ब्रेकिंग न्यूज़
राजेश आर्य होंगे भीलवाड़ा के नए ASP:पारस जैन को जयपुर भेजा, अंजुम कायल संभालेंगी शाहपुरा

भीलवाड़ा में पुलिस में प्रशासनिक बदलाव हुआ है। राजस्थान सरकार ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) स्तर के 49 अधिकारियों के तबादले किए हैं। पिछले करीब डेढ़ साल पहले आए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस मल जैन का तबादला जयपुर कर दिया गया है। राजेश आर्य को जिम्मेदारी मिली उनकी जगह शाहपुरा में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत राजेश आर्य को भीलवाड़ा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जबकि अंजुम कायल को शाहपुरा की नई एएसपी के पद पर लगाया गया है। अंजुम अभी बीकानेर में है और एएसपी सीआईडी सीबी के पद पर हैं। इन तबादलों को जिले की पुलिस व्यवस्था में नए सिरे से जिम्मेदारियां तय करने के तौर पर देखा जा रहा है। पारस जैन को जयपुर भेजा संयुक्त शासन सचिव (पुलिस) मनीष गोयल की ओर से जारी तबादला सूची में पारस जैन को जयपुर भेजा गया है। जैन करीब डेढ़ साल से भीलवाड़ा एएसपी थे। अब उनकी जगह राजेश आर्य को लगाया गया है वर्तमान में आर्य शाहपुरा में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं और जिले की भौगोलिक स्थिति और पुलिस व्यवस्था से उनकी पहले से अच्छी पहचान मानी जा रही है। जिसका फायदा उनके नए कार्यकाल में देखने को मिल सकता है।

विजय बोले- करूर भगदड़ मेरे जीवन का सबसे बड़ा दर्द:पुलिस भीड़ संभालने में नाकाम रही, DMK ने 41 मौतों का जिम्मेदार मुझे ठहराया

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के अध्यक्ष सी. जोसेफ विजय भगदड़ की घटना के बाद पहली बार करूर पहुंचे। उन्होंने करूर के एटलस ग्राउंड में भगदड़ में जान गंवाने वालों 41 लोगों के परिजनों को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे। विजय ने जनसभा में कहा- 2025 का करूर की घटना मेरे जीवन का सबसे बड़ा दर्द है।। उन्होंने कहा- पुलिस भीड़ को संभालने में नाकाम रही लेकिन तत्कालीन DMK सरकार ने लोगों की मौत के लिए मुझे जिम्मेदार ठहराने की कोशिश की। करूर में 27 सितंबर 2025 को TVK की पहली चुनावी रैली में भगदड़ मच गई थी। इसमें 41 लोगों की मौत हो गई थी और 100 से ज्यादा घायल हुए थे। इस साल विधानसभा चुनाव में TVK पहली बार चुनाव लड़ने के बावजूद सबसे बड़ी पार्टी बनी। गठबंधन के समर्थन से पार्टी ने सरकार बनाई और विजय मुख्यमंत्री बने। CM बोले- पुलिस ने भीड़ को लेकर चेतावनी नहीं दी थी, 5 आरोप 27 सितंबर 2025: कैसे मची भगदड़, तस्वीरों के साथ जानिए मृतकों की याद में स्मारक बनाने का ऐलान विजय ने हादसे में जान गंवाने वालों की याद में करूर में TVK की ओर से स्मारक बनाने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि यह स्मारक इसलिए बनाया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां इस घटना को याद रखें और भविष्य में ऐसी त्रासदियों का राजनीतिक इस्तेमाल न हो। विजय ने DMK पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने पिछली सरकार पर भ्रष्टाचार और राजनीतिक बदले की भावना से काम करने का आरोप लगाया और लोगों से आगामी चुनाव में DMK को हराने की अपील की। विजय की सुरक्षा में चूक, बैरिकेड तोड़कर युवक काफिले की तरफ दौड़ा मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा में चूक भी हुई। एक युवक बैरिकेड तोड़कर उनके काफिले की ओर दौड़ पड़ा, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उसे तुरंत पकड़ लिया और काफिला बिना किसी रुकावट के आगे बढ़ गया। विजय के स्वागत के लिए हजारों समर्थक सड़कों पर जुटे। लोगों ने उनके काफिले पर फूल बरसाए। पूरे जिले में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था, बैरिकेड लगाए गए थे और QR कोड आधारित प्रवेश व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम से पहले मद्रास हाईकोर्ट ने तमिलनाडु सरकार को पीड़ित परिवारों को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी देने की अनुमति दी, लेकिन कहा कि ये नियुक्तियां अस्थायी होंगी और सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामले के अंतिम फैसले पर निर्भर करेंगी। —————————– यह खबर भी पढ़ें… TVK का दावा- तमिलनाडु में विजय सरकार गिराने की साजिश, 15 विधायकों का एक साथ इस्तीफा कराने 35 करोड़ रिश्वत देने की कोशिश तमिलनाडु में एक्टर विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के विधायकों को 35 करोड़ रुपए का लालच देकर राज्य सरकार को गिराने की कथित साजिश का दावा किया गया है। राज्य के खुफिया विभाग ने कहा है कि इस योजना को समय रहते नाकाम कर दिया गया। पूरी खबर पढ़ें…

तुलसां लिफ्ट परियोजना से 10 दिन पानी की मांग:धान की फसल बुआई के लिए जरूरी, विधायक भाया ने कलेक्टर को लिखा लेटर

बारां में धान की रोपाई को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है। इसे देखते हुए अंता विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रमोद जैन भाया ने जिला कलेक्टर को लेटर लिखा है। उन्होंने तुलसां लिफ्ट सिंचाई परियोजना से अगले 10 दिनों तक धान की रोपाई और सिंचाई के लिए पानी छोड़ने की मांग की है। विधायक भाया ने अपने लेटर में बताया कि इस वर्ष मानसून देरी से आया है और अब तक सामान्य से कम बारिश हुई है। इसके कारण खेतों में पर्याप्त नमी नहीं बन पाई है, जिससे धान की रोपाई प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय धान की रोपाई का सबसे महत्वपूर्ण चरण है। यदि किसानों को समय पर सिंचाई के लिए पानी नहीं मिला, तो रोपाई में देरी होगी। इससे न केवल उत्पादन प्रभावित होगा, बल्कि किसानों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ेगा। विधायक ने जिला प्रशासन से किसानों के हितों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया है। उन्होंने तुलसां लिफ्ट सिंचाई परियोजना से तत्काल प्रभाव से अगले 10 दिनों तक पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। भाया का मानना है कि इससे क्षेत्र के हजारों किसानों को समय पर धान की रोपाई करने में मदद मिलेगी और उनकी फसल सुरक्षित रह सकेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन किसानों की समस्या पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगा।

196 साल पुराने इंद्र विमान पर विराजमान होंगे भगवान श्रीजगन्नाथ:दुबई से आए कपड़े से बनेगी पोशाक; शोभायात्रा के साथ माता जानकी को लेने जाएंगे

अलवर शहर के सुभाष चौक स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर से 22 जुलाई को भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। भगवान 196 साल पुराने इंद्र विमान पर विराजमान होकर रूपबास के लिए निकलेंगे। इंद्र विमान को जगन्नाथ पुरी की तर्ज पर आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। भगवान दुबई से आए कपड़े से बनी पोशाक को धारण करेंगे। मंदिर के महंत पंडित पुष्पेंद्र शर्मा ने बताया कि रथयात्रा में श्रद्धालु भगवान के बाराती बनकर शामिल होंगे। यात्रा में हरियाणा का प्रसिद्ध बमरसिया नृत्य, पांच शंखवादक, 16 सदस्यीय घड़ियाल पार्टी, करतब दिखाते पट्टेबाज, ऊंट-घोड़े, बैंड, पुलिस बैंड, ताशा पार्टी, शहनाई वादन, प्याऊ तथा आकर्षक धार्मिक झांकियां शामिल रहेंगी। इंद्र विमान की दूसरी मंजिल पर भगवान श्री जगन्नाथ की प्रतिमा विराजमान रहेगी, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगी। 12 जुलाई से शुरू होंगे धार्मिक अनुष्ठान महंत पंडित पुष्पेंद्र शर्मा ने बताया कि रथयात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत 12 जुलाई को गणेश पूजन से होगी। इस दिन इंदौर से मंगाई गई पवित्र मौली भगवान श्री जगन्नाथ को बांधी जाएगी। इसके बाद 16 जुलाई को गलता जी, पुष्कर और प्रयागराज से लाए गए पवित्र जल और दुबई से मंगाए गए केसर, दूध, घी और माखन से भगवान का विशेष अभिषेक किया जाएगा। इसी दिन भगवान के कंगन-डोरे बांधकर नई पोशाक धारण कराई जाएगी। दुबई से आए कपड़े की पोशाक धारण करेंगे भगवान महंत ने बताया कि दुबई निवासी एक श्रद्धालु हर साल भगवान श्री जगन्नाथ के लिए विशेष पोशाक भेजते हैं। इस बार भी दुबई से कपड़ा भेजा गया है, जिससे जयपुर में भगवान की पोशाक तैयार की जा रही है। इसके साथ ही दुबई सहित अलग-अलग स्थानों से विशेष सुगंधित इत्र भी आए हैं।
बमरसिया नृत्य रहेगा खास आकर्षण रथयात्रा में हरियाणा का पारंपरिक बमरसिया नृत्य विशेष आकर्षण रहेगा। इस लोकनृत्य में दो कलाकार विशाल नगाड़े को डंडों से बजाते हैं, जबकि तीन कलाकार रंग-बिरंगे फूंदों और पंखों से सजी लकड़ियों को हवा में उछालते हुए नृत्य प्रस्तुत करते हैं। नगाड़े के साथ चिमटा, ढोलक, मंजीरा और खड़ताल की संगत पूरे वातावरण को भक्तिमय बना देती है।

मुहाना में सोना माता प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव 12 को:समारोह में जुटेंगे प्रदेशभर से डोरवाल समाज के लोग, कलश-ध्वज यात्रा से होगा शुभारंभ

जयपुर में सांगानेर तहसील इलाके के मुहाना गांव में तालाब की पाल पर सोना माता मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह 2 दिवसीय महोत्सव शनिवार से शुरू होगा।
यह आयोजन श्री चारभुजा नाथ, सोना माता और पराग महाराज की असीम कृपा से होगा, जिसमें प्रदेशभर के डोरवाल समाज के लोग शामिल होंगे। कलश और ध्वज यात्रा से होगा शुभारंभ दो दिवसीय आयोजन का शुभारंभ शनिवार 11 जुलाई को सुबह 11:15 बजे कलश यात्रा व ध्वज यात्रा से होगी, जो श्री चारभुजा मंदिर से सोना मंदिर तक निकाली जाएगी। इसके बाद दोपहर 12:15 बजे हवन-पूजन, शाम 6:30 बजे भोजन प्रसादी और रात्रि 8:30 बजे से माताजी मंदिर में जागरण सत्संग का आयोजन होगा। प्राण प्रतिष्ठा के बाद होगा भामाशाह सम्मान समारोह महोत्सव के दूसरे दिन रविवार 12 जुलाई को सुबह 7:15 बजे पूजा-अर्चना, 8:15 बजे नवचंडी पाठ एवं महामृृत्युंजय जाप होगा। इसके बाद दोपहर 12:15 बजे सोना माता की प्राण प्रतिष्ठा और दोपहर 2 बजे भामाशाह सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। वहीं शाम 4 बजे से भोजन (प्रसादी) का आयोजन रहेगा। कुलदेवी के रूप में पूजी जाती है सोना माता ऐतिहासिक जानकारी के मुताबिक सोना माता को डोरवाल गोत्र के गौड़ ब्राह्मण समाज की कुलदेवी के रूप में पूजा जाता है। आयोजन समिति ने बताया कि सभी आगंतुकों के ठहरने एवं शयन की व्यवस्था श्री चारभुजा मंदिर, मुहाना में की गई है। साथ ही सभी श्रद्धालुओं से परिवार सहित, विशेष रूप से महिलाओं और बेटियों के साथ शामिल होने की अपील की गई है।

मोहाली में फॉर्च्यूनर पलटी, जिम मालिक समेत 2 की मौत:बोनट विंडशील्ड तक मुड़ा, टायर उखड़े; छत-दरवाजे पिचके, लुधियाना से दिल्ली जा रहे थे

मोहाली में शुक्रवार तड़के सड़क हादसे में जिम मालिक समेत 2 लोगों की मौत हो गई। फॉर्च्यूनर गाड़ी में जिम मालिक दोस्त और सुरक्षा गार्ड के साथ लुधियाना से दिल्ली जा रहा था। गाड़ी ड्राइवर चला रहा था। इस बीच आईटीआई चौक के पास अचानक पशु सामने आ जाने के कारण गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। लुधियाना के रहने वाले 23 वर्षीय जिम मालिक मनजोत सिंह और ड्राइवर रवि की मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य लोग सुरक्षित बच गए। टक्कर के बाद फॉर्च्यूनर का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। बोनट मुड़कर विंडशील्ड तक पहुंच गया, जबकि फ्रंट बंपर, ग्रिल और हेडलाइट उखड़ गए। टायर टूट गए। कार की छत कई जगह से दब गई। दरवाजे भी पिचक गए थे। दिल्ली जाते समय तड़के हुआ हादसा
जिम संचालक मनजोत सिंह लुधियाना के बीआरएस नगर का रहने वाला था। उसके पिता अमरपाल सिंह ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा मनजोत गुरुवार रात करीब 11:45 बजे अपने दोस्त आकाश वर्मा, सुरक्षा गार्ड राजीव कुमार पांडे और ड्राइवर रवि कुमार के साथ फॉर्च्यूनर कार में सवार होकर दिल्ली के लिए रवाना हुआ था। शुक्रवार सुबह जब गाड़ी लालड़ू के आईटीआई चौक के पास पहुंची, तो अचानक एक पशु सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में ड्राइवर रवि कुमार ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया, जिससे कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। परिजनों ने कहा- यह महज एक दुर्घटना
हादसे की सूचना मिलने के बाद जब परिजन अस्पताल पहुंचे। कार में सवार मनजोत के दोस्त आकाश वर्मा को मामूली चोटें आई हैं, जबकि सुरक्षा गार्ड राजीव कुमार पांडे पूरी तरह सुरक्षित है। मनजोत के पिता ने पुलिस को दिए अपने बयान में स्पष्ट किया है कि यह एक आकस्मिक दुर्घटना थी और इसमें किसी भी व्यक्ति की कोई लापरवाही नहीं थी। उन्होंने किसी के भी खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने से इनकार किया है। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। हादसे में फॉर्च्यूनर के उड़े परखच्चे
हादसे के बाद फॉर्च्यूनर कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया, जबकि बोनट पूरी तरह मुड़कर विंडशील्ड तक पहुंच गया। फ्रंट बंपर और ग्रिल उखड़ गए तथा बायां अगला पहिया अपनी जगह से निकलकर टेढ़ा हो गया। छत भी दब गई और ड्राइवर की ओर का दरवाजा बुरी तरह क्षतिग्रस्त नजर आया। विंडशील्ड में दरारें पड़ गईं।

80 सीटों वाला रॉयल बॉक्स विम्बलडन का सबसे बड़ा सम्मान:सिर्फ निमंत्रण से एंट्री और सख्त ड्रेस कोड; चेयरमैन भेजते हैं मेहमानों को आमंत्रण

अमेरिका के सुपर बाउल के लग्जरी सुइट, फॉर्मूला-1 के पेडॉक क्लब और ओलिंपिक के आईओसी फैमिली बॉक्सेस दुनिया के सबसे खास स्पोर्ट्स वीआईपी एरिया माने जाते हैं। यहां पहुंचने के लिए मोटी रकम, कॉर्पोरेट मेहमाननवाजी या विशेष पास की जरूरत होती है। लेकिन विम्बलडन का रॉयल बॉक्स इन सबसे अलग है। यहां प्रवेश न पैसे से मिलता है, न टिकट से। यह दुनिया के उन चुनिंदा स्थानों में है, जहां बैठना एक सुविधा नहीं, बल्कि सम्मान माना जाता है। सेंटर कोर्ट के ठीक सामने बनी करीब 80 सीटों वाली यह दीर्घा 1922 से विम्बलडन की परंपरा का हिस्सा है। हर साल कैमरे जितनी बार कोर्ट पर टिकते हैं, उतनी ही बार रॉयल बॉक्स पर भी जाते हैं, क्योंकि यहां बैठे लोग भी मैच जितने ही चर्चा में रहते हैं। कभी ब्रिटिश शाही परिवार, कभी किसी देश के राष्ट्रपति या प्रधानमंत्री तो कभी ओलिंपिक चैम्पियन यहां बैठे नजर आ जाते हैं। रॉयल बॉक्स की सबसे बड़ी खासियत इसकी चयन प्रक्रिया है। यहां बिक्री के लिए कोई टिकट उपलब्ध नहीं होती। मेहमानों का चयन ऑल इंग्लैंड लॉन टेनिस क्लब के चेयरमैन करते हैं और उन्हें व्यक्तिगत निमंत्रण भेजा जाता है। यानी यहां पहुंचना सामाजिक प्रतिष्ठा, उपलब्धि और योगदान का प्रतीक माना जाता है। यही वजह है कि कई खिलाड़ी ग्रैंड स्लैम जीतने के बाद भी रॉयल बॉक्स में आमंत्रित होने को अपने करियर का बड़ा सम्मान मानते हैं। इस सम्मान के साथ प्रोटोकॉल भी उतना ही सख्त है। पुरुषों के लिए सूट, टाई और फॉर्मल जूते अनिवार्य हैं, जबकि महिलाओं के लिए एलिगेंट डे-ड्रेस या स्मार्ट ट्राउजर सूट की अपेक्षा की जाती है। बड़ी टोपी पहनने से भी बचने की सलाह दी जाती है, ताकि पीछे बैठे दर्शकों को मैच देखने में असुविधा न हो। नियमों का पालन इतना सख्ती से होता है कि 2015 में 7 बार के एफ-1 चैम्पियन लुईस हैमिल्टन को निर्धारित ड्रेस कोड के बिना पहुंचने पर रॉयल बॉक्स में प्रवेश नहीं मिला था। 4 करोड़ में 5 साल तक रिजर्व हो सकती है मैच सीट – विम्बलडन में करीब 4 करोड़ रुपए से ज्यादा में 5 साल तक हर दिन की सेंटर कोर्ट सीट खरीदी जा सकती है। इसमें मैच शुरू होने से पहले महंगी शैंपेन, बेहतरीन खाना और आम दर्शकों से अलग खास लाउंज की व्यवस्था होती है। – सिंगल्स फाइनल का सेंटर कोर्ट का एक टिकट 29 लाख तक मिल सकता है। लग्जरी लाउंज के 6 लाख अलग से खर्चने होते हैं। वहीं, सेंटर कोर्ट के सबसे खास स्काईव्यू सुइट का एक दिन का किराया करीब 1 करोड़ रुपए से ज्यादा हो सकता है।

NH-25 पर डंपर और पिकअप की जोरदार भिड़ंत, दो घायल:केबिन में फंसे ड्राइवर और उसके साथी को लोगों ने बाहर निकाला

बाड़मेर में नेशनल हाईवे-25 पर शुक्रवार सुबह 10 बजे डंपर और पिकअप के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई। जिससे पिकअप 3 फीट तक ​पिचक गई। इस हादसे में ड्राइवर और उसका साथी अंदर ही फंस गए। लोगों ने बड़ी मुश्किल से उन्हें बाहर निकाला गया। घटना बाड़मेर जिले के बायतु थाना इलाके दर्जियों की ढाणी की है। सूचना पर बायतु पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को बायतु हॉस्पिटल में भर्ती करवाया। एक हालात गंभीर बताई जा रही है। गांव से सब्जी लेकर बाड़मेर आए थे ASI तेजाराम ने बताया- जोधपुर मथानिया, रामपुरा गांव निवासी अंकित पुत्र पपुराम और उसका साथी कैशाराम पुत्र मुनाराम दोनों सब्जी व्यापारी है। गांव से सब्जी लेकर बाड़मेर आए थे। बाड़मेर से सुबह करीब 10 बजे वापस मथानिया जोधपुर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे 68 पर सामने से आ रहे डंपर ने पिकअप को टक्कर मार दी। जिससे पिकअप के परखच्चे उड़ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप आगे से करीब 3 फीट तक पिचक गई। वहीं दोनों अंदर की तरफ फंस गए। कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला ASI तेजाराम ने बताया- हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। गेट तोड़कर कड़ी मशक्कत के दोनों को बाहर निकाला गया। वहां से एम्बुलेंस की मदद से बायतु हॉस्पिटल ले जाया गया। वहां पर प्राथमिक उपार के बाद दोनों को बालोतरा हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। इधर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर ट्रैफिक को सुचारू रूप से शुरू करवाया गया। इस दौरान ASI तेजाराम ने बताया- दोनों घायल को बालोतरा रेफर किया गया है। दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है। फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। इनपुट : प्रकाश चौधरी

ओमप्रकाश चौधरी होंगे पाली के नए ASP:निशांत भारद्वाज का ATS जोधपुर में ट्रांसफर; राज्य सरकार ने जारी की 49 ASP की सूची

राज्य सरकार की ओर से जारी ट्रांसफर सूची में पाली के ASP निशांत भारद्वाज का तबादला ATS जोधपुर कर दिया गया है। उनकी जगह एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) में तैनात ओमप्रकाश चौधरी को पाली का नया ASP लगाया गया है। राज्य सरकार ने गुरुवार को ASP स्तर के अधिकारियों की ट्रांसफर सूची जारी की, जिसमें कुल 49 अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इसी सूची में पाली ASP निशांत भारद्वाज का नाम भी शामिल है। निशांत भारद्वाज को ASP ATS जोधपुर के पद पर लगाया गया है। वे कुछ महीने पहले ही पाली में ASP के रूप में तैनात हुए थे, लेकिन अब उनका फिर से ट्रांसफर कर दिया गया है। वहीं ओमप्रकाश चौधरी ACB से ट्रांसफर होकर पाली आ रहे हैं। उनके पाली पहुंचने के बाद वे जिले के नए ASP के रूप में कार्यभार संभालेंगे। राज्य सरकार की ओर से जारी इस सूची के बाद पुलिस विभाग में प्रशासनिक स्तर पर नई जिम्मेदारियों के अनुसार अधिकारियों की पदस्थापन प्रक्रिया शुरू हो गई है।

गांधी सागर बांध से नहरों में छोड़ा जाएगा पानी:फसल सूखने का खतरा था, ओम बिरला ने मध्यप्रदेश के अधिकारियों से बात कर समाधान निकाला

नहरी पानी की मांग कर रहे किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला की पहल पर मध्य प्रदेश सरकार कोटा बूंदी के किसानों के लिए सिंचाई का पानी छोड़ेगी। संभवतया यह पानी शुक्रवार शाम से उपलब्ध होना शुरू हो जाएगा। इससे धान सहित अन्य खरीफ फसलों को फायदा होगा। दरअसर, गुरुवार को बूंदी और केशवरायपाटन क्षेत्र के किसान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मिले थे। किसानों ने नहरों में पर्याप्त पानी नहीं मिलने के कारण फसलों के सूखने और भारी नुकसान की आशंका जताई थी। किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए ओम बिरला ने राजस्थान के जल संसाधन विभाग के साथ मध्यप्रदेश सरकार के संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर समाधान का रास्ता निकाला। किसानों को राहत मिलेगी ओम बिरला के प्रयासों के बाद मध्यप्रदेश सरकार ने गांधी सागर बांध से सिंचाई के लिए पानी छोड़ने पर सहमति दी। इससे बूंदी और केशवरायपाटन क्षेत्र के हजारों किसानों को राहत मिलेगी।। उनकी फसलों को समय पर सिंचाई का पानी उपलब्ध हो सकेगा। 6 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जाएगा सीएडी अधिकारियों ने बताया की गांधी सागर से 6000 क्यूसेक पानी छोड़ा जाएगा। शुरुआत 200 से 300 क्यूसेक से होगी। जिसे धीरे धीरे बढ़ाया जाएगा। नहरी पानी से कोटा बूंदी के दायी मुख्य नहर व बायी मुख्य नहर से जुड़े 2.29 लाख हेक्टेयर कमांड क्षेत्र को फायदा मिलेगा।