ब्रेकिंग न्यूज़
प्याज-टमाटर के दाम बढ़े, जून में वेज थाली 5% महंगी:नॉनवेज-थाली की कीमतों में भी इजाफा, मौसम की मार से दालों के दाम बढ़ेंगे

घर पर तैयार होने वाली वेज थाली की एवरेज कीमत देशभर में 5% बढ़कर 28.4 रुपए हो गई है। पिछले साल जुलाई-2025 में वेज थाली की कीमत 28.1 रुपए थी। रेटिंग एजेंसी क्रिसिल ने मंथली रिपोर्ट में बताया कि, जून-2026 में टमाटर, प्याज, खाने का तेल और रसोई गैस सिलेंडर महंगा होने से थाली की कीमत बढ़ी है। महंगाई से आलू की कीमतों में आई गिरावट के असर भी खत्म हो गया। एजेंसी की राइस रोटी रेट (RRR) रिपोर्ट के मुताबिक, चिकन की सप्लाई घटने से नॉन-वेज थाली की कीमत भी जून में 6% महंगी हुई है। वहीं, मौसम की मार के कारण आने वाले दिनों में दालों की कीमत भी बढ़ सकती हैं। मई के मुकाबले जून में भी बढ़ी थाली की कीमत अगर महीने-दर-महीने (मई 2026 के मुकाबले जून 2026) के आधार पर देखें, तो वेज थाली 4% और नॉन-वेज थाली 3% महंगी हुई है। इस दौरान मासिक आधार पर टमाटर के दाम 17%, आलू के 5% और प्याज के दाम 8% बढ़े हैं, जिससे थाली की लागत ऊपर गई। वहीं कम सप्लाई के बीच ब्रॉयलर की कीमतों में भी महीने-दर-महीने के आधार पर 2% की बढ़त अनुमानित है। मिडिल ईस्ट संकट से LPG और खाद्य तेल 10% महंगे क्रिसिल इंटेलिजेंस के डायरेक्टर पुशन शर्मा के मुताबिक, मिडिल ईस्ट में अमेरिका-ईरान के बीच चल रही जंग के कारण ग्लोबल लेवल पर सप्लाई चेन प्रभावित हुई है। इससे खाने का तेल और LPG सिलेंडर की कीमतों में सालाना आधार पर 10-10% की बढ़ी है। इससे दोनों थाली के दाम ऊंचे स्तर पर बने हुए हैं। टमाटर 31% महंगा, ₹42 किलो हुआ, आलू 14% सस्ता जून 2025 में जो टमाटर ₹32 प्रति किलो था, वह जून 2026 में 31% महंगा होकर ₹42 प्रति किलो पर पहुंच गया है। टमाटर महंगा होने की वजह फरवरी-मार्च में ज्यादा तापमान के कारण गर्मियों की फसल की बुआई में देरी और कम रोपाई है। दूसरी तरफ, ज्यादा कीमत वाले रबी के स्टॉक के बाजार में आने से प्याज की कीमतें भी सालाना आधार पर 2% बढ़ी हैं। हालांकि, नई रबी फसल के आने से आलू की कीमतों में 14% की गिरावट आई है, जिससे थाली की लागत कम करने में मदद मिली। गर्मी से ब्रॉयलर की सप्लाई घटी, नॉन-वेज थाली 7% महंगी नॉन-वेज थाली की कीमत बढ़ने का सबसे बड़ा कारण ब्रॉयलर (चिकन) की कीमतों में सालाना आधार पर हुआ 7% का इजाफा है। नॉन-वेज थाली की कुल लागत में ब्रॉयलर का हिस्सा करीब 50% होता है।
जून में भीषण गर्मी के चलते पक्षियों की मृत्यु दर बढ़ गई, उनका वजन कम हुआ और पोल्ट्री फार्म्स ने नए चूजों को रखने में कम रुचि दिखाई। इससे बाजार में ब्रॉयलर की सप्लाई काफी कम हो गई और दाम बढ़ गए। फसलों को नुकसान से दालें महंगी रहेंगी पुशन शर्मा ने बताया कि उड़द और मूंग का पुराना स्टॉक (ओपनिंग स्टॉक) पहले से ही कम है। इसके साथ ही कर्नाटक, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में मौसम की मार के कारण दालों की पैदावार को नुकसान हुआ है, जिससे आगे भी दालों की कीमतों में तेजी रहने की आशंका है। इसी तरह, प्रमुख उत्पादक राज्यों में लगातार बारिश की कमी के कारण बुआई में देरी और नमी के तनाव से खरीफ की प्याज और टमाटर की पैदावार घट सकती है। प्याज और टमाटर के दाम ऊंचे रहने के आसार कम रबी सप्लाई और खरीफ की आवक में देरी के कारण मध्यम अवधि में प्याज की कीमतें मजबूत रहने की उम्मीद है। इसके साथ ही, खरीफ की बुआई में देरी और सीजनल तौर पर कम सप्लाई के चलते जुलाई और अगस्त के दौरान टमाटर के दाम भी ऊंचे बने रह सकते हैं। सितंबर में खरीफ की आवक बढ़ने से मिल सकती है राहत रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई के दौरान टमाटर की कीमतें काफी संवेदनशील बनी रहेंगी, क्योंकि मुख्य उत्पादक क्षेत्रों में मानसून के कारण लॉजिस्टिक्स में कोई भी बाधा या फसल को नुकसान होने से सप्लाई और घट सकती है, जिससे कीमतें ऊंची बनी रहेंगी। हालांकि, सितंबर महीने से दक्षिण और पश्चिमी क्षेत्रों से खरीफ की आवक बेहतर होने के साथ कीमतों में कमी आने की उम्मीद है। यह सुधार इस बात पर निर्भर करेगा कि मानसून की बारिश का वितरण कैसा रहता है, फसल की सेहत कैसी है और सप्लाई बिना किसी रुकावट के बाजार तक पहुंचती है या नहीं।

'ऑपरेशन क्लीन' के विरोध में सर्वधर्म समाज का प्रदर्शन:पैदल मार्च भी निकाला, कांग्रेस नेता बोले- धार्मिक मुद्दों पर राजनीति कर रही है सरकार

फलोदी के मेजर शैतान सिंह स्टेडियम में बुधवार को सर्वधर्म समाज सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में फलोदी जिले के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। आयोजन के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों में ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत धार्मिक स्थलों पर की जा रही कार्रवाई का विरोध किया गया। सम्मेलन के बाद सर्वधर्म समाज के लोगों ने मेजर शैतान सिंह स्टेडियम से जिला कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला। इसके बाद जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह को राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर सीमावर्ती क्षेत्रों में चल रही कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर लगाए आरोप सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता करण सिंह उचियारड़ा ने राज्य और केंद्र सरकार पर धार्मिक मुद्दों पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने राम मंदिर में हुई चोरी की घटना का उल्लेख करते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। पूर्व विधायक किसनाराम बिश्नोई ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में हिंदू और मुस्लिम समुदाय लंबे समय से भाईचारे के साथ रह रहे हैं। उनका आरोप था कि मौजूदा कार्रवाई से सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो रहा है और धार्मिक स्थलों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। बोले- धार्मिक स्थलों को नुकसान नहीं होना चाहिए कांग्रेस जिलाध्यक्ष सलीम नागौरी ने कहा कि देश की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, लेकिन धार्मिक स्थलों को ध्वस्त करना उचित नहीं है। उन्होंने कारगिल युद्ध से लेकर हाल के सैन्य अभियानों तक देश की रक्षा में सभी समुदायों के योगदान का उल्लेख किया। कांग्रेस नेता प्रकाश छंगाणी ने 1971 के युद्ध के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों की भूमिका का जिक्र किया। वहीं कुंभ सिंह पातावत ने सरकार की नीतियों की आलोचना की। पीसीसी सदस्य महेश व्यास ने सभी समुदायों से एकजुट रहने की अपील की, जबकि एनएसयूआई के पूर्व अध्यक्ष अभिषेक चौधरी ने सामाजिक सौहार्द बनाए रखने पर जोर दिया। इन वक्ताओं ने भी रखे विचार सम्मेलन को केआर मेघवाल, पूर्व सभापति पन्नालाल व्यास, मौलवी रहमतुल्ला, हाजी उमरदीन सिंधी, पवित्र सिंह विश्नोई, कीर्ति सिंह भील, नीरू परिहार, गुलाम मुल्ला, मेहबूब खान, भैराराम मकवाना, हरभज राम विश्नोई और गोरधन जयपाल सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन श्रीगोपाल व्यास और गोरधन जयपाल एडवोकेट ने किया। इस दौरान जयप्रकाश पुरोहित, एडवोकेट सतीश विश्नोई, अशोक व्यास, पूर्व पार्षद सत्यनारायण गुचिया, प्रेमसिंह राजपुरोहित, रेशमाराम विश्नोई, मोमराज विश्नोई सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और सर्वधर्म समाज के लोग मौजूद रहे।

झुंझुनूं SP बोले-पुलिस और समाज के बीच चर्चा जरूरी:पुलिस लाइन में 'संवाद और सम्मान' कार्यक्रम; जागरूक रहने की सलाह दी

झुंझुनूं SP काव्येंद्र सागर ने कहा- केवल कानूनों का होना ही काफी नहीं है, बल्कि उन कानूनों को सुरक्षा चक्र में बदलने के लिए समाज और पुलिस के बीच लगातार संवाद होना भी जरूरी है। एसपी काव्येंद्र बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित ‘संवाद और सम्मान’ कार्यक्रम में बोल रहे थे। कार्यक्रम में पुलिस, NGO के सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता, महिला पुलिसकर्मी और बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। महिला सुरक्षा शीर्ष प्राथमिकता SP काव्येंद्र सागर ने कहा- महिला सुरक्षा हमारी प्राथमिकता के शीर्ष पर है। कानून के पास ताकत है लेकिन उसे असरदार बनाने का काम आमजन की जागरूकता करती है। हमारा उद्देश्य पुलिस और महिलाओं के बीच की दूरी को मिटाना है। ताकि हर महिला निडर होकर अपनी बात कह सके। हम एक ऐसा वातावरण तैयार कर रहे हैं जहां तकनीक और आपसी संवाद मिलकर अपराध को पनपने ही न दें। महिला सुरक्षा को लेकर झुंझुनूं पुलिस अब एक नए दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ रही है। ​पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को संकट के समय मददगार साबित होने वाले इन डिजिटल टूल्स और कानूनी प्रावधानों के बारे में जानकारी दी- ​’प्रहरी’ बनीं महिला वॉलन्टियर्स: समाज के प्रति जिम्मेदारी ​इस कार्यक्रम ने महिला सशक्तिकरण के एक नए अध्याय की शुरुआत की है, जिसमें सुरक्षा सखी, साथिन, महिला अधिवक्ता और स्वास्थ्य कर्मी शामिल हुए। पुलिस अधीक्षक ने इन सभी को ‘सकारात्मक दूत’ बताया। कार्यक्रम के अंत में थाना स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला वॉलन्टियर्स को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान न केवल उनके प्रयासों को सराहा गया, बल्कि अन्य महिलाओं को भी समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। ये रहे मौजूद ​इस संवाद कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) देवेन्द्र सिंह राजावत, वृताधिकारी (शहर) गोपाल सिंह ढ़ाका, वृताधिकारी (ग्रामीण) हरिसिंह धायल, अम्बिका चौधरी (आरपीएस प्रोबे.) सहित जिले के गणमान्य नागरिक और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

दौसा में लग्जरी-स्लीपर बसों पर कार्रवाई:टीम ने जांच के बाद वाहन जब्त किए, चालान काटे; रोड सेफ्टी का अभियान

लग्जरी और स्लीपर बसों में सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने के लिए बुधवार को दौसा में विशेष अभियान शुरू किया गया। अभियान के तहत संयुक्त निरीक्षण दल ने जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर संचालित लक्जरी एवं स्लीपर बसों की जांच की। इस दौरान नियमों का उल्लंघन मिलने पर कई बसों के चालान किए गए तथा कुछ बसों को जब्त भी किया गया। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर चलाए अभियान के संयुक्त निरीक्षण दल में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव संतोष अग्रवाल, एमजेएम डॉ. ऋचा कौशिक, लालसोट एडीएम मनमोहन मीणा, एएसपी शंकरलाल मीणा, डीटीओ संजीव भारद्वाज और ट्रैफिक इंचार्ज गोपाल लाल शर्मा सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। गाइडलाइन की पालना के निर्देश निरीक्षण के दौरान बसों में सुरक्षा उपकरणों, मॉडिफिकेशन और गाइडलाइन के तहत जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित बसों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए चालान बनाए गए। प्राधिकरण के सचिव संतोष अग्रवाल ने बताया कि विशेष अभियान एक माह तक चलेगा। उन्होंने आमजन और वाहन संचालकों से मोटर वाहन अधिनियम और राज्य सरकार के निर्देशों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि इससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।

राष्ट्रीय युवा संसद में जोधपुर की दर्शना पहले नंबर पर:एक्सीडेंट में जान बचाने की 750 लोगों को दी ट्रेनिंग, पढ़ें शहर की प्रमुख खबरें

राष्ट्रीय युवा संसद 3.0 में जोधपुर की दर्शना राजपुरोहित ने पहला स्थान हासिल किया है। जोधपुर के डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के पीएसएम डिपार्टमेंट की ओर से 700 से ज्यादा कर्मचारियों को एक्सीडेंट में जान बचाने की ट्रेनिंग दी गई। इसके साथ ही कलेक्टर आलोक रंजन ने बुधवार को ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण किया। पढ़ें शहर की प्रमुख खबरें… दर्शना राजपुरोहित ने हासिल किया पहला स्थान जोधपुर निवासी कुमारी दर्शना राजपुरोहित पुत्री नरेंद्र सिंह राजपुरोहित (एडवोकेट) ने राष्ट्रीय युवा संसद 3.0 में हिस्सा लिया। इस नेशनल युवा संसद में उन्होंने 25 राज्यों में प्रथम स्थान हा​सिल किया। इसमें दर्शना ने सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर की भूमिका निभाते हुए महिला सशक्तिकरण और समान प्रतिनिधित्व विधेयक-2026 को लेकर विचार रखे। इस पर मंच मंत्रालय और राजस्थान सरकार की ओर से पुरस्कार, स्कॉल​रशिप और नकद राशि से उन्हें सम्मानित किया गया। साथ ही उन्होंने उन्हें संसद भवन नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों एवं लोकसभा अध्यक्ष से भी मुलाकात की। कलेक्टर आलोक रंजन ने ग्रामीण सेवा शिविर का किया निरीक्षण कलेक्टर आलोक रंजन ने बुधवार को पंचायत समिति बालेसर की ग्राम पंचायत राणाजी बेलवा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने राजस्व विभाग को निर्देश दिए कि पारंपरिक श्मशान जमीनों का वेरिफिकेशन कर उन्हें रिकॉर्ड में लिया जाए। साथ ही उन्होंने सार्व​जनिक जमीनों पर हुए अवैध अतिक्रमण को भी हटाने को कहा। कलेक्टर ने डिस्कॉम को ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को समय रहते निपटाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा- ग्रामीण सेवा शिविर केवल योजनाओं का लाभ प्रदान करने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों की आधारभूत समस्याओं की पहचान कर उनका स्थायी समाधान सुनिश्चित करने का प्रभावी मंच भी हैं। इस अवसर पर बालेसर उपखंड अधिकारी भवानी सिंह सहित समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे। मिलेगा 2 करोड़ तक का लोन राजस्थान ट्रेड प्रमोशन पॉलिसी-2025 के तहत नए सूक्ष्म व्यापारिक उद्यम स्थापित करने पर करोड़ का लोन मिलेगा। जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र जोधपुर की महाप्रबंधक पूनम राठौड़ ने बताया कि इस योजना के तहत 1 करोड़ रुपए का लोन 6 प्रतिशत और 1 करोड़ से ज्यादा का लोन 4 प्रतिशत ब्याज अनुदान का पुनर्भरण किया जाएगा। CGTMSE शुल्क एवं इंश्योरेंस प्रीमियम के भुगतान का 50 प्रतिशत तक पुनर्भरण किया जा सकेगा। साथ ही ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर एक वर्ष तक ई-कॉमर्स के माध्यम से किए गए लेन-देन पर प्लेटफॉर्म फीस/शुल्क (शिपिंग शुल्क के अतिरिक्त) का 75 प्रतिशत, अधिकतम 50 हजार रुपए हर साल पुनर्भरण किया जाएगा। महाप्रबंधक राजस्थान ट्रेड प्रमोशन पॉलिसी-2025 के अंतर्गत नए सूक्ष्म व्यापारिक उद्यम स्थापित करने के लिए ऑनलाइन आवेदन SSO आईडी के माध्यम से किया जा सकता है। बेसिक लाइफ सपोर्ट की दी ट्रेनिंग डॉ. एस.एन. मेडिकल कॉलेज जोधपुर के पीएसएम डिपार्टमेंट में डॉ. रवि नागाल के नेतृत्व में पुलिस ट्रेनिंग स्कूल जोधपुर बेसिक लाइफ सपोर्ट कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें 150 अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा 606 रिक्रूट कॉन्स्टेबलों को सड़क दुर्घटना एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में घायल व्यक्तियों को बेसिक लाइफ सपोर्ट की ट्रेनिंग दी। इस ट्रेनिंग में डॉ. महेश खत्री एवं डॉ. प्रदीप सारण ने भी सीपीआर की ट्रेनिंग देते हुए इसके बारे में बताया। एमडीएम अस्पताल के जेरियाट्रिक विभाग को चार व्हीलचेयर भेंट लास वेगास (अमेरिका) निवासी जुड़वां भाइयों आदित्य कल्ला और यश कल्ला ने बुधवार को एमडीएम अस्पताल जोधपुर के जेरियाट्रिक (वृद्धजन) विभाग को चार व्हीलचेयर गिफ्ट की। यह व्हीलचेयर उन्होंने अपने पैतृक दादा-दादी स्वर्गीय एस. एस. कल्ला तथा ननिहाल के नाना-नानी एस. एन. पुरोहित की याद में दी। आदित्य और यश कल्ला ने भी इस दौरान मौजूद थे। दोनों भाई वर्तमान में अमेरिका के लास वेगास में पढ़ते हैं।

काला तिल 11000 रुपए प्रति क्विंटल पहुंचा:जीरा, सौंफ और इसबगोल के भाव गिरे

नागौर कृषि उपज मंडी समिति के 8 जुलाई 2026 के भावों में अधिकांश जिंसों के अधिकतम भावों में हल्की गिरावट दर्ज की गई। जीरा, सौंफ, इसबगोल, मूंग और ग्वार सहित कई फसलों के भाव 7 जुलाई की तुलना में नीचे रहे, जबकि काला तिल और सफेद तिल में अच्छी तेजी देखने को मिली। पढ़ें मंडी के भाव तिल की फसलों में तेजी वहीं तिल की फसलों में तेजी दर्ज की गई। काला तिल का अधिकतम भाव 9500 रुपए से बढ़कर 11000 रुपए प्रति क्विंटल पहुंच गया। सफेद तिल भी 11000 रुपए से बढ़कर 12000 रुपए प्रति क्विंटल पर बिके। कुल मिलाकर 8 जुलाई को नागौर मंडी में अधिकांश जिंसों में हल्की नरमी रही, जबकि तिल वर्ग की फसलों ने किसानों को बेहतर भाव दिए।

क्रेन-बाइक भिड़ंत में पति-पत्नी की मौत:आरोपी ड्राइवर मौके से हुआ फरार, दोवड़ा पुलिस जांच में जुटी

डूंगरपुर के दोवड़ा थाना क्षेत्र में दोवड़ा तिराहे पर एक क्रेन और बाइक की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्रेन ड्राइवर मौके से फरार हो गया। दोवड़ा थाने के एएसआई मणिलाल ने बताया कि उन्हें फोन पर दोवड़ा तिराहे पर दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दोवड़ा थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस को मौके पर एक पुरुष और एक महिला मृत अवस्था में मिले। उनकी पहचान रतनपुरा निवासी गणेश लाल और उनकी पत्नी जशोदा के रूप में हुई। हादसे के बाद क्रेन ड्राइवर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने निजी वाहन से दोनों शवों को डूंगरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर परिजन भी जिला अस्पताल पहुंचे और शवों को मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार क्रेन ड्राइवर की तलाश जारी है।

देवल गामड़ी में 2 घरों से लाखों की चोरी:सोने-चांदी के जेवर, कैश ले गए चोर; 3 घरों में जागने से बची वारदात

डूंगरपुर के सदर थाना क्षेत्र के देवल गामड़ी में मंगलवार रात दो घरों में चोरी की वारदात हुई। चोर लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नकदी चुरा ले गए। इसी दौरान तीन अन्य घरों में चोरी का प्रयास किया गया, लेकिन लोगों के जागने से बड़ी वारदात टल गई। गामड़ी देवल के जनप्रतिनिधि अशोक कुमार अहारी ने बताया कि मंगलवार रात कुल पांच जगहों पर चोरी या चोरी का प्रयास हुआ। संजय कुमार नटवरलाल पंचाल के सूने घर को निशाना बनाया गया। संजय और उनका परिवार पिछले 15 दिनों से खेरवाड़ा स्थित अपने घर पर रह रहा था। चोरों ने घर के ताले तोड़कर भीतर घुसे और लोहे की पेटी तोड़ दी। पेटी से 5 तोला सोने की चूड़ियां, 2 तोला सोने की चेन, 2 किलो चांदी के जेवर, 75 चांदी के मनके और 21 तोला चांदी की पायजेब चोरी कर ली गई। इसके अतिरिक्त 10 हजार रुपए नकद भी चुराए गए। चोरों ने नाथू धना यादव के घर के भी ताले तोड़े और वहां से सोने-चांदी के जेवर व 80 हजार रुपए नकद चुरा लिए। नाथू ने बताया कि उन्होंने पांच दिन पहले ही एक समूह से 50 हजार रुपए लिए थे, जो अब चोरी हो गए। इसके अलावा चोरों ने दला कचरा यादव की दुकान का शटर तोड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन दला के जागने पर वे भाग गए। कालू रत्ना यादव और कुरिलाल भट्ट के घरों में भी चोरी का प्रयास किया गया, पर उनके जागने से चोर सफल नहीं हो पाए। ग्रामीणों ने दो चोरों को भागते हुए देखा और बताया कि चोर मौके पर हथियार भी छोड़ गए थे। पुलिस अब चोरों की तलाश कर रही है। उन्होंने बताया कि चोर करीब 11.30 बजे आए थे। चोर धारिया, फेट जैसे हथियार छोड़कर भाग गए है। कुरीलाल में बताया की जागने पर उन्होंने बाहर निकलर देखा, जिस पर 2 चोर भाग रहे थे। उनके दूसरे भी साथी होने की संभावना है। वहीं, लोगों ने चोरी की बढ़ती वारदातों पर आक्रोश जताया है। लोगों ने इससे पहले भी हुई चोरी की वारदातों का खुलासा नहीं होने पर नाराजगी जताई ओर जल्द खुलासा करने की मांग रखी।

कार के शीशों से काली फिल्म-जातिसूचक शब्द हटाए:भीलवाड़ा ट्रैफिक पुलिस का एक्शन; 16 जुलाई तक चलेगा अभियान

भीलवाड़ा में ट्रैफिक पुलिस ने बुधवार को उन कारों को रोका जिनके शीशे पर काली फिल्म चढ़ी थी या फिर जातिसूचक शब्द लिखे थे। पुलिस की इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया और कई ड्राइवर राह बदलते नजर आए। बता दें कि प्रदेश में 2 जुलाई से यातायात पखवाड़ा शुरू हुआ था। इसके तहत यह कार्रवाई की जा रही है। यातायात पखवाड़ा 16 जुलाई तक चोगा। भीलवाड़ा में ट्रैफिक पुलिस ने दर्जनों गाड़ियों को रुकवाकर ब्लैक फिल्म हटाई और जातिसूचक नाम हटवाए। सीट बेल्ट नहीं लगाने वालों के चालान काटे और जुर्माना भरवाया। काली फिल्म-जातिसूचक शब्द हटवाए भीलवाड़ा यातायात पुलिस ने सर्किट हाउस चौराहे पर दोपहिया और चौपहिया वाहनों की जांच की। ड्राइवरों और सवारों को हेलमेट, सीट बेल्ट लगाने की हिदायत दी। कई गाड़ियों के चालान काटे। शीशे पर काली फिल्म नहीं चढ़ाने को लेकर आगाह भी किया। 16 जुलाई तक जारी रहेगा अभियान ट्रैफिक इंचार्ज टेपण ने बताया- ट्रैफिक सुरक्षा पखवाड़ा चल रहा है। इसका मकसद लोगों को ट्रैफिक रूल्स का पालन कराने और ट्रैफिक नियमों की जानकारी देना है। अलग अलग थाना इलाकों में अलग अलग टीमें प्रमुख चौराहों पर यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। पुलिस से बचने के लिए ड्राइवर्स ने बदला रूट यातायात पुलिस की इस कार्रवाई के बाद फोर व्हीलर ड्राइवर में हड़कंप मच गया। कई फोर व्हीलर ड्राइवर पुलिस से बचने के लिए दूसरे रास्ते से निकलते हुए भी नजर आए।

ब्यावर में 450 किलो मूंगफली तेल सीज:मिलावट की आशंका पर सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे, रिपोर्ट के आधार होगी कार्रवाई

‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के तहत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग का खाद्य पदार्थों की जांच का अभियान जारी है। इसके तहत खाद्य सुरक्षा दल ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान मूंगफली तेल का नमूना लेकर 450 किलो तेल सीज किया गया। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा विभाग को मिली एक शिकायत के आधार पर की गई। पुलिस थाना सिटी की मौजूदगी में अरोड़ा ट्रांसपोर्ट पर जांच की गई। जांच के दौरान ‘स्वास्तिक मूंगफली तेल’ के टीन पाए गए, जिन्हें न्यू पाली स्थित स्वास्तिक फर्म द्वारा बिजयनगर भेजा जा रहा था। खाद्य सुरक्षा दल ने इन तेल के नमूनों को प्रयोगशाला परीक्षण के लिए सुरक्षित किया। कुल 15-15 किलो के 30 टीन, यानी 450 किलो तेल को मौके पर ही सीज कर दिया गया। संबंधित दुकानदार को निर्देश दिए गए हैं कि प्रयोगशाला रिपोर्ट आने तक इस तेल का विक्रय न किया जाए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी नारायण सिंह ने बताया कि मौसम परिवर्तन और आगामी विवाह-त्योहारों के मद्देनजर जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच का अभियान लगातार जारी रहेगा। अभियान के अगले चरण में तेल निर्माताओं, हलवाइयों, बेकरी संचालकों, दूध-दही डेयरियों तथा होटल-रेस्टोरेंट्स की सघन जांच की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि आज लिए गए नमूनों को जांच के लिए अजमेर स्थित प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।