ब्रेकिंग न्यूज़
निर्वाचन आयोग ने निकाय-पंचायत चुनाव करवाने का समय बताया:पंचायती-राज विभाग को लिखा लेटर, कहा- चुनाव करवाने में कम से कम 90 दिन लगेंगे

प्रदेश में पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों 31 जुलाई तक नहीं हो सकेंगे। राज्य निर्वाचन आयोग ने सोमवार को पंचायती राज विभाग को लिखे एक पत्र में दोनों संस्थाओं (पंचायत और नगरीय निकाय) के चुनाव करवाने के लिए कम से कम 90 दिन का समय लगने की बात कही है। ये तब है जब राज्य सरकार अपने स्तर या ओबीसी आयोग की रिपोर्ट के आधार पर एससी, एसटी, ओबीसी और महिला के आरक्षण का निर्धारण करके देती है। 14 अगस्त तक आएगी ओबीसी आरक्षण की रिपोर्ट दरअसल राजस्थान हाईकोर्ट ने 22 मई को आदेश देते हुए आयोग को 31 जुलाई तक दोनों संस्थाओं के चुनाव करवाने के निर्देश दिए थे, लेकिन राज्य में अब तक इन चुनावों में ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षण का निर्धारण नहीं हो सका है। पिछले दिनों पंचायती राज विभाग ने एक पत्र निर्वाचन आयोग को लिखा, जिसमें बताया कि ओबीसी आयोग ने अपनी ​आरक्षण संबंधि रिपोर्ट 14 अगस्त 2026 तक तैयार करके सौंपने के लिए कहा है। अगर रिपोर्ट 14 अगस्त तक आ जाती है तो पंचायती राज विभाग 31 अगस्त तक सभी वर्गो के पदों का आरक्षण निर्धारित कर देगा। इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद आयोग कितने समय में चुनाव करवा सकता है। चार और दो चरणों में करवाने पड़ेंगे चुनाव आयोग ने इस पत्र के जवाब में बताया- अगर आरक्षण का निर्धारण हो जाता है तो विभाग जिस दिन भी चुनाव संबंधि प्रेस विज्ञप्ति जारी करेगा उसके 90 दिवस के अंदर चुनाव संपादित हो जाएंगे। इसमें 50 दिन का समय पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में लगेगा और 40 दिन का समय नगरीय निकाय चुनाव में। आयोग ने बताया- बढ़ी हुई पंचायतें और संसाधनों को देखते हुए पंचायत चुनाव 4 चरण में करवाए जाने संभावित है, ज​बकि नगरीय निकाय चुनाव 2 चरणों में पूरे होंगे। ———— ये खबर भी पढ़िए… पंचायत चुनाव जुलाई तक होना भी संभव नहीं:OBC आयोग के पास आरक्षण के लिए स्पष्ट आंकड़े नहीं, सुप्रीम कोर्ट जा सकती है सरकार राजस्थान में पंचायत चुनाव 31 जुलाई तक होंगे या नहीं? हाईकोर्ट के निर्देश के बावजूद इस पर संशय बरकरार है। बड़ा सवाल यह है कि इस बार भी ओबीसी आयोग 20 जून तक आरक्षण का डेटा नहीं दे पाता है तो एक फिर पंचायत चुनाव टल जाएंगे? या फिर राज्य निर्वाचन आयोग सुप्रीम कोर्ट के मध्य प्रदेश में पंचायत चुनाव पर दिए निर्णय को आधार बनाकर बिना आरक्षण के चुनाव कार्यक्रम जारी करेगा? (पढ़िए पूरी खबर)

जयपुर में परिवार पर चढ़ा ट्रेलर, 4 की मौत:बच्चों के शव टुकड़ों में नाले में गिरे, मां के पैर टूटे; ट्रेलर के 5 चालान पेंडिंग

जयपुर में तेज रफ्तार ट्रेलर ने फुटपाथ पर बैठे एक परिवार के 5 लोगों को कुचल दिया। हादसे में तीन बच्चों और पिता की मौत हो गई। मां के दोनों पैर टूट गए। हादसा इतना भीषण था कि बच्चों के शवों के चिथड़े उड़ गए। एक बच्चे के शव के दो टुकड़े हो गए। सभी लोग नाले में गिर गए। हादसा श्याम नगर थाना क्षेत्र के 200 फीट बाइपास पर कमला नेहरू नगर में मंगलवार सुबह 8:46 बजे हुआ। मृतकों की पहचान राजसमंद के जैतपुरा निवासी चंद्रप्रकाश (40) और उनके बेटों रमेश (11), रतन (10), दीपक (8) के रूप में हुई है। चंद्रप्रकाश की पत्नी कैलाशी (35) गंभीर रूप से घायल है। कैलाशी के दोनों पैर टूट गए हैं। एसएमएस हॉस्पिटल के ट्रॉमा में इलाज चल रहा है। गांव जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था परिवार हादसे का शिकार बागरी समाज का परिवार वैशाली नगर में किराए के मकान में रहता था। फुटपाथ पर झाड़ू बनाकर बेचता था। आज सुबह गांव जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान ट्रेलर रेलिंग को तोड़ते हुए माता-पिता और तीनों बच्चों को कुचल दिया। तीनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल माता-पिता को हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। पिता की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद ड्राइवर और खलासी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पर श्याम नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से मृतकों और घायलों को नाले से निकाला। क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को सड़क से हटाया गया। हादसे की 3 PHOTOS… हादसे की चश्मदीद कैलाशी से भास्कर रिपोर्टर ने बातचीत की… सवाल- हादसा कैसे हुआ ? जवाब – हम लोग गाड़ी के इंतजार में सड़क किनारे बैठे थे, मेरे बच्चे भी साथ थे। तेज गति से एक ट्रेलर आया और हम सबको कुचलते हुए निकल गया। हम लोगों को बचने का भी मौका नहीं मिला। सवाल- ट्रेलर कितना तेज आ रहा था, क्या आपको बचने का मौका मिला था? जवाब – गाड़ी बहुत तेज आई थी, बचने का भी मौका नहीं मिला। सवाल- ट्रेलर को रफ्तार में आता देखा, तो आपको क्या लगा था? जवाब – हमें लगा था, हम लोग नहीं बचेंगे। सवाल- हादसे के बाद आपको होश कब आया? जवाब -अस्पताल में आने के बाद होश आया। पति और तीन बेटों को खोने के बाद कैलाशी सदमे में है। कैलाशी का एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। उसके दोनों पैर टूट गए।
हादसे के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

PM मोदी के लिए लगेगा ₹2 करोड़ का टेंट:चंडीगढ़ में 17 जुलाई को प्रस्तावित दौरा; एक ही दिन में 8 टेंडर जारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित चंडीगढ़ दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित किया जाना है। इसके लिए सोमवार को प्रशासन के विभिन्न इंजीनियरिंग विभागों ने एक ही दिन में 8 अलग-अलग टेंडर जारी किए। इनमें सबसे बड़ा टेंडर करीब 2.02 करोड़ रुपए का है, जो टेंट और कार्यक्रम स्थल पर अस्थायी व्यवस्थाओं के लिए जारी किया गया है। इसके अलावा लाइटिंग, बिजली, कैमरे और अन्य सुविधाओं के लिए भी अलग-अलग टेंडर निकाले गए हैं। चंडीगढ़ दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पीजीआई और पंजाब यूनिवर्सिटी के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही भारतीय रेलवे की महत्वाकांक्षी अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत तैयार किए गए कालका, मोहाली, अंब अंदौरा और आनंदपुर साहिब समेत चार आधुनिक रेलवे स्टेशनों को भी समर्पित किया जाएगा। प्रधानमंत्री चंडीगढ़ से इन स्टेशनों का वर्चुअल लोकार्पण करेंगे। 3 पॉइंट्स में जानें PM मोदी के दौरे को लेकर खास इंतजाम:- आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद रेलवे प्रवक्ता के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चंडीगढ़ दौरे की आधिकारिक सूचना अभी पीएमओ से आनी बाकी है। हालांकि, रेलवे ने अपने स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली हैं। इन चारों स्टेशनों के आधुनिकीकरण से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ-साथ स्थानीय पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। रेलवे अधिकारियों ने सोमवार को इन स्टेशनों पर चल रही तैयारियों का जायजा लिया। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर में 1300 से अधिक रेलवे स्टेशनों का चरणबद्ध तरीके से आधुनिकीकरण किया जा रहा है। लोकल कल्चर-आर्किटेक्चर को बढ़ावा योजना की एक प्रमुख विशेषता स्थानीय संस्कृति और वास्तुकला को बढ़ावा देना भी है। इसी उद्देश्य से स्टेशनों के निर्माण में स्थानीय कला, विरासत और क्षेत्रीय पहचान को शामिल किया गया है, ताकि प्रत्येक स्टेशन अपने शहर और क्षेत्र की सांस्कृतिक छवि को दर्शा सके। ये स्टेशन केवल यात्रा के केंद्र नहीं होंगे, बल्कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए भी विकसित किए जा रहे हैं। अब तक 172 से अधिक स्टेशनों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। आने वाले समय में चरणबद्ध तरीके से अन्य स्टेशनों का भी लोकार्पण किया जाएगा।

अलवर काले बादलों से दिन में अंधेरा हुआ:तेज बारिश हुई, अगले 3 दिन आंधी-बरसात का अलर्ट जारी किया गया

अलवर में मंगलवार को तेज बारिश हुई। शहर में घने काले बादल छाए, जिससे दिन में अंधेरा हो गया। लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं, रात में भी रिमझिम बारिश का दौर चलता रहा। शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश हुई है। अकबरपुर,अहमदपुर,नटनी का बारा समेत सिलीसेढ़ की तरफ बारिश हुई है। कई ग्रामीण इलाकों में सड़कों व खेतों में पानी भर गया। दोपहर बाद हुई बारिश से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। 10 जुलाई तक आकाशीय बिजली गिरने और बारिश की संभालना मौसम विभाग के अनुसार 7 से 10 जुलाई तक अलवर जिले में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और बिजली गिरने की आशंका के समय खुले स्थानों व पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की सलाह दी है। वहीं 11 और 12 जुलाई के लिए जिले में किसी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। पिछले दो दिन उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी थी। बारिश की कमी का सबसे ज्यादा असर किसानों पर दिखाई दे रहा था। जिले के अधिकांश किसानों ने खरीफ फसलों की बुआई पूरी कर ली है और कई क्षेत्रों में बाजरे के पौधे भी निकलने लगे हैं। इन फसलों की अच्छी पैदावार के लिए अब नियमित बारिश बेहद जरूरी है। बारिश होने से किसानों ने भी कुछ राहत की सांस ली हैं।

बचकर भाग रहे शराब तस्कर की मौत, शव रखकर प्रदर्शन:SDM के समझाने पर बॉडी मॉर्च्युरी रखवाई, धरने पर मांगों को लेकर अड़े

बालोतरा में एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और पुलिस से बचकर भाग रहे शराब तस्करों की कार खेजड़ी के पेड़ से टकराने से एक तस्कर की मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिजनों और समाज के लोगों ने शव को गुड़ामालानी थाने में रखकर प्रदर्शन किया। देर रात समझाइश के बाद शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में शिफ्ट किया गया, लेकिन परिजन एफआईआर और जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही पोस्टमॉर्टम कराने की मांग पर अड़े हुए हैं। पढ़िए … सिलसिलिवार पूरा घटनाक्रम 1. पुलिस से बचकर भाग रही कार पेड़ से टकराई, एक तस्कर की मौत
बालोतरा जिले के गुड़ामालानी थाना क्षेत्र में सोमवार (6 जुलाई) को एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और पुलिस से बचकर भाग रहे शराब तस्करों की कार आमलियाला-भैडाणा रोड पर खेजड़ी के पेड़ से टकरा गई। पुलिस टीम करीब 20 किलोमीटर तक कार का पीछा कर रही थी। हादसे में रावली नाड़ी निवासी पुनेश (22) पुत्र लाधुराम गंभीर घायल हो गया, जिसकी सांचौर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं 20 वर्षीय प्रवीण पुत्र मेघाराम निवासी रावली नाड़ी को पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने शराब से भरी क्षतिग्रस्त कार भी जब्त कर ली। कार पर केरल की नंबर प्लेट लगी थी, जबकि उसमें गुजरात की नंबर प्लेट भी मिली। 2. हादसे के बाद पोस्टमार्टम को लेकर विवाद, शव गुड़ामालानी लाया गया
हादसे के बाद सांचौर अस्पताल में पोस्टमार्टम को लेकर पुलिस और मृतक के परिजनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद परिजन शव को गुड़ामालानी ले आए। यहां भी पुलिस और परिजनों के बीच बहस हुई, जिसके चलते थाने के बाहर भारी पुलिस जाब्ता तैनात करना पड़ा। 3. थाने में शव रखकर प्रदर्शन, एफआईआर दर्ज करने की मांग
मृतक के परिजन और समाज के लोगों ने गुड़ामालानी थाना परिसर में शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनकी मांग थी कि मामले में एफआईआर दर्ज की जाए और रिपोर्ट की कॉपी उपलब्ध कराई जाए। पुलिस ने उन्हें समझाया कि यदि वे अतिरिक्त रिपोर्ट देंगे तो उसे पहले से दर्ज रिपोर्ट में शामिल कर लिया जाएगा, लेकिन परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे। 4. आधी रात तक चली समझाइश, फिर अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखा शव
गुड़ामालानी एसडीएम भंवरलाल विश्नोई और पुलिस अधिकारियों ने देर रात तक कई दौर की वार्ता कर परिजनों को समझाने का प्रयास किया। आखिर रात करीब 12 बजे परिजन माने और शव को गुड़ामालानी अस्पताल की मॉर्च्युरी में शिफ्ट कराया गया। देर रात करीब 1 बजे शव को मोर्चरी में रखवाया गया, लेकिन वहां भी परिजन धरने पर बैठे रहे। 5. एफआईआर और जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही पोस्टमॉर्टम की जिद
मृतक के परिजनों का कहना है कि उनकी बालोतरा एएसपी से बात हुई थी। उन्हें आश्वासन दिया गया था कि मंगलवार को एफआईआर और जांच रिपोर्ट उपलब्ध करा दी जाएगी। परिजनों का कहना है कि रिपोर्ट मिलने और उसे देखने के बाद ही वे शव का पोस्टमॉर्टम करवाएंगे। फिलहाल दूसरे दिन भी परिजन अस्पताल की मॉर्च्युरी के बाहर धरने पर बैठे हैं। —– घटना से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें … पेड़ से टकराई तस्करों की कार, एक की मौत:20KM पीछा कर एक साथी पकड़ा; पुलिस से धक्का-मुक्की, थाने पर प्रदर्शन बालोतरा में शराब तस्करों की कार खेजड़ी के पेड़ से टकरा गई।हादसे में एक तस्कर की मौत हो गई, जबकि दूसरे को पुलिस ने पकड़ लिया। पढ़ें पूरी खबर

तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टैंपो को टक्कर मारी,2 की मौत:3 गंभीर घायल, शिफ्ट पूरी कर फैक्ट्री से घर लौट रहे थे

अलवर जिले के बगड़ तिराहा थाना क्षेत्र में टैंपो-ट्रैक्टर की टक्कर में 2 युवकों की मौत हो गई। जबकि 3 लोग घायल हैं। घटना सहजपुर पेट्रोल पंप के पास सोमवार रात करीब ड़ेढ़ बजे की है। सभी मजदूर अशोक लीलैंड फैक्ट्री में काम कर घर लौट रहे थे। रोजाना की तरह काम खत्म कर लौट रहे थे घर जानकारी के अनुसार, जयसिंहपुरा निवासी सुनील जाटव (32) पुत्र मोतीलाल और नरेश जाटव (28) पुत्र उदयराम अपने ही गांव के साथी मुकेश, प्रेम और मिथलेश के साथ उद्योग नगर थाना क्षेत्र स्थित अशोक लीलैंड फैक्ट्री में काम करते थे। सोमवार देर रात करीब 1 बजे फैक्ट्री से शिफ्ट खत्म होने के बाद सभी रोजाना की तरह टेंपो में सवार होकर अपने गांव जयसिंहपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान सहजपुर पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टेंपो को टक्कर मार दी। मौके पर ही तोड़ा दम, तीन अस्पतालों में भर्ती चश्मदीदों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुनील और नरेश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं टेंपो में सवार मुकेश, प्रेम और मिथलेश गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही बगड़ तिराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को तुरंत अलवर के तीन अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया, गांव में मातम पुलिस ने शनिवार सुबह दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। इस हादसे के बाद जयसिंहपुरा गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दर्दनाक बात यह है कि हादसे का शिकार हुए सुनील और नरेश दोनों ही शादीशुदा थे। दोनों के दो-दो बेटी है। नरेश के घर 8 महीने पहले ही बेटी ने जन्म लिया था।

जालंधर में एक्टिवा के लिए खरीदा ₹8.52 का VIP नंबर:इसमें 8 एक्टिवा आ सकती हैं; ई-ऑक्शन में 25 लाख के बिके 9 नंबर

जालंधर में फैंसी नंबरों का क्रेज किसी से छिपा नहीं है। रीजनल परिवहन कार्यालय (RTO) की ओर से आयोजित ऑनलाइन ई-ऑक्शन में इस बार PB 08 GA सीरीज के 0001 नंबर के लिए सबसे अधिक 8 लाख 52 हजार 500 रुपए की बोली लगी। यह नंबर किसी लग्जरी कार नहीं, बल्कि एक्टिवा के लिए खरीदा गया है। अभी एक्टिवा का ऑन रोड प्राइस करीब 1.10 लाख रुपए है। यानी बोली लगी रकम से करीब 8 एक्टिवा खरीदी जा सकती थीं। वहीं, ई-ऑक्शन में 0007 नंबर 3 लाख 11 हजार रुपए, 0005 नंबर 2 लाख 83 हजार रुपए, 0008 नंबर 2.50 लाख रुपए, जबकि 0002, 0003, 0006 और 0009 नंबर 2-2 लाख रुपए में बिके। 000 सीरीज के नंबर लाखों रुपए में बिक रहे पिछले महीनों से लगातार 000 सीरीज के नंबर लाखों रुपए में बिक रहे हैं। हालांकि ऑक्शन में 8 लाख रुपए से ज्यादा कीमत में भी नंबर बिके हैं, लेकिन पिछले महीनों के मुकाबले यह ऑक्शन सबसे बेहतर रहा। इससे पहले PB 08 FZ सीरीज का 0001 नंबर 8 लाख 61 हजार रुपए में नीलाम हुआ था। 0001 नंबर 8,500 रुपए कम कीमत पर बिका मौजूदा सीरीज का 0001 नंबर उससे महज 8,500 रुपए कम कीमत पर बिका। आरटीओ अधिकारियों के अनुसार, इच्छुक वाहन मालिक पोर्टल पर बोली लगाते हैं। सबसे अधिक बोली लगाने वाले को संबंधित नंबर आवंटित किया जाता है। तीन दिन ऐसे होती है ई-ऑक्शन… हर सप्ताह शनिवार, रविवार और सोमवार तक फैंसी नंबरों के लिए ऑनलाइन आवेदन लिया जाता है। मंगलवार और बुधवार को आवेदक परिवहन विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन बोली लगाते हैं। हर क्लिक के साथ बोली 500 रुपए बढ़ती है। 0001 से 0010 तक के नंबरों का रिजर्व प्राइस 5 लाख रुपए है। रिजर्व प्राइस 1 लाख रुपए है इनमें भाग लेने के लिए 1 लाख रुपए सिक्योरिटी अमाउंट और 2,000 रुपए आवेदन शुल्क जमा करना होता है। 0011 से 0099 तक के नंबरों का रिजर्व प्राइस 1 लाख रुपए है। नीलामी पूरी होने के बाद सफल बोलीदाता को निर्धारित समय सीमा के भीतर पैसे जमा कराने होते हैं।

अमरनाथ गुफा में शिवलिंग पूरी तरह पिघला:अभी यात्रा के 5 दिन ही हुए; करीब 3 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं का दर्शन करना बाकी

अमरनाथ गुफा में प्राकृतिक बर्फ का शिवलिंग लगभग पूरी तरह पिघल गया है। अभी यात्रा के पांच दिन ही बीते हैं। 57 दिन चलने वाली यात्रा 3 जुलाई से शुरू हुई थी। यात्रा के पहले चार दिनों में करीब 86 हजार श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा में दर्शन किए। अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार को पांचवें दिन यह संख्या 1 लाख के पार पहुंचने की उम्मीद है। यात्रा के लिए इस साल 4 लाख श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है। यानी कि अभी 3 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं का दर्शन करना बाकी है। 23 मई को 7 फीट का था शिवलिंग 23 मई को BSF के जवानों ने जो तस्वीर जारी की थी, उसमें शिवलिंग का आकार करीब 7 फीट था। 29 जून को पहली पूजा के दिन भी हिमलिंग की ऊंचाई 5 फीट से ज्यादा थी। 6 जुलाई को सामने आई तस्वीर में हिमलिंग लगभग 90% गायब हो चुका है। 48 किमी लंबे नुनवान-पहलगाम रूट और 14 किमी वाले छोटे, लेकिन कठिन बालटाल रूट से लगातार यात्री दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। यात्रा 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन खत्म होगी। यात्रा से जुड़ी 3 तस्वीरें… अमरनाथ के बाबा बर्फानी प्राकृतिक बनते हैं, तराशा नहीं जाता अमरनाथ का हिम शिवलिंग किसी बर्फ के ब्लॉक को तराशकर नहीं बनाया जाता, बल्कि यह प्राकृतिक आइस स्टैलेग्माइट है। जैसे चूना-पत्थर की गुफाओं में जमीन से खनिज जमा होकर स्टैलेग्माइट बनते हैं, उसी तरह अमरनाथ गुफा में छत से टपकने वाला पानी जमकर बर्फ का शिवलिंग बनाता है। इसका आकार हर साल मौसम, तापमान और पानी की उपलब्धता के अनुसार अलग-अलग होता है। यही इसकी सबसे अनोखी विशेषता है।
शिवलिंग गायब होने से यात्रा पर क्या असर पड़ेगा, समझिए सवाल-जवाब में… 1.सवाल: क्या शिवलिंग फिर से बन सकता है? जवाब: इसकी संभावना बहुत कम है। ताजा बर्फबारी या तापमान शून्य से नीचे जाने पर ही दोबारा बन सकता है। 2. सवाल: प्राकृतिक शिवलिंग कैसे बनता है? जवाब: सर्दियों और वसंत में गुफा के अंदर पानी की बूंदें जमकर धीरे-धीरे बर्फ का शिवलिंग बनाती हैं। 3. सवाल: क्या शिवलिंग पिघलने से अमरनाथ यात्रा रुक जाएगी? जवाब: फिलहाल ऐसी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं है। यात्रा पहले की तरह जारी है। 4. सवाल: अब तक कितने श्रद्धालु यात्रा कर चुके हैं? जवाब: यात्रा शुरू होने के बाद अब तक 50 हजार से ज्यादा श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। 5. सवाल: इस साल यात्रा के लिए कितने लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है? जवाब: इस साल करीब 4 लाख श्रद्धालुओं ने अमरनाथ यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। यात्रा के 2 रूट, एक 48km लंबा लेकिन सरल, दूसरा 14km का लेकिन कठिन चढ़ाई अमरनाथ यात्रा दो रास्तों से की जाती है। पारंपरिक रास्ता 48 किलोमीटर लंबा नुनवान-पहलगाम से है। दूसरा रास्ता गांदरबल जिले में 14 किलोमीटर लंबे बालटाल से है। यात्रा 28 अगस्त को खत्म होगी।

नौकरी दिलाने के नाम पर 24.37 लाख की ठगी, गिरफ्तार:फर्जी नियुक्ति-पत्र बांटे; जमानत पर बाहर आते ही पुलिस ने फिर पकड़ा

जालोर में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 24.37 लाख रुपए की ठगी करने के आरोप में शिवगंज (सिरोही) पुलिस ने तखतगढ़ निवासी राकेश जीनगर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने डीएलबी की 2018 की एलडीसी भर्ती में पुराने रिकॉर्ड के आधार पर स्थायी नौकरी दिलाने का झांसा देकर सितंबर 2024 से जून 2025 के बीच अलग-अलग किस्तों में शिकायतकर्ता से 24.37 लाख रुपए वसूल लिए। इसके बाद 11 मार्च 2025 को जालोर नगर परिषद ले जाकर फर्जी नियुक्ति पत्र दिया और फर्जी जॉइनिंग का नाटक भी कराया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की, आरोपी को गिरफ्तार कर जालोर नगर परिषद में दस्तावेजों की जांच कराई, जहां नियुक्ति पत्र पूरी तरह फर्जी पाए गए। पढ़िए… सिलसिलेवार पूरा घटनाक्रम 1. नौकरी दिलाने के नाम पर 24.37 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
नगर निकायों में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपए ठगने के मामले में शिवगंज (सिरोही) पुलिस ने तखतगढ़ (पाली) निवासी राकेश जीनगर को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ 3 जनवरी 2026 को शिवगंज थाने में 24 लाख 37 हजार 583 रुपए की ठगी का मामला दर्ज हुआ था। आरोपी को इससे पहले जालोर पुलिस भी गिरफ्तार कर चुकी है। 2. पुराने रिकॉर्ड का झांसा देकर रुपए लिए, फर्जी जॉइनिंग भी कराई
शिवगंज निवासी निर्मल कुमार ने पुलिस को बताया – राकेश जीनगर ने अपने साथियों के साथ मिलकर डीएलबी की 2018 की एलडीसी भर्ती के पुराने रिकॉर्ड के आधार पर स्थायी सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया। उसने जयपुर के अधिकारियों से पहचान और विभाग में सीधी पहुंच होने का दावा कर भरोसा जीता। इसके बाद दस्तावेज लेकर रिकॉर्ड तैयार करने, फाइल आगे बढ़ाने और नियुक्ति पत्र जारी कराने के नाम पर सितंबर 2024 से जून 2025 के बीच नकद, बैंक ट्रांसफर और फोन-पे के जरिए कुल 24.37 लाख रुपए ले लिए। 11 मार्च 2025 को वह शिकायतकर्ता को जालोर नगर परिषद लेकर गया, वहां ढाई लाख रुपए नकद लेने के बाद एक नियुक्ति पत्र दिया और शहरी आजीविका मिशन कार्यालय में रजिस्टर पर हस्ताक्षर करवाकर फर्जी जॉइनिंग तक करा दी, ताकि उसे नौकरी लगने का विश्वास हो जाए। 3. नौकरी नहीं मिली तो खुला राज, जांच में नियुक्ति पत्र फर्जी निकले
जब काफी समय बाद भी नौकरी की पुष्टि नहीं हुई तो शिकायतकर्ता ने अपने रुपए वापस मांगे। आरोप है कि राकेश जीनगर टालमटोल करता रहा और धमकियां देने लगा। इसके बाद मामला दर्ज कराया गया। जांच के दौरान सोमवार (6 जुलाई) को शिवगंज पुलिस आरोपी को जालोर नगर परिषद लेकर पहुंची और उसके दिए गए नियुक्ति पत्रों की जांच कराई। नगर परिषद के अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया कि नियुक्ति पत्र विभाग की ओर से जारी नहीं किए गए थे और पूरी तरह फर्जी हैं। 4. जमानत पर बाहर आने के बाद फिर पकड़ा गया आरोपी
जालोर पुलिस की गिरफ्तारी के बाद आरोपी 3 जुलाई को जमानत पर बाहर आया था। इसके बाद शिवगंज पुलिस ने इस मामले में जांच तेज की और शनिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस उसे नगर परिषद ले गई, जहां दस्तावेजों का सत्यापन कराया गया। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित पीड़ितों की भी जांच कर रही है। 5. कई और युवकों से भी ठगी, किसी ने प्लॉट बेचा तो किसी ने गहने गिरवी रखे
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने कई अन्य युवकों से भी सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर रुपए लिए। शिकायतकर्ता निर्मल कुमार ने 24.37 लाख रुपए जुटाने के लिए अपना प्लॉट बेच दिया, बाद में केसीसी और गोल्ड लोन भी लेना पड़ा। आहोर थाना क्षेत्र के रणछोड़ और मुकेश ने जमीन गिरवी रखकर 3-3 लाख रुपए दिए। तखतगढ़ के पारसमल ने दादी के गहने गिरवी रखकर 5.5 लाख रुपए दिए, जबकि लालाराम ने जमीन बेचकर लाखों रुपए दिए। पारसमल और लालाराम ने तखतगढ़ थाने में अलग-अलग मामले दर्ज कराए हैं, जिनमें आरोपी की गिरफ्तारी अभी बाकी है। — यह खबर भी पढ़े… लाखों में सरकारी नौकरी बांटने वाला ठग कोर्ट में पेश:हंसते हुए आया, 3 दिन के रिमांड पर भेजा; पैसे लेकर दिए थे फर्जी नियुक्ति पत्र जालोर में 4 साल से बांट रहा था फर्जी नौकरियां:अब तक 30 पीड़ितों को ठगा, 200 लोगों से करोड़ों रुपए वसूले फर्जी सरकारी नौकरियां बांटने वाला पकड़ा:जयपुर नगर निगम की फर्जी मेल से भेजता था जॉइनिंग लेटर

ससुराल में घर-जमाई की पीट-पीटकर हत्या, पत्नी डिटेन:घरेलू विवाद के बाद बच्चों के साथ मिलकर मारा, गंभीर हालत में हॉस्पिटल लेकर गए

बीकानेर में पत्नी ने बच्चों के साथ मिलकर पति की पीट पीटकर हत्या कर दी। युवक ससुराल में ही रहता था। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पत्नी को डिटेन किया है। फिलहाल मौत के कारणों की जांच की जा रही है। घटना लूणकरणसर थाना क्षेत्र के हंसेरा गांव में सोमवार रात करीब 9 बजे हुई। घर में विवाद हुआ, मारपीट का आरोप
लूणकरणसर SHO गणेश विश्नोई के अनुसार, मूलाराम (50) पुत्र हिराराम, श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के कुन्तासर गांव का रहने वाला था। वह पिछले कुछ समय से हंसेरा गांव में अपने ससुराल में घर-जमाई के रूप में रह रहा था। सोमवार रात करीब 9 बजे घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान मूलाराम के साथ मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी पक्ष ही अस्पताल लेकर पहुंचा
मारपीट के बाद घायल मूलाराम को आरोपी पक्ष ही हॉस्पिटल लेकर पहुंचा। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर लूणकरणसर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मॉर्च्युरी में रखवा दिया। साथ ही मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी गई। पत्नी डिटेन, पुलिस कर रही पूछताछ
घटना के बाद पुलिस ने प्रथम दृष्टया मृतक की पत्नी विद्या देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है और मामले की जांच कर रही है। मृतक के हाथ-पैरों पर चोटों के निशन मिले हैं। वारदात में आरोपी महिला की भूमिका भी सामने आई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
फिलहाल इस मामले में कोई केस दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि मृतक के परिजनों के आने, उनके बयान दर्ज होने और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे। इसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है।