ब्रेकिंग न्यूज़
वियतनाम में टूरिस्ट बोट पलटी, 15 भारतीयों की मौत:इनमें 10 तमिलनाडु, 3 आंध्र प्रदेश और 2 केरलम् के पर्यटक; 32 भारतीय सवार थे

वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास शनिवार को बोट पलट गई। हादसे में 2 महिलाओं समेत 15 भारतीयों की मौत हो गई। मरने वालों में 10 टूरिस्ट तमिलनाडु, 3 आंध्र प्रदेश और 2 केरलम् से थे। बोट पर कुल 4 क्रू मेंबर्स समेत 36 लोग सवार थे, जिसमें 32 भारतीय थे। 21 लोगों को बचा लिया गया है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक हादसा सुबह 10:30 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे की वजह समुद्र की ऊंची लहरें हो सकती हैं। जो वीडियो सामने आए, उनमें लहरें उठती दिख रही हैं। बताया जा रहा है कि टूरिस्ट लाइफ जैकेट नहीं पहने हुए थे। नाव जब पलटी तो टूरिस्ट नाव के नीचे फंस गए। हादसे पर PM मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू ने दुख जताया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख जताया है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि इस हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत का दूतावास और वाणिज्य दूतावास हरसंभव मदद पहुंचा रहे हैं। भारतीय अधिकारी वियतनाम के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं। वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि इस हादसे से वह बेहद दुखी हैं। राष्ट्रपति ने परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं भी व्यक्त कीं। फु क्वोक द्वीप से रवाना हुई नाव बोट भारतीय पर्यटकों को फु क्वोक द्वीप के पास स्थित ‘होन मे रुट’ से न्गोआई द्वीप घुमाने ले जा रही थी, लेकिन यह तट से लगभग 400 मीटर पहले ही पलट गई। न्गोआई द्वीप अपने साफ समुद्र, छोटे बीच और कोरल रीफ डाइविंग के लिए मशहूर है। यहां पहुंचने के लिए पर्यटक आमतौर पर एन थोई बंदरगाह से बोट या स्पीडबोट किराये पर लेते हैं। हादसे की 5 तस्वीरें… तमिलनाडु के CM ने पार्थिव शरीर जल्द भारत लाने को कहा तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों को जान गंवाने वाले तमिल लोगों के पार्थिव शरीर भारत लाने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं भी व्यक्त कीं और शोक जताया। वहीं, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर गहरा दुख जताया। मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, भारतीयों की मौत की सूचना मिलते ही सीएम रेड्डी ने भारतीय दूतावास के अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने और जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। हेल्पलाइन नंबर जारी, कंट्रोल रूम बनाया इंडियन एंबेसी ने बताया कि यात्रियों की मदद के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। इससे संपर्क करने के लिए हेल्पलाइन नंबर +84 36 281 7930, +84 91 552 37 14 और +84 33 452 0414 जारी किए गए हैं।

देश में करीब 35 हजार फुटबॉल ​क्रिएटर्स:फीफा वर्ल्ड कप 2026; ब्राजील के बाद दूसरे नंबर पर भारतीय फैंस

भारत की टीम फीफा में नहीं खेल रही, लेकिन सोशल मीडिया पर भारतीय फुटबॉल फैंस ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। क्रिएटर इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म Qoruz की रिपोर्ट के मुताबिक, फीफा वर्ल्ड कप के इंस्टाग्राम अकाउंट के सबसे ज्यादा फॉलोअर्स ब्राजील के बाद भारत से हैं। यही नहीं, रोनाल्डो और मेसी के करोड़ों भारतीय फॉलोअर्स वर्ल्ड कप को भारत में बड़ा डिजिटल इवेंट बना रहे हैं। सिर्फ भारत में रोनाल्डो-मेसी के 13 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स ब्राजील के बाद अब फीफा वर्ल्ड कप दूसरा सबसे बड़ा इंस्टाग्राम बाजार है भारत फीफा के इंस्टाग्राम अकाउंट के 6.05 करोड़ फॉलोअर्स में 10.21% भारतीय हैं। इस मामले में भारत सिर्फ ब्राजील से पीछे है। अमेरिका, अर्जेंटीना, इटली और इंडोनेशिया जैसे फुटबॉल देशों से भी ज्यादा भारतीय इस अकाउंट को फॉलो करते हैं। रोनाल्डो के भारतीय फॉलोअर्स, पुर्तगाल की आबादी से भी कई गुना ज्यादा क्रिस्टियानो रोनाल्डो के 8.13 करोड़ फॉलोअर्स भारत से हैं। यानी अकेले भारत में उनके फॉलोअर्स, उनके देश पुर्तगाल की कुल आबादी से कई गुना ज्यादा हैं। लियोनेल मेसी के भी 5.66 करोड़ भारतीय फॉलोअर्स हैं। 35 हजार से ज्यादा भारतीय क्रिएटर एक्टिव वर्ल्ड कप के दौरान 35,000 से ज्यादा भारतीय कंटेंट क्रिएटर इंस्टाग्राम पर लगातार फुटबॉल से जुड़ी पोस्ट और वीडियो बना रहे हैं। ब्रांड्स को फायदा- अब ज्यादा बिक रहे फुटबॉल से जुड़े प्रोडक्ट्स डेकेथलॉन के मुताबिक, टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही उसके 50% से ज्यादा फुटबॉल प्रोडक्ट्स बिक गए। सबसे ज्यादा मांग पुर्तगाल टीम की जर्सी और मर्चेंडाइज की रही।

दिलजीत दोसांझ की 'सतलुज' से बैन नहीं हटेगा:केंद्रीय कमेटी ने सिफारिश की, इंटरनेशनली भी बैन हुई; मंत्री ने आतंकी की AK-47 वाली फोटो पोस्ट की

दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सतलुज’ प्रतिबंधित ही रहेगी। इससे बैन न हटाने की सिफारिश केंद्रीय कमेटी ने भी कर दी है। न्यूज एजेंसी PTI ने सरकारी सूत्रों के हवाले से जानकारी दी है कि केंद्र की ओर से फिल्म ‘सतलुज’ की सामग्री की जांच के लिए गठित समिति ने कथित तौर पर सिफारिश की है कि ऑनलाइन स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से इसके सार्वजनिक प्रसारण पर प्रतिबंध बरकरार रहना चाहिए, क्योंकि फिल्म कथित तौर पर भारत की संप्रभुता और अखंडता के खिलाफ है। इसके अलावा फिल्म ‘सतलुज’ अब इंटरनेशनली भी बैन हो गई है। फिल्म को ZEE5 ओवर द टॉप (OTT) के इंटरनेशनल सेक्शन से भी हटा दिया गया है। इसकी पुष्टि फिल्म के डायरेक्टर हनी त्रेहान ने एक मीडिया हाउस से बातचीत में की। भारत में 3 जुलाई को ZEE5 पर रिलीज हुई इस फिल्म को 5 जुलाई को ही प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया था। इसे लेकर केंद्र सरकार की ओर से कहा गया था कि फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) का सर्टिफिकेट नहीं मिला था। उधर, सतलुज OTT से हटने के बाद छिड़े विवाद पर बहस थम नहीं रही। केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने आंतकी शेरा की फोटो पोस्ट की, जिसमें वह हाथ में AK-47 थामे दिख रहा है। इसके साथ उन्होंने खबर की कटिंग भी पोस्ट की। इसमें गुरदासपुर जिले के बहादुरपुर गांव में 17 साल की लड़की के पहले मां-पिता की हत्या, फिर उसे बंधक बनाकर उसके साथ हुई रेप की घटना का जिक्र किया गया है। बिट्टू ने कहा- हजारों दर्दनाक किस्सों में से एक किस्सा…ये हैं खालिस्तान के शहीद। बिट्टू ने कहा- जो लोग आज इन हत्यारों और रेप करने वालों को ‘नायक’ या ‘शहीद’ बनाकर पेश करने की नापाक कोशिश कर रहे हैं, वे असल में पंजाब के उन गहरे जख्मों पर नमक छिड़क रहे हैं, जिन्हें पंजाब की जनता कभी भूल नहीं सकती। फिल्म में दावा- पंजाब में फर्जी मुठभेड़ में 25 हजार मारे दिलजीत दोसांझ की यह फिल्म पंजाब के मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन पर आधारित है। खालड़ा ने आतंकवाद के दौर में पंजाब में फेक एनकाउंटर में 25 हजार युवाओं को मारने का दावा किया था। यह फिल्म 3 साल की रोक के बाद 2 दिन पहले ही नाम बदलकर रिलीज की गई थी। पहले इसका नाम ‘पंजाब 95’ था, जिसे ‘सतलुज’ नाम से OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया गया था। फिल्म हटाने के बाद दिलजीत दोसांझ ने कहा था- एक इंसानियत होती है, वह इंसानियत मर गई। मुझे इस बात का दुख नहीं है कि फिल्म इंटरनेट से हटा दी गई, क्योंकि फिल्म लोगों तक पहुंच चुकी है। एक बार जो चीज इंटरनेट पर आ गई, उसे हटाना आसान नहीं है। इनके सलाहकार ठीक नहीं हैं। इस फिल्म के साथ वही हुआ, जो खालड़ा जी के साथ हुआ था। उन्होंने उन लोगों से फिल्म को दूसरों के साथ शेयर करने की अपील की, जिन्होंने इसे पहले ही डाउनलोड कर लिया था। फिल्म हटाने पर पंजाबी कलाकारों ने गुस्सा जताया है….पढ़ें पूरी खबर बिट्टू ने पोस्ट की साल 1991 की अखबार की कटिंग बिट्टू ने शेयर की अखबार की कटिंग केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने सोशल मीडिया पर साल 1991 की एक पुरानी अखबार की कटिंग और आतंकी शमशेर सिंह शेरा की फोटो पोस्ट की। इसके साथ उन्होंने 17 वर्षीय सरबजीत कौर के साथ हुई दर्दनाक घटना का जिक्र किया। अखबार की रिपोर्ट में क्या बताया गया बिट्टू द्वारा साझा की गई अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना गुरदासपुर जिले के बहादुरपुर गांव की है। रिपोर्ट में बताया गया है कि 10 फरवरी 1991 को ‘खालिस्तान कमांडो फोर्स’ (KCF) से जुड़े आतंकी शमशेर सिंह शेरा और उसके साथियों ने 17 वर्षीय सरबजीत कौर के माता-पिता की हत्या कर दी। इसके बाद लड़की को कथित तौर पर बंदूक की नोक पर अगवा कर लिया गया। शेरा फतेहगढ़ साहिब जिले के अमलोह क्षेत्र के माजरी किशनेवाली गांव का रहने वाला बताया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, सरबजीत कौर को कई दिनों तक अलग-अलग खेतों और अज्ञात ठिकानों पर बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान उसके साथ बार-बार रेप किया गया। बाद में पंजाब पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की। रिपोर्ट के अनुसार, इस कार्रवाई में शमशेर शेरा को गिरफ्तार किया गया और पीड़िता को उसके कब्जे से मुक्त कराया गया। बिट्टू बोले- हजारों दर्दनाक किस्सों में से एक किस्सा इस घटना का जिक्र करते हुए रवनीत बिट्टू ने सोशल मीडिया पर लिखा- हजारों दर्दनाक किस्सों में से एक किस्सा…ये हैं खालिस्तान के शहीद। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को यह जानना जरूरी है कि धर्म और कथित आजादी के नाम पर आतंकवाद के दौर में आम लोगों और बेटियों पर किस तरह के अत्याचार हुए थे। कल ‘कांता प्रिंसिपल बम ब्लास्ट’ का वीडियो पोस्ट किया था गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले भी रवनीत सिंह बिट्टू ने लुधियाना के ‘कांता प्रिंसिपल बम ब्लास्ट’ से जुड़ी पुरानी रिपोर्ट और वीडियो साझा की थी। उनका कहना है कि आतंकवाद के दौर की इन घटनाओं को सामने लाने का उद्देश्य नई पीढ़ी को उस समय की सच्चाई से अवगत कराना है। ************** बिट्टू से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें: सतलुज विवाद, रवनीत बिट्टू ने शेयर किया ब्लास्ट का VIDEO: बोले- आतंकियों ने बच्चों-महिलाओं पर बम फोड़े; हिम्मत है तो प्रिंसिपल कांता पर फिल्म बनाओ जसवंत सिंह खालड़ा हत्याकांड पर पंजाबी एक्टर दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सतलुज’ पर बैन लगने के बाद पंजाब में आतंकवाद के दौर को लेकर फिर से बहस छिड़ गई है। विपक्षी पार्टियां तात्कालिक मुख्यमंत्री व केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्‌टू के दादा बेअंत सिंह पर सवाल उठा रहे हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

पंजाब में 9 महीने की गर्भवती पत्नी की हत्या:पति ने बहाने से बुला बाथरूम में गला काटा; लव मैरिज की थी, जुड़वा बच्चे होने वाले थे

मानसा में एक युवक ने अपनी करीब 9 महीने की गर्भवती पत्नी की हत्या कर दी। शुक्रवार रात युवक पत्नी के मायके पहुंचा। उससे बात करने के बहाने घर के बाहर बाथरूम में बुलाकर उसने तेजधार हथियार से पत्नी का गला काट दिया। परिजन के मुताबिक, युवक को पत्नी के चरित्र पर शक था। वह कहता था कि यह बच्चा उसका नहीं है। इसे लेकर वह कई बार उसके साथ मारपीट भी कर चुका था। पिछले साल ही इन दोनों परिवार के खिलाफ जाकर लवमैरिज की थी। विवाहिता के गर्भ में जुड़वा बच्चे थे। महिला की हत्या के साथ युवक ने दोनों बच्चों की भी हत्या की है। परिजन ने मांग की है कि युवक को गिरफ्तार कर उसे कड़ी सजा दी जाए। मृतका के परिजन ने ये बातें बताईं… थाना प्रभारी बोले- आरोपी को सजा दिलवाएंगे मामले की सूचना पुलिस को दी गई। ठूठियांवाली पुलिस चौकी के प्रभारी माखन सिंह ने बताया कि उन्हें बीती रात सरपंच संदीला सिंह का फोन आया था कि गांव की लड़की सिमरजीत कौर की हत्या कर दी गई है। उन्होंने बताया कि लड़की के पिता सुखपाल सिंह के बयानों के आधार पर मृतका के पति सचप्रीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। उसे जल्द गिरफ्तार कर सजा दिलवाई जाएगी। ॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰ यह खबर भी पढ़ें… अमृतसर- दाना मंडी में 100 राउंड फायरिंग:2 गुट भिड़े, गले-पेट में गोली मारकर पंच की हत्या; टाइम तय कर साथी लेकर लड़ने आए थे अमृतसर में 2 गुटों में हिंसक झड़प हो गई। दोनों गुटों के लोग टाइम तय कर दाना मंडी में आए थे। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर बहस हुई। इसके बाद दोनों तरफ से करीब 100 राउंड फायरिंग हुई। जिसमें एक पंच की गले व पेट में गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं एक युवक घायल है। पढ़ें पूरी खबर…

बीकानेर पुलिस का 4 फरार आरोपियों पर इनाम घोषित:एनडीपीएस एक्ट और जेल से जुड़े मामलों में लंबे समय से फरार हैं आरोपी

बीकानेर पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे चार वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नकद इनाम घोषित किया है। एसपी मृदुल कच्छावा ने शुक्रवार को आदेश जारी कर प्रत्येक आरोपी पर 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। इन आरोपियों की गिरफ्तारी कराने या उनकी सही सूचना देने वाले व्यक्ति को यह इनाम दिया जाएगा। आदेश के अनुसार इनाम उन लोगों को मिलेगा, जो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार करवाने, उनकी गिरफ्तारी में सहयोग करने या उनकी सही एवं पुख्ता सूचना पुलिस को उपलब्ध कराएंगे। इनाम वितरण को लेकर अंतिम निर्णय पुलिस अधीक्षक का होगा। जिन आरोपियों पर इनाम घोषित किया गया है, उनमें खाजूवाला थाने के एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार मखन सिंह, बीछवाल थाने के मामले में वांछित जोरासिंह और जसवीर उर्फ मामी उर्फ बॉस, तथा पूगल थाने के एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार थानसिंह उर्फ खानूसिंह शामिल हैं। चारों आरोपियों पर 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि इन वांछित आरोपियों के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल निकटतम पुलिस थाने या बीकानेर पुलिस को सूचित करें, ताकि उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

ओडिशा में ATM को थार से बांधकर उखाड़ा, VIDEO:घसीटने लगे तो रस्सी टूटी, 3 चोर मिलकर मशीन नहीं उठा पाए; बिना कैश निकाले छोड़कर भागे

ओडिशा के बालासोर जिले के तुड़ीगड़िया बाजार में फिल्मी तरीके से ATM लूटने की घटना सामने आई है। तीन से चार बदमाश शुक्रवार रात करीब 2 बजे काले रंग की महिंद्रा थार SUV से इंडिया1 एटीएम कियोस्क आए। उन्होंने कियोस्क का दरवाजा तोड़ा और ATM को रस्सी से थार में बांधकर उखाड़ लिया। फिर ATM को सड़क पर घसीटते हुए ले जाने लगे, लेकिन रस्सी टूट गई। चोरों ने मशीन को उठाकर गाड़ी में रखने की कोशिश की लेकिन मशीन इतनी भारी थी कि उनसे नहीं उठ पाई। इसके बाद उन्होंने मशीन को फिर गाड़ी से बांधकर आगे घसीटा। सुनसान जगह पर पहुंचकर आरोपियों ने ATM को तोड़कर उसमें रखा कैश निकालने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। पुलिस के मुताबिक, ATM से एक भी रुपये की चोरी नहीं हुई। आखिरकार बदमाश क्षतिग्रस्त ATM को कियोस्क से करीब 300 मीटर दूर सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। पूरी घटना CCTV में कैद हो गई। 7 विजुअल्स के जरिए देखिए पूरी घटना… CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी शनिवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ATM को सड़क से बरामद कर लिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल और ATM की जांच की। पुलिस के मुताबिक, बदमाश ATM से एक रुपए भी निकाल पाए। मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। ————————- यह खबर भी पढ़ें… युवक-युवती को सरेआम लाठियों से पीटा:हमलावरों ने बाइक रोकी, सड़क पर घसीटा; दोस्त को बचाने उसके ऊपर लेट गई लड़की ओडिशा के बेरहामपुर शहर में सड़क पर सरेआम एक युवक और उसकी महिला मित्र पर डंडों से हमला हुआ। पुलिस के मुताबिक युवक और उसकी महिला मित्र बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान बीजीपुर इलाके में कुछ लोगों ने उनकी बाइक रोक ली। इसके बाद युवक को सड़क पर घसीटकर डंडों से पीटा गया। युवती अपने दोस्त को बचाने के लिए उसके ऊपर लेट गई। पूरी खबर पढ़ें…

बिजनेस शहरों में कॉफी क्रेज; 1200+ कैफे बेंगलुरु में:कॉफी स्टार्टअप्स की नई रेस; सेलेब्स कर रहे निवेश, विदेशी ब्रांड भी भारतीय मार्केट में उतरे

भारत में अब लोग सिर्फ कॉफी नहीं, बेहतर कॉफी की तलाश कर रहे हैं। स्पेशलिटी कॉफी यानी चुनिंदा बीन्स से बनी प्रीमियम कॉफी, जिसकी पहचान उसके स्वाद, गुणवत्ता और बनाने के तरीके से होती है। इसी बदलती पसंद की वजह से पिछले 10 वर्षों में यह बाजार करीब ₹11,000 करोड़ तक पहुंच गया है। 2016 के बाद 100 से ज्यादा नए स्पेशलिटी कॉफी ब्रांड शुरू हुए हैं। स्पेशलिटी कॉफी की सबसे बड़ी ताकत मिलेनियल और जेन-जी हैं। यही वर्ग नई चीजें आजमाने, प्रीमियम उत्पादों पर खर्च करने और कैफे को सोशल स्पेस की तरह इस्तेमाल करने में सबसे आगे है। इसी वजह से अब कई सेलेब्रिटीज भी इस बिजनेस में उतर रहे हैं। विराट से दीपिका तक ये सेलेब्रिटी कॉफी स्टार्टअप्स पर लगा रहे दांव – विराट कोहली रेज कॉफी में निवेशक और ब्रांड एंबेसडर हैं। ब्रांड को तेजी से बढ़ाने में मदद कर रहे हैं। – दीपिका पादुकोण ब्लू टोकई कॉफी रोस्टर्स में निवेश किया है। स्पेशलिटी कॉफी ब्रांड में बड़ा नाम है। – निखिल कामत ‘सबको’और ‘थर्ड वेव कॉफी’ जैसे भारतीय स्टार्टअप्स में निवेश। – राणा दग्गुबाती हैदराबाद के कॉफी स्टार्टअप कथा कॉफी के शुरुआती निवेशकों में शामिल हैं। – रकुल प्रीत सिंह कनाडा की प्रसिद्ध कैफे ब्रांड ब्लेंज कॉफी के भारत विस्तार में साझेदारी की है। दक्षिण भारत से उत्तर की ओर बढ़ रहा बाजार बेंगलुरु – 1200 से अधिक कैफे, देश में सबसे ज्यादा
यह देश का कॉफी हब है। यहां 1200 से ज्यादा कैफे मौजूद हैं, यानी हर 11 हजार लोगों पर एक कैफे, जो भारत में सबसे अधिक है। चेन्नई – प्रति व्यक्ति कॉफी की खपत में सबसे आगे
यहां प्रति व्यक्ति सालाना करीब 2.4 किलोग्राम कॉफी की खपत होती है, जो देश में सबसे अधिक है। यह देश की ‘फिल्टर कॉफी कैपिटल’ भी है। दिल्ली – भविष्य का सबसे तेज बढ़ता कॉफी बाजार बन रहा यहां कॉफी बाजार 22% सालाना की दर से बढ़ रहा है, जो बड़े शहरों में सबसे अधिक है। यह भविष्य का सबसे तेज बढ़ता बाजार है। बड़ी कॉफी कंपनियों की नजर अब भारत पर -2000 के दशक में कैफे कॉफी डे, स्टारबक्स व कॉस्टा कॉफी ने भारतीयों को कैफे जाने की आदत डाली। अब नई पीढ़ी के ब्रांड्स ने स्पेशलिटी कॉफी को लोकप्रिय बनाया है। – पिछले 10 वर्षों में कम से कम 6 बड़े विदेशी कॉफी ब्रांड भारत आए हैं। कनाडा का टिम हॉर्टन्स (2022) और ग्रीस का कॉफी आइलैंड (2025) इनमें प्रमुख ब्रांड हैं। (सोर्स: ब्लू टोकाई, सेकेंडरी रिसर्च, Inc42)

पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 30 अफसरों के तबादले:17 थानों में बदले अधिकारी, 3 थानों की कमान महिला SHO को

जिले में पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया है। पुलिस अधीक्षक की ओर से जारी ताजा आदेशों के अनुसार जिले के कुल 30 पुलिस अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है।
इस फेरबदल में 20 पुलिस निरीक्षक (CI) और 10 उप निरीक्षक (SI) स्तर के अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। इस सूची में जिले के 17 थानों पर नए थानाधिकारियों (SHO) की तैनाती की गई है। बॉर्डर के थानों में नए अधिकारियों को कमान अलका विश्नोई को पिलानी थाने का थानाधिकारी नियुक्त किया गया है।
​ चन्द्रभान को सूरजगढ़ थाने की जिम्मेदारी दी गई है।
​ रामनोहरलाल अब बुहाना थाने के नए थानाधिकारी होंगे।
लक्ष्मीनारायण को पचेरी कलां थाने की कमान सौंपी गई है।
​ बुद्धिप्रसाद को खेतड़ी थाने की जिम्मेदारी दी गई है।
​विनोद सामरिया अब चिड़ावा थाने के थानाधिकारी होंगे।
​महिला अधिकारियों की भूमिका इस तबादला सूची में महिला अधिकारियों का भी महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व है। कंचन कुमारी (धनूरी), अलका विश्नोई (पिलानी), बिमला कुमारी (संचित निरीक्षक, पुलिस लाइन) और संतोष कुमारी (थाना गुढ़ा) को प्रमुख जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कोटपूतली-बहरोड़ जिले में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल:बजरंग जाखड़ पावटा तहसीलदार नियुक्त, संजय कुमार को विराटनगर का पदभार

राज्य सरकार ने कोटपूतली-बहरोड़ जिले के प्रशासनिक ढांचे में बड़ा फेरबदल किया है। शुक्रवार को जारी तबादला आदेशों में तहसीलदार, नायब तहसीलदार, प्रशासनिक अधिकारी और अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारियों को बदला गया है। इन नियुक्तियों से कोटपूतली, विराटनगर और पावटा उपखंडों में नई प्रशासनिक टीमें कार्यभार संभालेंगी। बजरंग जाखड़ पावटा तहसीलदार नियुक्त आदेशों के मुताबिक, पावटा के तहसीलदार लोकेंद्र मीणा का तबादला कोटपूतली में उप पंजीयन अधिकारी के पद पर किया गया है। उनके स्थान पर बजरंग जाखड़ को पावटा का नया तहसीलदार नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त, पावटा के नायब तहसीलदार संजय कुमार को विराटनगर का तहसीलदार बनाया गया है। विराटनगर और पावटा उपखंडों में प्रशासनिक एवं अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारियों के पदों पर भी बदलाव किए गए हैं।

'राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की जिम्मेदारी कौन लेगा':उदयपुर में कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता बोलीं- प्रधानमंत्री की देखरेख में ट्रस्ट बना, पीएम जवाब दें

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अमी याग्निक उदयपुर आईं। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर भाजपा और केंद्र सरकार के सामने कई सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पर सवाल उठाने से पहले भाजपा जो चार-पांच अंगुली उनकी तरफ हैं, उनका जवाब दे। अमी ने आज उदयपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा पर निशाना साधा। कहा कि भाजपा पहले खुद के घोटालों की लिस्ट निकाले। उन्होंने कहा कि भाजपा सबसे पहले नीट परीक्षा के बारे में बताए। ये बच्चों के करियर के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। परीक्षा को लेकर उनके मंत्री जवाब क्यों नहीं देते, इस्तीफा क्यों नहीं देते। इसके बाद भाजपा दूसरी पार्टी के सामने अंगुली उठाए। पहले से चार-पांच अंगुली उनकी तरफ हैं, उसका जवाब दें। घोटाले की जिम्मेदारी कौन लेगा डॉ. अमी याग्निक ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की पहली मांग है कि ट्रस्ट का गठन प्रधानमंत्री की देखरेख में हुआ तो इस घोटाले की जिम्मेदारी कौन लेगा। घोटाले की बात आई तो उनकी जवाबदेही बनती है, वे जवाब दें। साफ है घोटाला हुआ है उन्होंने कहा कि अगर सब कुछ ठीक है तो चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे क्यों स्वीकार कर लिए, आपको कहना था कि कुछ नहीं हुआ, नहीं लेंगे इस्तीफा, लेकिन इस्तीफे स्वीकार हुए तो साफ है कि घोटाला है। ये पूरे देश की आस्था का विषय उन्होंने तीसरी मांग रखते हुए कहा कि कुछ गलत नहीं हुआ और इतनी बड़ी बात है, तो सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र जांच कराते। ये पूरे देश की आस्था का विषय है, आस्था को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि राम के नाम चंदा लेते, बातें करते आए हैं और उसके जरिए सत्ता में भी पहुंचे तो जवाब तो देना होगा। अमी की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उदयपुर के पूर्व सांसद और देहात कांग्रेस अध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा और कांग्रेस नेता पंकज कुमार शर्मा भी मौजूद रहे।