए… एम्स में भर्ती प्रसूता को वेंटिलेटर से हटाया:दो दिन में शुरू होगी ओटी; सिजेरियन डिलीवरी के बाद बिगड़ी थी 8 प्रसूताओं की तबीयत पावटा अस्पताल की ओटी में नहीं मिला इंफेक्शन:प्रसूता का पति बोले- अब मूवमेंट करने लगी पत्नी; अगले हफ्ते से शुरू हो सकते हैं ऑपरेशन पावटा हॉस्पिटल की ओटी में नहीं मिला इंफेक्शन:एडमिट 6 महिलाओं में हल्का इंफेक्शन; इनकी रिपोर्ट भी नेगेटिव; एम्स टीम ने लिए बयान जोधपुर में सिजेरियन के बाद 8 महिलाओं की तबीयत बिगड़ी:2 ICU में; चिकित्सा मंत्री बोले- 50% महिलाएं सीजेरियन चाहती हैं, वे दर्द नहीं चाहती प्रसूताओं को लगाए गए ड्रिप सहित 25 दवा-इंजेक्शन पर रोक:7 दिन पहले हुई थी पहले बैच की सप्लाई, पहली बार 8 महिलाओं को लगा था गहलोत बोले-वसुंधरा सरकार में अच्छे मंत्री थे खींवसर:इस बार पता नहीं कौनसा ग्रहण लग गया, बयान उल्टे पड़ रहे है प्रसूता का पति बोला- डिलीवरी से पहले सही थी पत्नी:अब कुछ हो गया तो कौन लेगा जिम्मेदारी; फेफड़ों में पानी भरा, लीवर-किडनी पर असर

सीकर‌ की धोद और पलसाना नगरपालिका में स्टाफ लगाया:ईओ‌ समेत 9-9 कर्मचारी लगाए, स्वायत्त शासन विभाग ने जारी किए आदेश

सीकर जिले के पलसाना और धोद में नवसृजित नगर पालिकाओं में स्टाफ की नियुक्ति कर दी गई है। शुक्रवार को राज्य सरकार के स्वायत्त शासन विभाग ने इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। पलसाना और धोद नगर पालिकाओं में नौ-नौ कार्मिकों के स्टाफ की मंजूरी दे दी गई है। राज्य सरकार ने बजट 2026-27 में पलसाना और धोद को नगर पालिका बनाने की घोषणा की थी। उसके बाद से अभी तक कार्य व्यवस्था के तहत अस्थाई रूप से कर्मचारियों को लगाया गया था। पलसाना और धोद नगर पालिकाओं में स्थायी कर्मचारियों की मंजूरी मिलने के बाद अब विकास कार्यों में तेजी आएगी। नेशनल हाईवे-52 पर बसे पलसाना कस्बे में रीको (RIICO) एरिया भी है। अब नगर पालिका बनने के बाद पलसाना कस्बे की रेवेन्यू इनकम (राजस्व आय) भी बढ़ेगी। वहीं, धोद कस्बा भी उपखंड और विधानसभा मुख्यालय है। धोद में नगर पालिका कार्मिकों की नियुक्ति के बाद आमजन को भूखंड के पट्टों के लिए बड़ी राहत मिलेगी। दोनों जगह चतुर्थ श्रेणी (फोर्थ कैटेगरी) नगर पालिका के तहत कार्मिक नियुक्त किए गए हैं। नगरपालिका में ये कार्मिक नियुक्त होंगे