ब्रेकिंग न्यूज़
जोधपुर में आज 15 से ज्यादा इलाकों में बिजली गुल:मेंटेनेंस के चलते रहेगा पावर कट, जानिए कब-कब होगी कटौती

जोधपुर में बिजली लाइनों के रखरखाव के चलते आज 15 से अधिक कॉलोनियों में बिजली बंद रहेगी। कई इलाकों में तीन से पांच घंटे तक बिजली कटौती (पावरकट) रहेगी, जिसके बाद बिजली आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी। सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक यहां रहेगी बिजली बंद: देवलिया फीडर, गुटखा फैक्ट्री के पास, चुन्नीलाल जी की प्याऊ, देवलिया गांव, बावरला गांव, सारण नगर (बावरला), प्रताप नगर (बावरला), शगुन रिसॉर्ट, राज इंजीनियरिंग कॉलेज, एसएलबीएस कॉलेज और 16 मील के आसपास का क्षेत्र। सुबह 7:00 बजे से 10:00 बजे तक यहां रहेगा पावरकट: खोखरिया, गुजरावास, बोरावास तथा 11 केवी खोखरिया फीडर से जुड़े सभी गांव।

हर रोटेरियन लगाएगा 10 पौधे, क्लब अध्यक्ष 1000:डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बोले- 15 करोड़ की सेवा परियोजनाएं,2027 तक 1 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य

रोटरी इंटरनेशनल के नए रोटरी वर्ष 2026-27 की शुरुआत 1 जुलाई से होगी। इस अवसर पर रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3056 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अरुण बगड़िया ने पूरे वर्ष का विजन साझा किया। उन्होंने कहा- “सेवा ही सर्वोपरि” केवल रोटरी का आदर्श नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम है। अरुण बगड़िया ने बताया- रोटरी इंटरनेशनल पिछले 120 साल से मानव सेवा के क्षेत्र में कार्य कर रही है और अब डिस्ट्रिक्ट 3056 भी सेवा के नए अध्याय की शुरुआत करेगा। उन्होंने कहा कि पूरे साल रोटरी के आदर्श “Service Above Self” को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। 15 करोड़ रुपए की सेवा परियोजनाओं का लक्ष्य उन्होंने बताया कि रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3056 ने वर्ष 2026–27 में करीब 15 करोड़ रुपए की सेवा परियोजनाओं का लक्ष्य निर्धारित किया है। इनमें स्वच्छ पेयजल, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य सेवाएं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, नेत्र चिकित्सा, बालिका शिक्षा, डिजिटल शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास, ग्रामीण विकास, रक्तदान, अंगदान जागरूकता और आपदा राहत जैसी योजनाएं शामिल हैं। डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ने कहा कि द रोटरी फाउंडेशन को और अधिक सशक्त बनाना इस वर्ष की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। साथ ही सदस्यता बढ़ाने, नए रोटरी क्लब स्थापित करने तथा युवाओं को जोड़ने के लिए रोटरैक्ट और इंटरैक्ट क्लबों का विस्तार भी किया जाएगा। उन्होंने रोटरी कम्युनिटी कॉर्प्स (RCC) को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया, ताकि आम नागरिक भी सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभा सकें। हर रोटेरियन लगाएगा 10 पौधे, क्लब अध्यक्ष 1000 पर्यावरण संरक्षण को लेकर अरुण बगड़िया ने विशेष अभियान की घोषणा करते हुए कहा कि 1 जुलाई को प्रत्येक रोटेरियन कम से कम 10 पौधे लगाए और उनकी देखभाल का संकल्प ले। वहीं प्रत्येक क्लब अध्यक्ष 1000 पौधे लगाने और उनका संरक्षण सुनिश्चित करने का प्रयास करें। लक्ष्य है कि 30 जून 2027 तक एक लाख से अधिक स्वस्थ एवं विकसित वृक्ष समाज को समर्पित किए जाएं। उन्होंने सभी क्लबों से अपील की कि उनके स्वागत में फूल-मालाओं, साफों और शॉल पर खर्च करने के बजाय उसी राशि का योगदान द रोटरी फाउंडेशन में करें। उनके अनुसार यही उनके लिए सबसे बड़ा सम्मान होगा और इससे सेवा कार्यों को नई गति मिलेगी। अरुण बगड़िया ने सभी रोटेरियन्स, रोटरैक्टर्स, इंटरैक्टर्स, आरसीसी सदस्यों, दानदाताओं और डिस्ट्रिक्ट टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से वर्ष 2026–27 को सेवा, सहयोग, नवाचार और सामाजिक परिवर्तन का स्वर्णिम अध्याय बनाया जाएगा।

10% आरक्षण की मांग को लेकर आज डीएनटी-समाज का महापड़ाव:विद्याधर नगर में जुटेंगे 1 लाख लोग;शहीद स्मारक और सीएम आवास कूच की दी चेतावनी

जयपुर में घुमंतू और अर्ध-घुमंतू (डीएनटी) समाज ने की ओर से महापड़ाव किया जाएगा। आयोजकों का दावा है कि इसमें राजस्थान सहित देशभर से करीब एक लाख लोग शामिल होंगे। समाज की ओर से बुधवार को जयपुर के विद्याधर नगर स्टेडियम में आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। 10 फीसदी आरक्षण की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ समाज जुटेगा। पिंकसिटी प्रेस क्लब में मंगलवार को आयोजित प्रेसवार्ता में डीएनटी समाज के प्रदेशाध्यक्ष रतन नाथ कालबेलिया और पशुपालन संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालजी राइका ने जानकारी दी। रतन नाथ कालबेलिया ने कहा- घुमंतू और अर्ध-घुमंतू समुदाय राजस्थान की करीब 15 प्रतिशत आबादी का प्रतिनिधित्व करता है, लेकिन आज भी समाज के लोग स्थायी आवास, पहचान और मूलभूत अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। रतन नाथ कालबेलिया ने कहा- सरकार को बुधवार शाम 4 बजे तक का अल्टीमेटम दिया गया है। यदि तय समय तक मांगें नहीं मानी तो महापड़ाव से शहीद स्मारक तक कूच किया जाएगा। सभा के बाद मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए मार्च निकाला जाएगा। दो साल से कर रहे आंदोलन रतन नाथ कालबेलिया ने कहा- डीएनटी समाज दो साल से मांगों को लेकर आंदोलन कर रहा है। पाली में 32 घंटे तक दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे जाम किया गया था और 11 मई से जैसलमेर से ‘जेल भरो आंदोलन’ भी शुरू किया गया। इसके बावजूद सरकार ने हमारी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया। अब मुख्यमंत्री स्तर पर ही होगी बातचीत राष्ट्रीय अध्यक्ष लालजी राइका ने कहा- पिछले दो साल में सरकार के साथ कई दौर की वार्ता हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव के साथ हुई बैठक से स्पष्ट हो गया कि सरकार ने अब तक उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया। उन्होंने कहा कि अब डीएनटी समाज मुख्यमंत्री स्तर के अलावा किसी अन्य अधिकारी से बातचीत नहीं करेगा। समाज की प्रमुख मांग है कि डीएनटी वर्ग की अनुसूचित जाति (एससी) में आने वाली जातियों को 3 प्रतिशत और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) में शामिल जातियों को 7 प्रतिशत आरक्षण दिया जाए, ताकि कुल 10 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।

पूर्व MLA बलजीत-यादव को राहत नहीं,5 महीने से जेल में:हाईकोर्ट ने खारिज की जमानत याचिका; विधायक निधि के दुरुपयोग और गबन का आरोप

बहरोड़ के पूर्व विधायक बलजीत यादव को हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। जस्टिस रवि चिरानिया की अदालत ने आज पूर्व विधायक की जमानत याचिका पर फैसला सुनाते हुए उसे खारिज कर दिया। हाईकोर्ट ने 25 जून को दोनों पक्षों की बहस सुनने के बाद अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। बलजीत यादव को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास कोष (MLA Fund) से 3 करोड़ रुपए से अधिक की राशि के दुरुपयोग और गबन के आरोप में 3 फरवरी को गिरफ्तार किया था। इससे पहले, ईडी मामलों की विशेष अदालत ने 25 अप्रैल को बलजीत यादव की जमानत याचिका खारिज कर दी थी, जिसके बाद पूर्व विधायक की ओर से हाईकोर्ट का रुख करते हुए जमानत याचिका दायर की गई थी।
ईडी ने कहा-गबन की राशि से संपत्तियां खरीदी बहस के दौरान ईडी ने कहा कि इस मामले में एसीबी ने 12 दिसंबर 2024 को बलजीत यादव के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया था। जिसके बाद ईडी ने उनके खिलाफ अभियोजन शिकायत दर्ज करके मामले की जांच शुरू की। जांच में पता चला कि जिन फर्मों को काम के ठेके दिए गए वो वर्क ऑर्डर मिलने के बाद बनाई गई अथवा उनके जीएसटी पंजीकरण फर्जी थे। इन फर्मों के जरिए धनराशि यादव के सहयोगियों और रिश्तेदारों तक पहुंचाई गई। ईडी ने कहा कि बलजीत यादव ने गबन के 2.78 करोड़ रुपए से संपत्तियों की खरीद और राजनीतिक खर्चा किया। यह था घोटाला 2021 में बलजीत यादव ने विधायक रहते हुए अलवर के 32 सरकारी स्कूलों में क्रिकेट बैट, बैडमिंटन किट और अन्य सामग्री खरीदी में भूमिका निभाई थी। आरोप है कि सामान ढाई-तीन गुना ज्यादा कीमत पर खरीदा। सामग्री घटिया क्वालिटी की थी। 3.72 करोड़ की हेराफेरी में यादव की भूमिका थी। इस केस में बालाजी कम्पलीट सोल्यूशन्स प्रा. लिमिटेड, सूर्या इंटरप्राइजेज, राजपूत स्पोर्ट्स इंटरप्राइजेज, शर्मा स्पोर्ट्स इंटरप्राइजेज के संचालक व शिक्षा विभाग के कुछ कर्मचारी भी आरोपी बनाए गए हैं।

20 साल पुराने पांचना-बांध जल विवाद पर बनी सहमति:जयपुर में किरोड़ी समेत 3 मंत्रियों ने दोनों पक्षों से की वार्ता, 6 जुलाई तक खुलेगा पानी

राजस्थान के 20 साल पुराने पांचना बांध जल विवाद को लेकर जयपुर में मंगलवार देर रात सहमति बन गई। बांध का पानी 6 जुलाई तक खोला जाएगा। दोनों पक्षों ने सहमति पत्र पर साइन किए। इससे पहले शिक्षा संकुल के माधव सभागार में मंगलवार रात 8 बजे बैठक हुई थी। जिसमें सरकार के तीन मंत्रियों और दोनों पक्षों के किसान प्रतिनिधियों के बीच हुई वार्ता में सहमति नहीं बन पाई थी। कमांड एरिया के किसान बीच में ही बैठक छोड़कर चले गए थे। इसके बाद मंत्री किरोड़ी लाल मीणा भी नाराज होकर बाहर निकल गए थे। रात में दोबारा हुई बैठक मीटिंग छोड़कर निकले किरोड़ीलाल मीणा रात 10 बजे फिर से माधव सभागार में पहुंचे। यहां किरोड़ी ने पांचना बांध विवाद को लेकर मंत्री सुरेश रावत और जवाहर सिंह के साथ बातचीत की। इसके बाद तीनों मंत्रियों ने दोनों पक्षों के किसान प्रतिनिधियों से वार्ता करके विवाद को सुलझाया। बैठक में पहले हुआ विवाद, देखें फोटो… विवाद के बाद जल संसाधन मंत्री ने कहा था- समस्या का समाधान होगा मंगलवार को बैठक में विवाद होने के बाद जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत ने कहा- यह मामला 20 साल पुराना है। इसके समाधान में थोड़ा समय लगेगा। एक दौर की वार्ता से इसका समाधान संभव नहीं है। आज बैठक में दोनों पक्षों ने अपनी बात रखी, लेकिन जल्द ही इस समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। मंत्री किरोड़ी लाल मीणा के नाराज होकर जाने के सवाल पर रावत ने कहा- ऐसा नहीं था, जब दो पक्षों में किसी मुद्दे पर बात होती है तो सभी अपना पक्ष रखते हैं, इसे विवाद कहना गलत है। इसे आपसी संवाद कहा जाए तो ज्यादा बेहतर रहेगा। रावत ने कहा- आज बैठक में काफी मुद्दों पर दोनों पक्ष सहमत थे। कुछ मुद्दे ऐसे थे, जिन पर फिलहाल सहमति नहीं बन पाई। इसके बाद एक पक्ष ने 7 दिन बाद फिर बैठक करने का प्रस्ताव रखा है। रावत ने कहा- किरोड़ी लाल मीणा सीनियर मंत्री हैं। वे जिस वर्ग से आते हैं, वे निश्चित तौर पर उस समाज की बात रखेंगे। रावत ने कहा- 7 दिन पहले या 7 दिन बाद को लेकर विवाद जैसी कोई बात नहीं है। पानी की टेस्टिंग को लेकर कुछ विवाद जरूर था। 8 से 10 बिंदुओं पर चर्चा की गई है। एक-दो बिंदु पर फिलहाल चर्चा सफल नहीं हो पाई है। दोनों पक्षों का उस पर मतभेद है। इसे हम जल्द ही सुलझा लेंगे। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा आज बैठक में चर्चा हुई है। सभी पक्ष समाधान की ओर आगे बढ़ रहे हैं। जल्द ही इस विवाद का समाधान कर दिया जाएगा। समझौते के ड्राफ्ट पर अटकी थी बातचीत सूत्रों के अनुसार- बैठक के दौरान समझौते के विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा हुई, लेकिन जब ड्राफ्ट को अंतिम रूप देने की बात आई तो दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी। इसके चलते बातचीत आगे नहीं बढ़ पाई। बैठक के दौरान कमांड एरिया के किसानों ने पहले मंत्री किरोड़ी लाल मीणा से अलग से बातचीत की। इसके बाद भी जब कोई ठोस सहमति नहीं बनी तो वे बैठक छोड़कर बाहर आ गए। किसानों ने जताई नाराजगी बैठक से बाहर निकलने के बाद कमांड एरिया के किसानों ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा- जब मुख्यमंत्री के स्तर पर हुई बात का भी पालन नहीं किया जा रहा है तो ऐसी बैठक में बैठे रहने का कोई औचित्य नहीं है। यदि पहले से हुए आश्वासनों को ही लागू नहीं किया जाएगा तो नई बातचीत का कोई मतलब नहीं रह जाता। बैठक से बाहर आए कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा की पहल को सरकार सफल नहीं होने देना चाहती। हालांकि सरकार की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। 74 गांव आमने-सामने करौली जिले के पांचना बांध के जल वितरण को लेकर करीब 20 साल से विवाद बना हुआ है। इस विवाद में कुल 74 गांव दो पक्षों में बंटे हुए हैं। एक ओर कमांड एरिया के 35 गांवों के किसान हैं, जो सिंचाई के लिए नहरों में पानी छोड़े जाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि खेती और फसलों के लिए समय पर पानी मिलना जरूरी है। वहीं दूसरी ओर बांध के डूब क्षेत्र के 39 गांवों के लोग इसका विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि नहरों में पानी छोड़ने से डूब क्षेत्र के गांवों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा और उनकी समस्याएं बढ़ेंगी। इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से टकराव की स्थिति बनी हुई है। यह खबर भी पढ़ें… पांचना-बांध विवाद पर हाईकोर्ट नाराज, कहा-पानी क्यों नहीं दे रहे:15 दिन का दिया समय; कलेक्टर को कोर्ट में हाजिर होने के लिए कहा पांचना डैम पर किरोड़ी की चेतावनी, सीएम को लिखी चिट्ठी:बोले-नहरों में तुरंत पानी छुड़वाएं, नहीं तो मुझे मजबूरन कुछ कदम उठाना पड़ेगा दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक लगातार तीसरे दिन किया जाम:पटरी पर महिलाओं का डांस, 200 ट्रैक्टर-JCB के साथ पहुंचे किसान दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर आए किसान:डेढ़ घंटे तक फाटक को बंद नहीं होने दिया, पुलिस-प्रशासनिक अफसर पहुंचे

महिला पटवारी ने किया सुसाइड:किराए के कमरे में फंदे से लटकी मिली; एक साल पहले हुई थी शादी

करौली जिले के टोडाभीम में महिला पटवारी ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। पटवारी किराए के कमरे में रहती थी। घटना टोडाभीम थाना इलाके के जोशी पाड़ा मोहल्ले की मंगलवार शाम करीब 4 बजे की है। थाना अधिकारी सुन्नीलाल मीणा ने बताया- मंगलवार शाम 5 बजे सूचना मिली कि जोशी पाड़ा मोहल्ले में महिला पटवारी ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। सूचना पर टीम मौके पर पहुंची। दरवाजा तोड़कर महिला को नीचे उतारा और टोडाभीम उप जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उगंती देवी (25) अलवर जिले के मालाखेड़ा के लीली गांव की रहने वाली थी। वह टोडाभीम की ग्राम पंचायत भनकपुरा में पटवारी के पद पर कार्यरत थीं। तहसीलदार दिनेश मीणा ने बताया- पटवारी उगंती देवी और टोडाभीम की माचडी ग्राम पंचायत की ग्राम विकास अधिकारी (VDO) एक ही मकान में किराए पर कमरे लेकर रहती थीं। शाम 4 बजे हेमलता के पास उगंती देवी के पति का फोन आया। पति ने कहा कि उगंती फोन नहीं उठा रही है। इस पर जब हेमलता चेक करने गईं तो उगंती के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। हेमलता ने खिड़की से झांककर देखा तो उगंती फंदे से लटकी हुई थीं। हेमलता ने चिल्लाकर आसपास के लोगों को इकट्‌ठा किया। एक साल पहले हुई थी शादी तहसीलदार दिनेश मीना ने बताया- उगंती देवी की शादी मई 2025 में हुई थी। उनके पति अलवर में सरकारी टीचर हैं। उगंती को फंदे से लटका देखकर हेमलता की भी तबीयत बिगड़ गई। उसे इलाज के लिए टोडाभीम उप जिला अस्पताल लेकर गए। थाना अधिकारी सुन्नीलाल मीणा ने बताया- महिला के पीहर पक्ष को सूचना दे दी गई है। शव को मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। परिजनों की रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। … यह खबर भी पढ़ें… खेत में बनी डिग्गी में डूबने से मां-बेटी की मौत:12 साल के बेटे को लोगों ने बचाया; जांच में जुटी पुलिस बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के जालबसर गांव में मंगलवार को खेत में बनी डिग्गी में डूबने से मां और उसकी मासूम बेटी की मौत हो गई। वहीं 12 वर्षीय बेटे को आसपास मौजूद लोगों ने बचा लिया। (पूरी खबर पढ़ें) DSP को मैसेज भेज व्यापारी ने किया सुसाइड:लिखा- मरने वाला झूठ नहीं बोलता, ASI ने मुझसे 18 हजार रिश्वत ली खैरथल-तिजारा जिले के व्यापारी ने डीएसपी (तिजारा सीओ) को वाट्सएप पर मैसेज भेजकर सुसाइड कर लिया। मैसेज में व्यापारी ने लिखा- ‘मरने वाला झूठ नहीं बोलता। एएसआई ने मुझसे 18 हजार रिश्वत ली। लेकिन केस में से सबूत और मेरी गवाही हटा दी गई।’ (पूरी खबर पढ़ें)

कॉकरोच जनता पार्टी का जंतर-मंतर पर 11वें दिन प्रदर्शन:भूख हड़ताल कर रहे वांगचुक की तबीयत बिगड़ी, पुलिस पर समर्थकों को रोकने के आरोप

नीट पेपर लीक के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का 11वें दिन भी जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी है। इसी बीच वहां तीन दिनों से भूख हड़ताल कर रहे लद्दाख के एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की मंगलवार को तबीयत बिगड़ गई। आंदोलन के आयोजकों ने बताया कि वांगचुक का ब्लड शुगर स्तर घटकर 66 पर पहुंच गया है, जो सामान्य से कम माना जाता है। वांगचुक 28 जून से भूख हड़ताल कर रहे हैं। वह शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। वहीं CJP फाउंडर अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। समर्थकों और पार्टी के सदस्यों को प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने से रोका जा रहा है। कुछ लोगों को पहचान पत्र नहीं होने के कारण प्रवेश नहीं दिया गया। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की 4 तस्वीरें… सोनम वांगचुक 170 दिन जोधपुर जेल में रहे लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने के लिए आंदोलन कर रहे सोनम वांगचुक 170 दिन से वे जोधपुर जेल में थे। सोनम के अनशन के दौरान 24 सितंबर 2025 को लेह हिंसा हुई थी। इन प्रदर्शनों में 4 लोगों की मौत हुई थी। 90 लोग घायल हुए थे। सरकार का आरोप है कि वांगचुक ने इस हिंसा को भड़काया। दो दिन बाद 26 सितंबर को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत वांगचुक को हिरासत में लिया था। इसके बाद उन्हें फौरन जोधपुर शिफ्ट कर दिया था। दीपके का दावा- राजस्थान पैरामेडिकल का पेपर जयपुर में लीक हुआ छात्र संगठनों का भी समर्थन प्रदर्शन में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के छह छात्र नेता भी शामिल हैं, जो अलग मंच से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे हैं। इनमें संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा, जेएनयू छात्रसंघ के संयुक्त सचिव दानिश समेत अन्य छात्र नेता शामिल हैं। CJP का यह आंदोलन 20 जून से जारी है और इसकी शुरुआत NEET समेत कई परीक्षाओं में अनियमितताओं के आरोपों और पेपर लीक के विरोध में की गई थी। पार्टी ने कहा कि आने वाले दिनों में शिक्षा के साथ-साथ अन्य जवाबदेही से जुड़े मुद्दे भी आंदोलन का हिस्सा बनाए जाएंगे। CJP का 8 शहरों में प्रदर्शन CJI की टिप्पणी के बाद बनी CJP, युवाओं को कॉकरोच कहा था कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की शुरुआत चीफ जस्टिस सूर्यकांत की एक टिप्पणी के बाद हुई। 15 मई को एक मामले की सुनवाई के दौरान उन्होंने कहा था कि कुछ बेरोजगार युवा कॉकरोच की तरह होते हैं, जो बाद में मीडिया, सोशल मीडिया या RTI एक्टिविस्ट बनकर सिस्टम पर हमला करते हैं। इस टिप्पणी के अगले दिन, 16 मई को अमेरिका में रह रहे अभिजीत दीपके ने CJP की शुरुआत की और सोशल मीडिया पर पार्टी के अकाउंट बनाए। 22 मई को उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर एक ऑनलाइन याचिका शुरू की, जिसे 8 लाख से अधिक लोगों का समर्थन मिलने का दावा किया गया। 10 जून तक CJP ते इंस्टाग्राम पर 2.27 करोड़ फॉलोअर्स थे। अब इसमें दो लाख की गिरावट आई है। फिर भी यह संख्या भाजपा के 94 लाख और कांग्रेस के 1.37 करोड़ फॉलोअर्स से ज्यादा है। एक्स पर CJP के 2.79 लाख फॉलोअर्स हैं। महाराष्ट्र के रहने वाले अभिजीत AAP से जुड़े थे 30 साल के अभिजीत महाराष्ट्र के संभाजी नगर के रहने वाले डिजिटल मीडिया स्ट्रैटजिस्ट हैं। अभिजीत ने पुणे से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। फिलहाल, अमेरिका की बॉस्टन यूनिवर्सिटी में पब्लिक रिलेशंस से मास्टर्स की पढ़ाई कर रहे हैं। ——————————– ये खबर भी पढ़ें… DMK ने भी दस्तखत किए; बोले- चुनाव आयोग की प्रकिया मनमानी और लोकतंत्र विरोधी चुनाव आयोग की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया और चुनाव से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर 23 विपक्षी दलों और एक निर्दलीय सांसद ने मंगलवार को चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) को लेटर लिखा। पूरी खबर पढ़ें…

ऑनलाइन गेमिंग के लिए पति के 13 लाख चुराए:सामान बिखेरकर घर में चोरी होने का ड्रामा रचा; शादी के पहले से ही थी लत

भीलवाड़ा में पत्नी ने ऑनलाइन गेमिंग की लत में घर में रखे पति के 13 लाख रुपए चुरा लिए। पुलिस ने CCTV फुटेज चेक किए तो उनमें नजर आया कि न कोई घर के बाहर गया था, न अंदर आया था। ऐसे में परिजनों से पूछताछ की तो पत्नी पर शक हुआ। सख्ती से पूछा तो उसने पूरी कहानी बता दी। पूछताछ में सामने आया कि क्षिप्रा जैन (30) शादी के पहले से ही ऑनलाइन गेमिंग की आदी है। वह जनवरी 2026 में ड्रैगन गेम में साढ़े चार लाख रुपए जीती थी। इसके बाद लालच में बड़ी रकम लगाने की सोची। ऐसे में जब वह हार गई तो रिकवरी करने के लालच में घर में रखे 13 लाख रुपए धीरे-धीरे गेमिंग में लगाती रही। ये रकम भी हार गई तो रुपए चोरी होने की साजिश रची। महिला का पति संदीप कुमार प्रॉपर्टी डीलर है। भीमगंज थाना SHO सुनील चौधरी ने बताया- पति संदीप कुमार की रिपोर्ट पर सोमवार को उनकी पत्नी क्षिप्रा जैन को गिरफ्तार किया। मंगलवार को कोर्ट में पेश कर 2 दिन की रिमांड पर लिया है। पूछताछ में और खुलासे होंगे। अब समझिए पूरा घटनाक्रम… 13 लाख चोरी होने की रिपोर्ट दी थी SHO सुनील चौधरी ने बताया- 23 जून को प्रॉपर्टी डीलर संदीप कुमार थाने आए और घर में रखे 13 लाख रुपए चोरी होने की रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में संदीप ने बताया था- मैं और पत्नी क्षिप्रा 22 जून को शाम 8 बजे बाजार गए थे। 9:30 बजे घर लौटे तो मेन गेट खुला था। अंदर सामान बिखरा हुआ था। अलमारी में रखे बैग को चेक किया तो उसमें से रुपए गायब थे। इसके बाद क्षिप्रा ने कहा कि पीछे से किसी ने बैग से रुपए निकाल लिए हैं। पत्नी ने ही सलाह दी कि मामले में FIR करवानी चाहिए। पति संदीप कुमार ने बताया कि बैग में 13 लाख रुपए थे, जो किसी का प्लॉट बेचने पर आए थे। उसे किसी दूसरी पार्टी को देना था। CCTV से शक गहराया पुलिस ने पड़ताल की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इस दौरान क्षिप्रा पर पुलिस का शक गहराया। संदीप और उनकी मां का मकान आमने-सामने है। फुटेज में साफ दिखा कि उस डेढ़ घंटे में से करीब 1 घंटे तक संदीप की मां बाहर ही बैठी रही और बाकी के आधे घंटे में भी मुख्य द्वार (जो अंदर आने का एकमात्र रास्ता था) से किसी भी बाहरी या संदिग्ध व्यक्ति ने घर में प्रवेश ही नहीं किया था। पुलिस को शक हुआ कि वारदात में घर का ही कोई सदस्य शामिल है। पुलिस ने इसके बाद परिजनों से पूछताछ की। खुद पति और उनकी मां से भी पूछताछ की। इनमें क्षिप्रा सबसे ज्यादा सस्पेक्टेड लगी। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो क्षिप्रा ने रोते हुए अपना जुर्म कबूल कर लिया। ड्रैगन गेम में हारी थी MBA पास पत्नी पूछताछ में क्षिप्रा ने बताया- ऑनलाइन गेम ड्रैगन में लाखों रुपए हारने के बाद वह परेशान थी। उसने पति संदीप के किसी को देने के लिए आए पेमेंट को चुराने का प्लान बनाया। पूछताछ में सामने आया कि उसने MBA किया है। प्राइवेट कंपनी में जॉब भी करती थी, जिसे कुछ महीने पहले ही छोड़ दिया था। शादी के पहले से लगा रही थी सट्टा

शिमला में कांग्रेस का लोकतंत्र बचाओ सत्याग्रह:संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर उठाए सवाल; रिज पर लोकतंत्र की रक्षा का लिया संकल्प

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राजीव गांधी पंचायती राज संगठन ने आज (मंगलवार को) शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष ‘लोकतंत्र बचाओ सत्याग्रह’ आयोजित किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता बनाए रखने का संकल्प लिया। सत्याग्रह का नेतृत्व करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुनील पंवार ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर संवैधानिक संस्थाओं को प्रभावित करने के आरोप लग रहे हैं, जिससे उनकी स्वतंत्रता और निष्पक्षता को लेकर चिंता पैदा हुई है। उन्होंने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आयोग की सबसे बड़ी जिम्मेदारी जनता के विश्वास को बनाए रखना है। पंवार ने मध्य प्रदेश में कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पत्र निरस्त होने के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर सवाल खड़े करती हैं। विपक्ष की आवाज दबाने को जांच एजेंसियों का प्रयोग हो रहा: पंवार पंवार ने आरोप लगाया कि जांच एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्ष की आवाज दबाने के लिए किया जा रहा है और लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वायत्तता कमजोर हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियान को राजीव गांधी पंचायती राज संगठन गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाएगा। डॉ. पंवार ने लोगों से महात्मा गांधी के सिद्धांतों और संवैधानिक मूल्यों के आधार पर लोकतंत्र और संस्थाओं की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। ये नेता भी मौजूद रहे इस दौरान राष्ट्रीय प्रभारी डॉ. संजय, प्रदेश संयोजक सचिन मिरूपा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन महामंत्री विनोद जिंटा, शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान, राज्य आपदा प्रबंधन बोर्ड के अध्यक्ष दीपक राठौर, युवा कांग्रेस अध्यक्ष छतर सिंह, शिमला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल, शिमला शहरी कांग्रेस अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

मुंबई में चलती स्कूल बस पर पेड़ गिरा:एक छात्र की मौत, 11 घायल; सभी स्टूडेंट स्कूल से घर लौट रहे थे

मुंबई के चेंबूर इलाके में मंगलवार दोपहर प्राइवेट स्कूल बस पर एक विशाल पेड़ गिर गया। बस में कुल 12 स्टूडेंट थे, जिनका रेस्क्यू किया गया। इनमें से 11 साल के छात्र विहान श्रीवास्तव की अस्पताल में मौत हो गई जबकि 11 घायल स्टूडेंट अस्पताल में भर्ती है। स्कूल की छुट्टी के बाद प्राइवेट बस रोज की तरह बच्चों को उनके घर छोड़ने जा रही थी। तभी रोड नंबर 11 पर सड़क किनारे लगे पेड़ की बड़ी डालियां बस की छत पर आ गिरीं, जिससे बस का अगला और बीच का हिस्सा बुरी तरह दब गया। पेड़ गिरते ही बस के अंदर मौजूद बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग बस के पास पहुंचे। स्थानीय लोगों, पुलिस और फायर ब्रिगेड ने घायल बच्चों को बस से बाहर निकाला। मशीनों और कटर की मदद से पेड़ को काटा जा रहा है। हादसे से जुड़ी 5 तस्वीरें… परिजन घटनास्थल पर पहुंचे हादसे की खबर मिलते ही बच्चों के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। अपने बच्चों की चिंता में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और सभी की निगाहें रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हुई हैं। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर ट्रैफिक को नियंत्रित करना शुरू कर दिया है। ——————————— ये खबर भी पढ़ें… बंगाल में पेट्रोकेमिकल्स की पाइपलाइन में आग, 17 झुलसे, 2 की हालत गंभीर पश्चिम बंगाल के हल्दिया में नेफ्था सप्लाई करने वाली पाइपलाइन में ब्लास्ट के बाद आग गई। इसकी चपेट में हल्दिया नगर पालिका के वार्ड-13 के चिरंजीबपुर इलाके के कई घर आ गए। घटना में 17 लोग झुलस गए। पुलिस के मुताबिक, सभी पीड़ितों को हल्दिया सब-डिविजनल अस्पताल में एडमिट कराया गया। इनमें से 2 लोगों की हालत गंभीर है। पूरी खबर पढ़ें…