ब्रेकिंग न्यूज़
नागौर में जीरा 21,800 के पार, मूंग के भाव स्थिर:ग्वार और तिलहन के भाव में तेजी, बाजार में इसबगोल की मांग

नागौर में कृषि उपज मंडी समिति में मंगलवार को फसलों के दामों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। सोमवार के मुकाबले मंगलवार को मंडी में जीरा, ग्वार और तिलहन के बाजारों में अच्छी रौनक रही है, जबकि मूंग और चना समेत दलहन फसलें अपने पुराने स्तर पर ही टिकी हुई है। जीरा 21,800 के पार मंडी में मंगलवार को जीरे के बाजार में जोरदार खरीदारी रही। जीरा न्यूनतम 17,000 और अधिकतम 21,800 प्रति क्विंटल तक बिका। कल के मुकाबले बाजार में ऊपरी स्तरों पर सुधार देखा गया है। वहीं सौंफ के भावों में भी स्थिरता रही। यह न्यूनतम 7,000 से लेकर ऊंचे में 13,000 प्रति क्विंटल तक बिकी। इसबगोल की मांग बाजार में लगातार मजबूत बनी हुई है। इसके भाव 9,000 से लेकर 13,700 प्रति क्विंटल दर्ज किए गए। मूंग के भाव स्थिर, ग्वार में सुधार मंडी में मूंग की आवक अच्छी है, लेकिन भाव स्थिर बने हुए हैं। मूंग न्यूनतम 5,500 और बढ़िया क्वालिटी का माल अधिकतम 7,600 प्रति क्विंटल तक बिका। साथ ही ग्वार के बाजार में कल के मुकाबले मंगलवार को हल्की तेजी दर्ज की गई। ग्वार का न्यूनतम भाव 5,000 और अधिकतम भाव 5,800 प्रति क्विंटल रहा। वहीं चने का बाजार भी शांत रहा। मंडी में चना न्यूनतम 5,000 और अधिकतम 5,325 प्रति क्विंटल के दायरे में बिका। तिलहन बाजार में सफेद तिल का अधिकतम भाव 11,000 (न्यूनतम 10,000) पर टिका रहा। वहीं, काले तिल के दाम 9,000 से 9,500 प्रति क्विंटल रहे। सरसों (रायडा): 40 प्रतिशत औसत फेट (तेल) वाली सरसों के भाव आज 7,400 प्रति क्विंटल पर मजबूत रहे, जिससे किसानों को लगातार अच्छे दाम मिल रहे हैं। तारामीरा के बाजार में आज मामूली ठहराव रहा और यह 5,500 से 5,750 प्रति क्विंटल बिका। मैथी और ज्वार के दाम में मिला-जुला असर मंडी में सुवा के भाव आज न्यूनतम 6,000 और अधिकतम 7,600 प्रति क्विंटल तक बोले गए। दाणा मैथी और असालिया: दाणा मैथी के दाम 5,700 से 6,100 और असालिया का बाजार 5,800 से 6,100 प्रति क्विंटल के बीच दर्ज किया गया। अनाज श्रेणी में ज्वार के भाव न्यूनतम 4,500 से शुरू होकर ऊपर में 5,500 प्रति क्विंटल तक पहुंचे।

44.970 किलो डोडा चूरा पकड़ा:आरोपी गिरफ्तार, 2 कार जब्त; पीपलखूंट पुलिस की कार्रवाई

प्रतापगढ़ की पीपलखूंट पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने 44 किलो 970 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा पकड़ा है। पुलिस ने तस्करी और एस्कॉर्टिंग में शामिल दो कार जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत लगभग 6 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है। थानाधिकारी छबीलाल ने बताया कि पुलिस टीम माही पुल पर नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान प्रतापगढ़ की ओर से आ रही एक कार को रोकने का प्रयास किया गया। ड्राइवर वाहन मोड़कर भागने लगा, जिस पर पुलिस को संदेह हुआ और उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान जयसिंह निवासी चुड़ियावास, नागौर के रूप में बताई। जयसिंह ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसका साथी धनराज दूसरी कार में डोडाचूरा ले जा रहा था और वह एस्कॉर्टिंग कर रहा था। पुलिस ने बाद में दूसरी कार को पीपलखूंट कस्बे में लावारिस हालत में बरामद किया। तलाशी लेने पर इस कार से 44 किलो 970 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ, लेकिन इसका ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मादक पदार्थ और दोनों वाहनों को जब्त कर जयसिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

चोरी की गाड़ियों से तस्करी, पुलिस ने नाकाबंदी पर पकड़ा:डिवाइडर पर गाड़ी चढ़ाकर भागने का किया प्रयास; गाड़ी में दो फर्जी नंबर प्लेटें मिलीं

जोधपुर में चोरी की कार से तस्करी करते आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। ग्रामीण पुलिस की स्पेशल सेल और ओसियां थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। चित्तौड़गढ़ के सदर निम्बाहेड़ा और पाली जिले के एनडीपीएस मामलों में फरार वांछित और इनामी अपराधी रामस्वरूप को गिरफ्तार किया। आरोपी से चोरी की क्रेटा कार भी बरामद की गई है। गाड़ी में दो फर्जी नंबर प्लेटें रखी हुई थीं। जोधपुर ग्रामीण के ASP भोपाल सिंह लखावत ने बताया- रामस्वरूप (21) निवासी हड़मान सागर तापू थाना ओसियां जोधपुर ग्रामीण को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी। ओसियां के पास जब पुलिस टीम ने नाकाबंदी की तो आरोपी रामस्वरूप ने गिरफ्तारी से बचने के लिए क्रेटा गाड़ी को तेजी से डिवाइडर पर चढ़ा दिया और भागने का प्रयास किया। टायर फटने से गाड़ी हुई क्षतिग्रस्त पुलिस के अनुसार- डिवाइडर पर गाड़ी चढ़ाने के दौरान रफ्तार तेज होने के कारण अगला टायर फट गया। इससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर रुक गई। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। आरोपी रामस्वरूप चित्तौड़गढ़ के सदर निम्बाहेड़ा और पाली जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों में लंबे समय से फरार था। पुलिस मुख्यालय जयपुर और आईजी जोधपुर रेंज के निर्देशानुसार अपराधियों की धरपकड़ के लिए SP पीडी नित्या के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

करौली में शाम को हुई तेज बारिश:तापमान में गिरावट से लोगों को मिली गर्मी से राहत, बरसात का दौर जारी रहने की संभावना

करौली जिले में मंगलवार शाम मौसम में अचानक बदलावा आया। कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई, जिससे उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली। बारिश से पहले आसमान में घने काले बादल छा गए और तेज हवाएं चलीं। इस बारिश के कारण तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। बारिश शुरू होते ही करौली शहर और आसपास के क्षेत्रों का मौसम सुहावना हो गया। लंबे समय से गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों ने राहत महसूस की। कई स्थानों पर लोगों को बारिश का आनंद लेते देखा गया, वहीं सड़कों पर पानी बहता नजर आया। इस बारिश से किसानों के चेहरों पर भी खुशी लौट आई है। किसानों का कहना है कि खेतों में पर्याप्त नमी आने से खरीफ फसलों की बुवाई में तेजी आएगी। इससे फसलों के बेहतर उत्पादन की उम्मीद बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी जिले सहित प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इसके चलते तापमान सामान्य से नीचे रहने और मौसम के सुहावना बने रहने के आसार हैं।

कांग्रेस बिना ड्राफ्ट यूसीसी जनसुनवाई का करेगी बहिष्कार:जिलाध्यक्ष बोले- सरकार पहले मसौदा सार्वजनिक करें; सीधे जनसुनवाई राजनीतिक छलावा

जैसलमेर में समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर राज्य सरकार की ओर से आयोजित की जा रही जनसुनवाई के विरोध में कांग्रेस ने मोर्चा खोला है। इसे लेकर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी जैसलमेर इस जनसुनवाई का पूर्ण बहिष्कार करेगी। जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर ने स्पष्ट किया है कि बिना कानून का मसौदा (ड्राफ्ट) सार्वजनिक किए जनता से राय लेना पूरी तरह अलोकतांत्रिक है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने इस संबंध में मुख्य सचिव को पत्र लिखकर विरोध दर्ज कराया है। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार प्रदेश के मूल मुद्दों जैसे बेरोजगारी, महंगाई, पेपर लीक और बिजली-पानी के संकट से जनता का ध्यान भटकाने के लिए बिना किसी ठोस प्रारूप के यह कवायद कर रही है, जिससे समाज में भ्रम फैल रहा है। जनता का सुझाव लेना जरूरी जिलाध्यक्ष अमरदीन फ़क़ीर ने कहा- किसी भी कानून को लागू करने या उस पर जनता के सुझाव लेने की एक तय संवैधानिक प्रक्रिया होती है। सरकार को पहले यूसीसी का आधिकारिक मसौदा जनता के सामने रखना चाहिए था। जब तक लोगों को यह पता ही नहीं होगा कि कानून के भीतर क्या प्रावधान हैं, तब तक कोई भी वर्ग उस पर अपने सही सुझाव या आपत्तियां कैसे दर्ज करा सकता है? बिना ड्राफ्ट जारी किए सीधे जनसुनवाई आयोजित करना केवल एक राजनीतिक छलावा है, जिससे समाज में अनावश्यक विवाद पैदा होने की आशंका है। मूल जनसमस्याओं की अनदेखी का आरोप अमरदीन फ़क़ीर ने कहा- इस समय पूरा प्रदेश गंभीर संकटों से जूझ रहा है। युवाओं के सामने बेरोजगारी और पेपर लीक की समस्या है, आम जनता महंगाई से त्रस्त है, और ग्रामीण इलाकों में पेयजल व बिजली की भारी किल्लत है। इसके अलावा स्वास्थ्य, शिक्षा और कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। सरकार इन बुनियादी जनसमस्याओं का समाधान ढूंढने में पूरी तरह विफल रही है और अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए ऐसे संवेदनशील मुद्दों को हवा दे रही है। कार्यकर्ता नहीं होंगे शामिल अमरदीन फ़क़ीर ने साफ तौर पर कहा- कांग्रेस पार्टी हमेशा सामाजिक सौहार्द और संविधान के दायरे में पारदर्शी प्रक्रियाओं की पक्षधर रही है। यदि सरकार की नीयत वास्तव में साफ है, तो उसे तुरंत इस जनसुनवाई को रोककर पहले यूसीसी का ड्राफ्ट सार्वजनिक करना चाहिए और फिर उस पर व्यापक स्तर पर चर्चा करानी चाहिए। प्रदेश नेतृत्व के सख्त निर्देशों के बाद जैसलमेर जिले का कोई भी कांग्रेस पदाधिकारी, अग्रिम संगठनों के कार्यकर्ता या सदस्य सरकार की इस यूसीसी जनसुनवाई का हिस्सा नहीं बनेंगे और इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा।

2000 रुपए के विवाद में युवक को कुएं में धकेला:पुलिस ने 48 घंटे में किया खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

साकेत नगर थाना पुलिस ने हत्या के एक मामले का 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मजदूरी के 2 हजार रुपए के विवाद में आरोपी ने एक युवक को कुएं में धक्का देकर उसकी हत्या कर दी थी। जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया और वृत्ताधिकारी राजेश कसाना के सुपरविजन में साकेत नगर थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार काली कांकर निवासी महिपाल सिंह ने 4 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनका छोटा भाई सतपाल सिंह 1 जुलाई को हरेन्द्र सिंह और तिलोक सिंह के साथ घर से गया था। आरोप था कि दोनों उसे कुएं के पास ले गए, शराब पिलाई और उसकी हत्या कर शव कुएं में डाल दिया। मृतक के सिर और गर्दन पर चोट के निशान पाए गए थे। इस रिपोर्ट के आधार पर साकेत नगर थाने में मामला दर्ज किया गया। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने एक विशेष टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर जांच शुरू की। जांच में पता चला कि घटना से पहले मृतक सतपाल सिंह और आरोपी हरेन्द्र सिंह उर्फ कोकी कुएं के पास बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान सतपाल ने अपनी पुरानी मजदूरी के 2 हजार रुपए मांगे, जिस पर दोनों के बीच विवाद हो गया। पूछताछ में आरोपी हरेन्द्र सिंह उर्फ कोकी ने स्वीकार किया कि उसने रुपए नहीं देने की नीयत से सतपाल को कुएं में धक्का दे दिया था। कुएं में गिरते समय सतपाल के सिर पर वहां लगे सरिये से गंभीर चोट लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी हरेन्द्र सिंह उर्फ कोकी (26) निवासी काली कांकर को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में नामजद अन्य आरोपी की संलिप्तता को लेकर पुलिस का अनुसंधान अभी जारी है।

बुजुर्ग महिला के बेटे का निगम ने किया अंतिम संस्कार:परिवार की आर्थिक हालत कमजोर; 85 साल की मां को राशन भी दिया

जयपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की जिम्मेदारी निभाने वाले नगर निगम का मंगलवार को एक संवेदनशील और मानवीय चेहरा भी सामने आया। आर्थिक तंगी और पारिवारिक सहारे के अभाव में अपने इकलौते बेटे का अंतिम संस्कार कराने में असमर्थ 85 साल की बुजुर्ग मां की मदद के लिए नगर निगम किशनपोल जोन आगे आया। निगम ने न केवल मृतक का पूरे हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार कराया, बल्कि बुजुर्ग महिला के लिए आने वाले दिनों के भोजन की व्यवस्था करते हुए राशन भी उपलब्ध कराया। परिवार की आर्थिक हालत कमजोर नगर निगम किशनपोल जोन उपायुक्त पवन मीणा ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 8 बजे मोबाइल फोन के जरिए सूचना मिली कि हिदा की मोरी स्थित एक मकान में रहने वाले 56 साल के हनुमान सहाय पुत्र स्वर्गीय भगवान सहाय की मौत हो गई है। मृतक अपनी 85 साल की मां गोपाली देवी के साथ रहता था। सूचना के बाद किशनपोल जोन के अधिकारियों ने वार्ड स्वास्थ्य निरीक्षक अनिल कुमार को मौके पर भेजकर स्थिति की जानकारी ली। जांच में सामने आया कि मृतक की मां गोपाली देवी के अलावा परिवार में कोई अन्य नजदीकी सदस्य नहीं है। इसके साथ ही परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर होने के कारण वह अपने इकलौते बेटे के अंतिम संस्कार का खर्च भी उठाने करने की स्थिति में नहीं थी। इसके बाद निगम ने इस मामले की सूचना रामगंज थाना पुलिस को भी दी गई, जहां पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। आदर्श नगर श्मशान घाट में करवाया अंतिम संस्कार किशनपोल जोन के सहायक अभियंता लक्ष्मीनारायण मीणा ने मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम की गैराज शाखा से वाहन उपलब्ध कराया। नगर निगम की टीम ने मृतक के पार्थिव शरीर को आदर्श नगर श्मशान घाट पहुंचाया, जहां हिंदू रीति-रिवाज और विधि-विधान के अनुसार अंतिम संस्कार कराया गया। वहीं नगर निगम ने अंतिम संस्कार के बाद अकेली रह गई बुजुर्ग महिला की रोजमर्रा की जरूरतों का भी ध्यान रखा। अधिकारियों ने उनके लिए आगामी दिनों के भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए राशन उपलब्ध कराया।

दुष्कर्म का आरोपी प्रिंसिपल सस्पेंड:थाने में मामला दर्ज होने के बाद शिक्षा मंत्री दिलावर ने दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश

डीग जिले के गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल, बरौली चौथ के प्रिंसिपल रणधीर सिंह को दुष्कर्म के आरोप में तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए निलंबन के निर्देश दिए। जानकारी के अनुसार प्रिंसिपल रणधीर सिंह के खिलाफ भरतपुर जिले के उद्योग नगर थाने में एक युवती ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने माध्यमिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट को तत्काल निलंबन की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान में कार्यरत अधिकारी या कर्मचारी द्वारा इस प्रकार का अनैतिक और गंभीर कृत्य किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग की गरिमा बनाए रखने और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए आरोपी के खिलाफ त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई आवश्यक थी। मंत्री ने यह भी कहा कि नैतिक पतन और विभाग की छवि धूमिल करने वाले कार्मिकों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे मामलों में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

हत्या-डकैती की वारदात करने से पहले 4 को दबोचा:3 देशी कट्टे, 1 देशी पिस्टल और 31 जिंदा कारतूस बरामद; वर्चस्व को लेकर रंजिश थी

दौसा में पुलिस ने हत्या और डकैती करने से पहले ही बदमाशों को दबोच लिया। एसपी पीयूष दीक्षित के निर्देशन तथा एएसपी शंकर लाल एवं डिप्टी एसपी धर्मराज चौधरी के सुपरविजन में थाना इंचार्ज सतीश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने गिरोह के चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया है। आरोपियों के कब्जे से 3 देशी कट्टे, 1 देशी पिस्टल, 31 जिंदा कारतूस और एक कार बरामद की गई है। कार्रवाई मानपुर थाना पुलिस ने मंगलवार सुबह की। वारदात को अंजाम देने हथियार सहित निकले थे पुलिस को सूचना मिली थी कि कोटा से आगरा की ओर जा रही एक कार में सवार बदमाश हत्या और डकैती की वारदात को अंजाम देने के लिए हथियार लेकर निकले हैं। सूचना पर मानपुर क्षेत्र में नाकाबंदी कर कोटा नंबर की कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान 315 बोर के 3 देशी कट्टे, 22 बोर 1 देशी पिस्टल, 31 जिंदा कारतूस बरामद किए। हत्या का प्लान था डिप्टी एसपी धर्मराज चौधरी ने बताया- पूछताछ में सामने आया कि गिरोह का मुख्य आरोपी फरदीन खान और उसके साथियों की कोटा के हिस्ट्रीशीटर शाहरुख खान से वर्चस्व और उगाही को लेकर रंजिश चल रही थी। बदमाशों को सूचना मिली थी कि शाहरुख आगरा की ओर से रुपए लेकर लौटेगा। इसी दौरान उसकी हत्या कर लूट की वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई गई थी, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने कार्रवाई कर बड़ी वारदात को टाल दिया। 4 बदमाश गिरफ्तार, एक निरुद्ध डिप्टी एसपी धर्मराज चौधरी ने बताया- इस मामले में बदमाश आसिफ खान (26), निराले खान (19), फरदीन खान (21) और शाहनवाज (24) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी यूपी के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं। जबकि फरदीन वर्तमान में कोटा में रह रहा था। पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सीकर में बदबू से परेशान हुए कॉलोनी के लोग:बोले- घर का गेट खोलना भी मुश्किल, रोजाना 8-10 बच्चे बीमार हो रहे

सीकर में लोग सीवरेज के रिसाव से परेशान हैं। इस समस्या को लेकर नेहरू पार्क के पीछे वार्ड नंबर 18 स्थित महादेव कॉलोनी के लोग मंगलवार को कलेक्टर को ज्ञापन देने पहुंचे। वार्ड पार्षद परमेश्वरी देवी ने बताया- सीवरेज के चैंबर से लगातार रिसाव हो रहा है। सीवरेज का गंदा पानी अब आसपास के गड्‌ढों में जमा हाे गया है। गड्ढों की गंदगी की वजह से बीमारियां फैलने लगी हैं। नगर परिषद के कर्मचारियों को शिकायत करने के बाद भी कोई समाधान नहीं हो रहा है। एरिया में बदबू फैली कॉलाेनी की सुमन शर्मा व मोनिका अग्रवाल ने बताया कि गंदे पानी से आसपास के 500 मीटर के एरिया में बदबू फैल गई है। घर का गेट खोलना भी मुश्किल हो गया है। गंदे पानी में मच्छर पनपने लगे हैं। पिछले 5-7 सालों से बार-बार ये समस्या रूक-रूककर सामने आ रही है। सीवरेज लाइन के 3 चैंबरों से बह रहा गंदा पानी अब आम रास्ते पर जमा होने लगा है, इससे स्थानीय लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। कॉलोनी के तेजपाल सैनी व हनुमान पिलानियां ने बताया- मुख्यमंत्री पोर्टल से लेकर नगर परिषद तक सैकड़ों शिकायतें देने के बाद भी आज तक इस समस्या का कोई स्थाई समाधान नहीं हुआ है। जब से इस इलाके में सीवरेज लाइन डाली गई थी, तभी से यह समस्या लगातार बनी हुई है। सीवरेज लाइन बिछाते समय उचित ढलान (स्लोप) नहीं दिया गया, जिसके कारण पानी की निकासी आगे नहीं हो रही है। सीवरेज का गंदा पानी बैकफ्लो होकर चैंबरों से बाहर आने लगता है। शिकायत करने पर लीपापोती की वार्डवासी विनय शर्मा व आरती सैनी ने बताया कि पिछले 4-5 सालों में जब भी शिकायत की तो नगर परिषद का कर्मचारी मोटर के प्रेशर से थोड़ा सा ब्लॉकेज हटाकर लीपापोती कर देता है, लेकिन कोई स्थाई समाधान नहीं किया जा रहा है। जिस वजह से 1-2 दिन बाद फिर वही स्थिति बन जाती है। कॉलोनी के खाली प्लॉट्स में पानी भरने से अब महामारी की स्थिति बनने लगी है। कॉलोनीवासी पंकज अग्रवाल व पाना देवी ने बताया- सड़क पर जमा रहने वाले इस दूषित पानी के कारण इलाके में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे हैजा, डेंगू, मलेरिया और स्किन संबंधी बीमारियां बढ़ने लगी है। वार्डवासियों ने अब जिला कलेक्टर से मांग की है कि इस समस्या का स्थाई समाधान किया जाए। सीवरेज कंपनी और नगर परिषद के कार्मिकाें को पाबंद कर सीवरेज लाइन के ढलान को सुधारा जाए ताकि गंदे पानी का बैकफ्लो होना बंद हो सके।