ब्रेकिंग न्यूज़
पुलिसकर्मी के परिवार पर तलवारों से हमला:4 के सिर फोड़े, महिलाओं समेत 6 घायल, खेत की डोल पर विवाद

अलवर जिले के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र के बड़ा गांव (नेथला) में रविवार दोपहर खेत की मेड़ (डोल) के विवाद को लेकर एक पुलिसकर्मी के परिवार पर तलवार और लाठियों से जानलेवा हमला कर दिया गया। इस हमले में 3 महिलाओं सहित परिवार के 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित पुलिसकर्मी वर्तमान में प्रतापगढ़ थाने में कार्यरत है। पीड़ित पक्ष के अनुसार, पूरा विवाद पुश्तैनी खेत तक जाने वाले रास्ते को लेकर था। रविवार दोपहर जब लाखन सिंह का परिवार खेत पर जा रहा था, तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते आरोपी पक्ष के लोग हाथों में तलवारें और लाठियां लेकर आए और लाखन सिंह के परिवार पर टूट पड़े। परिवार पर ताबड़तोड़ हमला किया आरोप है कि धर्मेंद्र राजपूत, जितेंद्र, दिलीप और गब्बर ने परिवार पर ताबड़तोड़ हमला किया। इस हमले में मनजीत सिंह, अमित सिंह, गीता देवी, उषा और मोनिका सहित छह लोग घायल हो गए। इनमें से 4 लोगों के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि एक सदस्य के हाथ पर तलवार का गहरा घाव लगा है। मौके पर पहुंची पुलिस, आरोपियों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही मालाखेड़ा थाना पुलिस भारी जाब्ते (बल) के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि वारदात के बाद से ही सभी आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

'नी रुह', 'मस्त बना दे' पर झूम उठे हजारों लोग:कंवर ग्रेवाल ने सूफी गीतों से बांधा समां, जिला स्थापना दिवस के समापन समारोह में उमड़ी भीड़

हनुमानगढ़ जिला स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित 3न दिवसीय ‘पंच गौरव भटनेर उत्सव’ का समापन रविवार रात हुआ। राजीव गांधी स्टेडियम में ‘सुरमई संध्या’ स्टार नाइट कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें प्रसिद्ध पंजाबी सूफी गायक कंवर ग्रेवाल ने अपनी प्रस्तुति दी। उनकी सूफी गायकी ने हजारों श्रोताओं को देर रात तक बांधे रखा। कंवर ग्रेवाल ने अपनी चर्चित सूफी प्रस्तुतियों के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने ‘नी रुह’, ‘मस्त बना दे’ जैसे लोकप्रिय सूफियाना गीत प्रस्तुत किए, जिन पर दर्शक झूम उठे। इन गीतों ने माहौल को भक्तिमय और संगीतमय बना दिया। बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं, परिवार और संगीत प्रेमी कार्यक्रम का आनंद लेने पहुंचे और तालियों से कलाकार का उत्साहवर्धन किया। लाइट शो ने बांधा समां
स्टार नाइट के दौरान मंच पर आधुनिक ध्वनि एवं प्रकाश व्यवस्था की आकर्षक प्रस्तुति की गई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच दर्शकों में पूरे समय उत्साह बना रहा। स्टेडियम देर रात तक खचाखच भरा रहा, जहां लोगों ने कलाकार की हर प्रस्तुति का भरपूर आनंद लिया। इस अवसर पर जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव, एसपी नरेंद्र सिंह मीणा, एडीएम उम्मेदीलाल मीणा, एडीएम (सतर्कता) कुलदीप ढिल्लों, भाजपा नेता अमित साहू, विधायक प्रतिनिधि सुरेश भार्गव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और लोग मौजूद रहे।

शुरुआती गिरावट के बाद संभला बाजार:सेंसेक्स 47 अंक बढ़कर 77616 पर बंद, IT और मीडिया शेयर्स में ज्यादा खरीदारी रही

शेयर बाजार में आज यानी 13 जुलाई को शुरुआती गिरावट के बाद फ्लैट कारोबार देखने को मिला। सेंसेक्स 47 अंक बढ़कर 77,616 पर बंद हुआ। निफ्टी में 4 अंक बढ़त रही, ये 24,211 पर बंद हुआ। इससे पहले सेंसेक्स 606 अंक गिरकर 76,963 पर ओपन हुआ था। निफ्टी में भी 167 अंक की गिरावट थी। IT, मीडिया और कंज्यूमर ड्यूरेबल शेयर्स में ज्यादा खरीदारी रही। FMCG और मेटल शेयर्स ज्यादा बिकवाली रही। कच्चा तेल 4% चढ़कर 79 डॉलर पर पहुंचा कच्चे तेल की कीमतें भी 4% चढ़कर दोबारा 79 डॉलर के करीब पहुंच गई हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने हाल ही में कहा था कि ईरान के साथ हुआ समझौता अब खत्म हो चुका है। इसके बाद से पेट्रोल डीजल के दाम में तेजी है। एशियाई बाजारों में भी आज मिला-जुला कारोबार रहा 10 जुलाई को अमेरिकी बाजार में बढ़त रही थी बीते 7 दिनों में विदेशी निवेशकों ने 4,427 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे नोट: FIIs और DIIs की नेट खरीदारी/बिकवाली के आंकड़े करोड़ रुपए में हैं। शुक्रवार को बाजार में रही थी तेजी इससे पहले बीते हफ्ते यानी शुक्रवार, 10 जुलाई को बाजार में बढ़त रही थी। सेंसेक्स 828 अंक (1.08%) की तेजी के साथ 77,569 पर बंद हुआ था। निफ्टी में भी 244 अंकों (1.02%) की तेजी रही, ये 24,206 पर पहुंच गया था।

मॉडल आंसर-की पर आपत्ति दर्ज कराने की लास्ट डेट आज:स्टैंडर्ड बुक्स के प्रमाण देना जरूरी, लेक्चरर एंड कोच भर्ती के 9 सब्जेक्ट का मामला

राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की ओर से 10 जून व 11 जून को आयोजित लेक्चरर एंड कोच (माध्यमिक शिक्षा) ,एग्जाम- 2025 के 9 सब्जेक्ट की आंसर-की पर आपत्ति दर्ज कराने की आज लास्ट डेट है। इसमें जनरल स्टडिज ग्रुप सी, कोच एथेलेटिक्स, कोच बास्केट बॉल, कोच हैंड बॉल, कोच कबड्डी, कोच टेबिन टेनिस, कोच वॉलीबॉल, जीके ग्रुप डी एवं फिजिकल एज्युकेशन शामिल हैं। आपत्तियां आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध मॉडल प्रश्न पत्र के क्रमानुसार ही दर्ज करनी होगी। परीक्षा के मॉडल प्रश्न पत्र आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। रात 12 बजे तक आपत्ति दर्ज कराने का समय है। बिना प्रमाण आपत्ति पर विचार नहीं होगा मॉडल प्रश्न-पत्र आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। आपत्तियां केवल इन मॉडल प्रश्न-पत्रों के क्रम के अनुसार ही दर्ज की जा सकती हैं। हर आपत्ति के साथ प्रामाणिक (स्टैंडर्ड और ऑथेंटिक) पुस्तकों से प्रमाण अटैच करना जरूरी है। बिना प्रमाण के आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा। आपत्ति केवल अभ्यर्थी स्वयं ही दर्ज कर सकते हैं। कोई अन्य व्यक्ति इसमें शामिल नहीं हो सकता। यहां करें कॉन्टेक्ट ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करने में किसी प्रकार की तकनीकी कठिनाई होने पर अभ्यर्थी recruitmenthelpdesk@rajasthan.gov.in पर ईमेल से अथवा फोन नम्बर 9352323625 और 7340557555 पर संपर्क कर सकते हैं। ……….. पढें ये खबर भी…. इंजीनियर्स का 2 लाख का खेल,चहेतों को 43.86-करोड़ का ठेका:पोल खुली तो 50 लाख के टेंडर देने वाला SE सस्पेंड, करोड़ों वालों पर एक्शन नहीं अजमेर डिस्कॉम (14 जिलों) के अंदर एक बड़ा खेल सामने आया है। इंजीनियर्स ने पिछले दो सालों में 43.86 करोड़ के टेंडर अपने चहेते ठेकेदारों को दे दिए। इसके लिए उन्होंने एक नियम का फायदा उठाया, जिसमें 2 लाख से कम के काम के लिए ई टेंडर जारी करने की जरूरत नहीं होती। (पूरी खबर पढें)

कोटा में पहले बिना रुमाल, फिर मुंह ढककर लूटा मंदिर,VIDEO:जूते की दुकान का ताला भी तोड़ने की कोशिश, जांच में जुटी पुलिस

कोटा शहर के जवाहर नगर इलाके में रविवार की सुबह 3:30 बजे चोरों ने मंदिर को निशाना बनाते हुए दानपेटी तोड़कर नकदी चोरी कर ली। पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में चोर बेखौफ अंदाज में मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुसता, दानपेटी से नकदी निकालता और आराम से फरार होता दिखाई दे रहा है। मंदिर का लॉक तोड़ता हुआ नजर आया आरोपी मंदिर के पुजारी हेमंत गिरी बाबा ने बताया- जवाहर नगर पेट्रोल पंप के पास स्थित श्री कष्ट निवारण हनुमान मंदिर परिसर में बने श्री राम-जानकी मंदिर की दानपेटी को अज्ञात चोर ने देर रात निशाना बनाया। दानपेटी तोड़कर उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गया। चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो रही है। पहले बिना रुमाल लगाए वह मंदिर का लॉक तोड़ता हुआ नजर आया जब उसने देखा कि सामने सीसीटीवी लगा है तब मुंह पर रुमाल लगाकर वापस आया। इससे पहले चोरों ने पास स्थित राधिका शू पैलेस का ताला तोड़ने की भी कोशिश की, लेकिन वहां चोरी करने में सफल नहीं हो सके। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी जवाहर नगर व्यापार संघ के अध्यक्ष राजेश महेश्वरी ने बताया- सुबह राधिका शू पैलेस के संचालक संजय नागर ने दुकान का ताला टूटा होने की सूचना दी। जांच के दौरान पता चला कि दुकान में चोरी नहीं हो सकी, लेकिन कुछ ही देर बाद मंदिर समिति के अध्यक्ष शिवराज करण ने मंदिर की दानपेटी टूटने और नकदी चोरी होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही जवाहर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान में जुटी है। व्यापार संघ का कहना है कि रात के समय क्षेत्र में चोरों का गिरोह सक्रिय होने की आशंका है। उन्होंने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की बढ़ती घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

डीग में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला:लोगों से शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील

डीग पुलिस ने शहर में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से फ्लैग मार्च निकाला। इस फ्लैग मार्च का नेतृत्व सीओ सीताराम बैरवा ने किया। इस दौरान शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हीरालाल मीणा और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
फ्लैग मार्च शहर के प्रमुख बाजारों, संवेदनशील क्षेत्रों और मुख्य मार्गों से होकर गुजरा। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया। सीओ सीताराम बैरवा ने बताया कि पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। बैरवा ने लोगों से सहयोग करने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का आग्रह किया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल ने लोगों को सुरक्षा संबंधी जागरूकता संदेश भी दिए। आपात स्थिति में सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क करने की जानकारी भी साझा की गई।

घर में घुसे हथियारबंद बदमाश, बुजुर्ग महिला से लूट:टॉप्स खींचने में कान कटा; परिवार को कमरे में बंद कर की वारदात

भीलवाड़ा के बिजोलिया थाना क्षेत्र में हथियारों से लैस दो नकाबपोश बदमाश घर में घुस गए। बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को कमरों में बंद कर बरामदे में सो रही बुजुर्ग महिला से करीब आधा तोला सोने के टॉप्स और 5 हजार रुपए नकद लूट लिए। विरोध करने पर टॉप्स खींचते समय महिला का एक कान कट गया, जिसके बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए। घटना के राणा जी का गुड्डा गांव में रविवार अल सुबह करीब 4 बजे हुई। अल सुबह घर में घुसे नकाबपोश बदमाश
जानकारी के अनुसार, हथियारों से लैस दो नकाबपोश बदमाश एक घर में घुस गए। उस समय संतोष देवी पत्नी श्यामलाल शर्मा घर के बरामदे में सो रही थीं। बदमाशों ने उन्हें डराकर कानों में पहने करीब आधा तोला सोने के टॉप्स खींच लिए और घर में रखे करीब 5 हजार रुपए नकद भी लूट लिए। विरोध करने पर की मारपीट
महिला ने विरोध किया और शोर मचाया तो बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की। टॉप्स खींचने के दौरान उनका एक कान कट गया, जिससे वे घायल हो गईं और कान में गंभीर चोट आई। बेटे के कमरे की बाहर से लगा दी कुंडी
पीड़िता के बेटे प्रमोद शर्मा ने बताया कि वारदात के समय वे और उनके पिता घर के अलग-अलग कमरों में सो रहे थे। बदमाशों ने पहले उनके कमरे की बाहर से कुंडी लगा दी, ताकि वे बाहर न निकल सकें। महिला के शोर मचाने और परिवार के जागने पर दोनों बदमाश बाइक से फरार हो गए। पुलिस ने शुरू की जांच
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर कांस्या चौकी पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। आरोपियों की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में भी पड़ताल की जा रही है।

दाल-बाटी-चूरमा की दावत में पहुंचा तस्कर, पुलिस ने दबोचा:8 महीने से था फरार, ठिकाने बदलकर दे रहा था चकमा

बांसवाड़ा में यूरिया खाद की आड़ में 23 क्विंटल से अधिक अवैध अफीम डोडा-चूरा की तस्करी के मामले में 8 महीने से फरार बदमाश को गिरफ्तार किया है। 25 हजार रुपए के इनामी आरोपी आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर और मोबाइल बंद रखकर पुलिस से बचता रहा, लेकिन चूरू के सुजानगढ़ में बहनोई के होटल पर आयोजित पारिवारिक दाल-बाटी-चूरमा पार्टी में पहुंचने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। कार्रवाई आनंदपुरी थाना पुलिस और एएनटीएफ ने की। पढ़िए … सिलसिलेवार पूरा घटनाक्रम 1. ट्रक से बरामद हुआ डोडा-चूरा
25 नवंबर 2025 को मोनाडूंगर चेक पोस्ट पर नाकाबंदी के दौरान बांसवाड़ा की ओर से आ रहे एक ट्रक को रोका गया। तलाशी में यूरिया खाद की आड़ में छिपाकर रखे 117 प्लास्टिक के कट्टों में भरा अवैध अफीम डोडा-चूरा मिला। बारदान सहित इसका कुल वजन 23 क्विंटल 59 किलो 750 ग्राम था। मौके से ट्रक चालक नरेश नैन (बिश्नोई), निवासी फलोदी, को गिरफ्तार किया गया। 2. पूछताछ में सामने आया सोमराज का नाम
चालक से पूछताछ में पता चला कि डोडा-चूरा प्रतापगढ़ से नासिक के सोमराज ईशरवाल बिश्नोई ने भरवाया था और इसे गुजरात के रास्ते मारवाड़ ले जाया जा रहा था। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई और सोमराज पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया। 3. आठ महीने तक पुलिस से बचता रहा
ट्रक पकड़े जाने की भनक लगते ही सोमराज ने मोबाइल फोन बंद कर दिया और घर छोड़कर फरार हो गया। वह रिश्तेदारों से भी अप्रत्यक्ष रूप से संपर्क करता था और लगातार ठिकाने बदलता रहता था। किसी नए व्यक्ति को देखते ही वह तुरंत जगह बदल लेता था। इसी दौरान एएनटीएफ को सूचना मिली कि उसका अपने बहनोई से गहरा लगाव है, जो चूरू के सुजानगढ़ में सालासर रोड पर ‘बगतस जम्भाणी महादेव’ नाम से होटल चलाता है। सोमराज हर महीने वहां रिश्तेदारों को बुलाकर दाल-बाटी-चूरमा की पार्टी करता था। 4. बहनोई के होटल से हुआ गिरफ्तार
सूचना पक्की होने पर आनंदपुरी थाना पुलिस और एएनटीएफ ने सादा कपड़ों में होटल के आसपास निगरानी शुरू की। सोमराज जैसे ही पार्टी में शामिल होने पहुंचा, टीम ने उस पर नजर रखी। पार्टी खत्म होने के बाद वह अपने बहनोई के साथ एक सफेद गाड़ी में निकला तो पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी सोमराज (29) पुत्र मोहनलाल ईशरवाल बिश्नोई, निवासी चिकणी नाडी, चंदनपुरा, थाना लोहावट, जिला फलोदी का रहने वाला है। ​

राहुल द्रविड़ बन सकते हैं इंग्लैंड टेस्ट टीम के कोच:एंडी फ्लावर, फ्लिंटॉफ और लैंगर के नाम पर भी चर्चा; मैकुलम को हटाया

टीम इंडिया के पूर्व कोच राहुल द्रविड़ इंग्लैंड की टेस्ट टीम के नए मुख्य कोच बनने की दौड़ में शामिल हैं। ब्रेंडन मैकुलम के पद छोड़ने के बाद ECB (इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड) पॉसिबल कैंडीडेट्स के नाम पर विचार कर रहा है, जिसमें द्रविड़ का नाम भी है। डेली टेलीग्राफ की रिपोर्ट के अनुसार द्रविड़ उन चुनिंदा कैंडीडेट्स में शामिल हैं, जिन पर ECB विचार कर रहा है। इस लिस्ट में एंडी फ्लावर, एंड्रयू फ्लिंटॉफ और जस्टिन लैंगर जैसे नाम शामिल हैं। एक दिन पहले रविवार 12 जुलाई को ECB ने मैकुलम को टेस्ट कोच के पद हटाने की जानकारी दी।
द्रविड़ की कोचिंग स्ट्राइल बनी बड़ी ताकत द्रविड़ की प्लांड कोचिंग, खिलाड़ियों को विकसित करने की क्षमता और लंबे समय की सोच उन्हें इस पद के लिए मजबूत दावेदार बनाती है। 53 साल द्रविड़ के कार्यकाल में भारत ने 2024 टी-20 वर्ल्ड कप जीता था। टीम 2023 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भी पहुंची थी। भारत की अंडर-19 और ए टीम के साथ उनका काम भी काफी सराहा गया है। फुल-टाइम कोचिंग के इच्छुक नहीं हैं द्रविड़ रिपोर्ट में यह भी लिखा गया कि द्रविड़ फुलटाइम कोचिंग की जिम्मेदारी लेने के इच्छुक नहीं हैं। इंग्लैंड की टेस्ट टीम का कोच बनने पर उन्हें परिवार के साथ अधिक समय बिताने का मौका मिलेगा और टेस्ट क्रिकेट में योगदान देने का अवसर भी मिलेगा। इसलिए ECB कम से कम उनकी रुचि जरूर जानना चाहेगा। एंडी फ्लावर सबसे मजबूत दावेदार पूर्व जिम्बाब्वे कप्तान एंडी फ्लावर भी इस पद के प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। उनके कार्यकाल में इंग्लैंड ने तीन एशेज सीरीज जीती थीं। साथ ही टेस्ट रैंकिंग में नंबर-1 स्थान हासिल किया था।
फ्लावर ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को लगातार दो IPL खिताब दिलाए। रिचर्ड डॉसन, श्रीलंका के महान बल्लेबाज कुमार संगकारा और पाकिस्तान के मुख्य कोच माइक हेसन के नाम भी संभावित उम्मीदवारों में शामिल बताए जा रहे हैं। ECB अगले साल होने वाली एशेज सीरीज को ध्यान में रखते हुए जल्द ही नए टेस्ट मुख्य कोच की नियुक्ति करना चाहता है। ————————————- इंग्लिश क्रिकेट से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… इंग्लैंड ने बैजबॉल की शुरुआत करने वाले मैकुलम को हटाया बैजबॉल की शुरुआत करने वाले ब्रेंडन मैकुलम को इंग्लैंड के टेस्ट कोच पद से हटा दिया गया है। उनकी कोचिंग में इंग्लिश टीम को आखरी 9 में से 7 मैचों में हार मिली थी। रविवार को इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने बताया की एशेज से पहले टीम में बदलाव करने का सही समय है। हालांकि मैकुलम इंग्लैंड की व्हाइट बॉल कोच बने रहेंगे। पढ़ें पूरी खबर

वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा-2026 की पहली ट्रेन आज होगी रवाना:दुर्गापुरा स्टेशन से 970 यात्री रामेश्वरम-मदुरै जाएंगे,मेडिकल टीम भी साथ रहेगी

राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के तहत पहली विशेष ट्रेन सोमवार (13 जुलाई) को जयपुर के दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन से रामेश्वरम-मदुरै के लिए रवाना होगी। ट्रेन दोपहर 3:20 बजे रवाना होगी। रवाना होने से पहले प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जहां देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना करेंगे। इस यात्रा में जयपुर संभाग के चार जिलों के कुल 970 वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा पर जाएंगे। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जाएगा। इसके लिए ट्रेन के साथ डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की मेडिकल टीम भी मौजूद रहेगी, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत इलाज उपलब्ध कराया जा सके। लॉटरी के जरिए हुआ यात्रियों का चयन देवस्थान विभाग की ओर से वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। पात्र आवेदकों की संख्या अधिक होने के कारण यात्रियों का चयन लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से किया गया। चयनित यात्रियों को पहले ही यात्रा से जुड़ी सभी जरूरी जानकारी और दिशा-निर्देश उपलब्ध करा दिए गए हैं। मंत्री करेंगे वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात ट्रेन रवाना होने से पहले देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत दोपहर 2 बजे दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन पहुंचकर वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात करेंगे और उनकी यात्रा की तैयारियों का जायजा लेंगे। इसके बाद शाम 3:20 बजे ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। यात्रा के दौरान रहेंगी विशेष सुविधाएं यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को भोजन, पेयजल, सुरक्षा और चिकित्सा जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। देवस्थान विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी पूरी यात्रा के दौरान साथ रहेंगे, ताकि वरिष्ठ नागरिकों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। राज्य सरकार की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और पात्र वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा कराने की सुविधा उपलब्ध कराना है। योजना के तहत इस साल अलग-अलग चरणों में विशेष ट्रेनों के माध्यम से विभिन्न तीर्थ स्थलों के लिए यात्राएं कराई जाएंगी।