युवक की मौत के बाद शव छोड़कर भागे पत्नी-साडू:पुलिस बोली- फंदे पर लटकता देख घबरा गए थे, दोनों को थाने बुलाया
जोधपुर में एक युवक की मौत के बाद उसकी पत्नी और साडू दोनों उसका शव कमरे में ही छोड़कर भाग गए। घटना शहर के बासनी थाना क्षेत्र में गुरुवार रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। पुलिस को आशंका है कि युवक ने सुसाइड (आत्महत्या) किया था। लेकिन, जब उसकी मौत हो गई तो उसके परिजन शव छोड़कर भाग खड़े हुए। फंदे से उतारा शव और फिर भागे बासनी थानाधिकारी नितिन दवे ने बताया कि मोनू (25) यूपी का रहने वाला था। पुलिस को घर में शव होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर युवक के गले में फंदा लगा हुआ मिला। पुलिस ने आस-पास के लोगों से पूछताछ की और मृतक की पत्नी व साडू के मोबाइल नंबर खंगाले। जब पुलिस ने दोनों से फोन पर बात की, तो उन्होंने बताया कि फंदे पर शव लटकता देख वे बुरी तरह घबरा गए थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों ने पहले शव को फंदे से नीचे उतारा और जब उन्हें पता चला कि मोनू की मौत हो चुकी है, तो वे शव को वहीं छोड़कर भाग गए। साडू भी करता था मजदूरी, पुलिस ने दोनों को बुलाया थानाधिकारी ने बताया कि मृतक और उसका साडू दोनों इंडस्ट्रियल एरिया में मजदूरी करते थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को एम्स (AIIMS) की मॉर्च्युरी में रखवाया। मृतक की पत्नी और साडू दोनों को शनिवार को थाने बुलाया गया है। उनसे पूछताछ और मामले की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

