ब्रेकिंग न्यूज़
दौसा में 6 मिनट तक एटीएम तोड़ने की कोशिश:रेकी करने के बाद रॉड लेकर घुसे बदमाश, सफल नहीं हुए तो भाग छूटे

दौसा में कार से आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने पहले इलाके की रैकी की, फिर एटीएम बूथ का ताला तोड़कर लूट का प्रयास किया। बदमाशों ने एटीएम बूथ के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए। इसके बाद वे बूथ में घुसे और लोहे की रॉड से कैश बॉक्स उखाड़ने की कोशिश की। करीब छह मिनट तक प्रयास करने के बाद भी सफलता नहीं मिली और सड़क पर वाहनों की आवाजाही बढ़ने पर वे फरार हो गए। हालांकि, बूथ के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं और पुलिस बूथ व आसपास के कैमरों की फुटेज के आधार पर बदमाशों व उनकी कार की पहचान में जुटी है। घटना रविवार देर रात करीब 1:30 बजे सिकराय कस्बे में एसबीआई बैंक के बाहर स्थित एटीएम बूथ पर हुई। देर रात एटीएम लूट की कोशिश, वारदात कैमरे में कैद
जानकारी के अनुसार, रात करीब 1:30 बजे कार से आए तीन बदमाशों ने लोहे की रॉड से शटर का ताला तोड़ा और बूथ में घुस गए। बदमाशों ने एटीएम बूथ के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए और एटीएम मशीन को उखाड़ने की कोशिश की। हालांकि, सड़क पर वाहनों की आवाजाही देखकर वे वारदात अधूरी छोड़कर भाग निकले। पूरी घटना बूथ के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। रैकी के बाद 6 मिनट में दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने वारदात से पहले सिकराय कस्बे की सड़कों पर घूमकर रैकी की थी। इसके बाद दो नकाबपोश बदमाश लोहे की रॉड लेकर एटीएम बूथ में घुसे और कैश बॉक्स को तोड़ने का प्रयास किया। करीब 6 मिनट तक कोशिश करने के बाद सफलता नहीं मिलने पर वे कार में बैठकर फरार हो गए। एफएसएल ने जुटाए साक्ष्य, पुरानी वारदात भी रही चर्चा में
सूचना पर एएसपी शंकर लाल मीणा, डिप्टी एसपी धर्मराज चौधरी और मानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सोमवार सुबह मेहंदीपुर बालाजी थाना प्रभारी सचिन शर्मा ने टीम के साथ बैंक पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज देखे। एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस बदमाशों और उनकी कार की पहचान में जुटी है। इसी एटीएम बूथ से नवंबर 2022 में करीब 10 लाख रुपए से भरा कैश बॉक्स लूट लिया गया था। उस दौरान गश्त कर रहे एक होमगार्ड जवान को बदमाशों ने वाहन से कुचल दिया था, जिससे उनकी मौत हो गई थी। फिलहाल पुलिस एटीएम बूथ और आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इनपुट: देवेन्द्र सैंहणा

तीन युद्ध लड़ चुके रिटायर्ड कैप्टन की जमीन पर कब्जा:फर्जी हमशक्ल खड़ा कर 25 लाख में बेची जमीन; उधार के पैसों से कर रहे न्याय की लड़ाई

देश के लिए सीमा पर तीन ऐतिहासिक युद्ध लड़ चुके एक बुजुर्ग सैनिक को अपने जीवन के आखिरी पड़ाव में अपनी ही जमीन बचाने के लिए सरकारी दफ्तरों और थानों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। मामला राजस्थान के सरहदी जिले जैसलमेर के मोहनगढ़ इलाके का है, जहां 1962 में चीन और 1965 व 1971 में पाकिस्तान के खिलाफ जंग में शामिल रहे 92 साल के रिटायर्ड कैप्टन चुन्नीलाल की कृषि जमीन को भू-माफियाओं ने फर्जी डाक्यूमेंट्स के जरिए अपने नाम करवा लिया। आरोप है कि असली सैनिक की जगह 75 साल के एक फर्जी बुजुर्ग को खड़ा कर रजिस्ट्री करवाई गई और बाद में जमीन करीब 25 लाख रुपए में बेच दी गई। मामले में पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप के बाद कोतवाली थाने में नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। इंदिरा गांधी नहर परियोजना के तहत मिली थी जमीन पीड़ित कैप्टन चुन्नीलाल मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के रहने वाले हैं और पोंग बांध परियोजना के विस्थापित हैं। बांध निर्माण के दौरान उनकी पैतृक जमीन अधिग्रहित की गई थी। इसके बदले सरकार ने उन्हें इंदिरा गांधी नहर परियोजना के तहत जैसलमेर के मोहनगढ़ इलाके में कृषि भूमि का मुरब्बा आवंटित किया था। परिवार का कहना है कि दशकों पहले जिस बंजर मरुस्थल को उन्हें दिया गया था, उसे उन्होंने अपने खून-पसीने की मेहनत से उपजाऊ कृषि भूमि में बदल दिया। 16 जून को हुई रजिस्ट्री, 22 जून को हुआ नामांतरण रिटायर्ड कैप्टन के बेटे मुल्तान सिंह ठाकुर ने बताया कि उन्हें 16 जून को हुई रजिस्ट्री और 22 जून को हुए म्यूटेशन यानी नामांतरण की जानकारी मिली। इसके बाद परिवार न्याय के लिए अधिकारियों के पास पहुंचा। उन्होंने बताया कि स्थानीय प्रशासन का रवैया निराशाजनक रहा। परिवार को क्षेत्राधिकार का हवाला देकर मोहनगढ़ थाने से पीटीएम थाने और फिर कोतवाली थाने भेजा गया। वहीं राजस्व अधिकारियों ने म्यूटेशन निरस्त करवाने के लिए कोर्ट जाने की सलाह देकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। भागदौड़ से बिगड़ी 92 साल के कैप्टन की तबीयत परिजनों के अनुसार लगातार मानसिक और शारीरिक भागदौड़ के कारण दिल के मरीज 92 साल के कैप्टन चुन्नीलाल की तबीयत भी बिगड़ गई। परिवार का कहना है कि देश के लिए तीन युद्ध लड़ने वाले सैनिक को अपनी जमीन बचाने के लिए इस तरह भटकना पड़ रहा है। उधार के पैसों से कर रहे न्याय की लड़ाई रिटायर्ड सार्जेंट लालाराम चौधरी, जो इस मामले में परिवार की मदद कर रहे हैं, ने बताया कि देश के लिए तीन-तीन युद्ध लड़ने वाला सैनिक पिछले आठ दिनों से टैक्सी का किराया भी उधार लेकर न्याय की गुहार लगा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि रजिस्ट्री होते ही दलालों और भू-माफियाओं ने 25 लाख रुपए की रकम आपस में बांट ली। उन्होंने हिमाचल प्रदेश और राजस्थान सरकार से इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने की अपील की है। एसपी के निर्देश के बाद दर्ज हुई एफआईआर शहर कोतवाल सुरजाराम जाखड़ ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत और पुलिस अधीक्षक के निर्देश के बाद कोतवाली थाने में भू-माफियाओं के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली गई है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि 92 साल के रिटायर्ड सैनिक की जगह किसी अन्य व्यक्ति को हमशक्ल बनाकर खड़ा किया गया और फर्जी नाम से जमीन की रजिस्ट्री करवाई गई। पुलिस के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए गहन जांच शुरू कर दी गई है। फर्जी डाक्यूमेंट्स तैयार करने वालों और इस पूरे गिरोह में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

झुंझुनूं में थानाधिकारी उमाशंकर को मिली बिसाऊ की जिम्मेदारी:चंद्रभान को साइबर क्राइम थानाधिकारी बनाया, 8 थानों के प्रभारियों के तबादले

झुंझुनूं जिले में पुलिस प्रशासन और बिजली विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने जिले के 18 में से 8 पुलिस थानों के प्रभारियों के तबादला आदेश जारी किए हैं। वहीं अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (अजमेर डिस्कॉम) ने भी अभियंताओं की नई सूची जारी करते हुए कई अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारियां बदल दी हैं। 8 पुलिस थानों में बदले थानाधिकारी वीके खीचड़ बने झुंझुनूं के नए एसई सहायक अभियंताओं के भी हुए तबादले कई जेईएन की भी बदली जिम्मेदारी अन्य कर्मचारियों की भी बदली पोस्टिंग पुलिस और बिजली विभाग में हुए इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद आने वाले दिनों में नए अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने पदों पर कार्यभार संभालेंगे।

वर्ल्ड अपडेट्स:यूक्रेन समेत 10 यूरोपीय देशों ने मिसाइल डिफेंस गठबंधन बनाया, रूस के बैलिस्टिक हमलों से यूरोप को बचाने की तैयारी

यूक्रेन और यूरोप के 9 देशों ने रूस के बैलिस्टिक मिसाइल खतरे से निपटने के लिए नया रक्षा गठबंधन बनाया है। इसका मकसद पूरे यूरोप के लिए साझा बैलिस्टिक मिसाइल डिफेंस सिस्टम तैयार करना है। यह फैसला पेरिस में यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की और यूरोपीय नेताओं की बैठक में लिया गया। इनमें यूक्रेन, फ्रांस, जर्मनी, ब्रिटेन, इटली, नीदरलैंड, डेनमार्क, नॉर्वे, स्पेन और स्वीडन शामिल हैं। संयुक्त बयान में कहा गया कि रूस की बैलिस्टिक मिसाइलें यूरोप की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन रही हैं। इसलिए पूरे यूरोप के लिए एक इंटीग्रेटेड मिसाइल डिफेंस सिस्टम विकसित किया जाएगा। इसमें रूस के खिलाफ चार साल से युद्ध लड़ रहे यूक्रेन के अनुभव का भी इस्तेमाल होगा। जेलेंस्की ने कहा कि यूरोप की पहली प्राथमिकता बैलिस्टिक मिसाइलों से सुरक्षा है। वहीं, गठबंधन ने साफ किया कि भविष्य में दूसरे यूरोपीय देश भी इसमें शामिल हो सकेंगे। उधर, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन के हालिया हमलों का जिक्र करते हुए कहा कि रूस हर हमले का कई गुना ज्यादा ताकत से जवाब देगा। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… दक्षिण चीन सागर को लेकर 14 देशों के बयान पर भड़का चीन, जापानी राजनयिक को तलब किया दक्षिण चीन सागर पर 2016 के अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता फैसले की 10वीं वर्षगांठ पर जापान समेत 14 देशों द्वारा चीन के समुद्री दावों को खारिज किए जाने के बाद बीजिंग ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। चीन ने रविवार को बीजिंग स्थित जापानी दूतावास के वरिष्ठ अधिकारी को तलब कर औपचारिक विरोध दर्ज कराया और कहा कि दक्षिण चीन सागर पर उसकी संप्रभुता कभी नहीं बदली है। अमेरिका, जापान, ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन, फिलीपींस, कनाडा, जर्मनी, इटली, न्यूजीलैंड समेत कुल 14 देशों ने संयुक्त बयान जारी कर 12 जुलाई 2016 को द हेग स्थित स्थायी मध्यस्थता न्यायाधिकरण (PCA) के फैसले को अंतिम और कानूनी रूप से बाध्यकारी बताया। बयान में कहा गया कि चीन के ‘नाइन-डैश लाइन’ दावों का संयुक्त राष्ट्र समुद्री कानून (UNCLOS) के तहत कोई कानूनी आधार नहीं है। चीन के विदेश मंत्रालय ने जापान पर क्षेत्रीय मामलों में हस्तक्षेप और दक्षिण चीन सागर में शांति व स्थिरता को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि जापान इस विवाद का पक्षकार नहीं है और उसे इस मामले में दखल नहीं देना चाहिए। जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी ने कहा कि चीन द्वारा 2016 के फैसले को अस्वीकार करना विवादों के शांतिपूर्ण समाधान और अंतरराष्ट्रीय कानून के शासन के विपरीत है। चीन ने इस टिप्पणी को खारिज करते हुए जापान पर ऐतिहासिक विस्तारवाद की मानसिकता का भी आरोप लगाया। इस बीच, 27 सदस्यीय यूरोपीय संघ ने भी 2016 के फैसले को शांतिपूर्ण विवाद समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय बताया। चीन ने यूरोपीय संघ की टिप्पणी पर भी आपत्ति जताई। चीन लगातार 2016 के मध्यस्थता फैसले को “अवैध, अमान्य और गैर-बाध्यकारी” बताता रहा है। उसका कहना है कि न्यायाधिकरण को इस मामले में अधिकार क्षेत्र प्राप्त नहीं था और दक्षिण चीन सागर पर उसके ऐतिहासिक अधिकार बरकरार हैं। बांग्लादेश में बारिश-बाढ़ से 51 की मौत, 10 लाख से ज्यादा प्रभावित
बांग्लादेश में लगातार हो रही भारी बारिश, अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से अब तक 51 लोगों की मौत हो चुकी है। सरकारी अधिकारियों के अनुसार, 10 लाख से अधिक लोग इस आपदा से प्रभावित हुए हैं, जबकि हजारों परिवारों को अपने घर छोड़कर राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी है। पिछले एक सप्ताह से जारी बारिश के कारण देश के कई हिस्सों में बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति बनी हुई है। सबसे अधिक नुकसान कॉक्स बाजार जिले में हुआ है, जहां अब तक 28 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। यह इलाका दुनिया के सबसे बड़े रोहिंग्या शरणार्थी शिविर का भी केंद्र है। राजधानी ढाका में भी हालात गंभीर हैं। कई इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया है, जिससे यातायात बाधित हो गया है। स्थानीय मीडिया ने शहर की जल निकासी व्यवस्था को लेकर प्रशासन की तैयारियों पर सवाल उठाए हैं। द. कोरिया के पूर्व राष्ट्रपति यून सुक-योल को अवैध राजनीतिक फंडिंग मामले में 2 साल की जेल
दक्षिण कोरिया की सियोल सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने पूर्व राष्ट्रपति यून सुक-योल को अवैध राजनीतिक फंडिंग मामले में दोषी ठहराते हुए दो साल की जेल की सजा सुनाई है। अदालत के अनुसार, यून सुक-योल ने एक राजनीतिक ब्रोकर से लगभग 27 करोड़ वॉन (करीब 1.80 लाख अमेरिकी डॉलर) मूल्य की 14 चरणों की जनमत सर्वेक्षण सेवाएं मुफ्त में प्राप्त की थीं। बाद में उन्होंने कथित तौर पर उस ब्रोकर का एहसान चुकाने के लिए एक पूर्व सांसद के नामांकन को प्रभावित किया। 65 वर्षीय यून सुक-योल इस समय आठ अलग-अलग कानूनी मामलों का सामना कर रहे हैं। वह 2024 में मार्शल लॉ लागू करने से जुड़े कथित विद्रोह मामले में फरवरी में सुनाई गई आजीवन कारावास की सजा के खिलाफ भी अपील कर रहे हैं। इसके अलावा, पिछले सप्ताह दक्षिण कोरिया के सुप्रीम कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी में बाधा डालने के मामले में सात साल की जेल की सजा को भी अंतिम रूप दे दिया था। जेलेंस्की ने एक साल बाद प्रधानमंत्री स्विरीदेंको को हटाया, पूरी सरकार ने दिया इस्तीफा
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने प्रधानमंत्री यूलिया स्विरीदेंको को महज एक साल के कार्यकाल के बाद बदलने का फैसला किया है। उनकी घोषणा के बाद यूक्रेन के कानून के तहत पूरी सरकार ने इस्तीफा दे दिया। जेलेंस्की ने यह स्पष्ट नहीं किया कि नया प्रधानमंत्री कौन होगा या स्विरीदेंको की नई भूमिका क्या होगी। यूलिया स्विरीदेंको को अमेरिका में यूक्रेन का अगला राजदूत बनाए जाने की भी चर्चा है, हालांकि सरकार की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। राष्ट्रपति ने यह भी संकेत दिया कि कानून प्रवर्तन एजेंसियों के शीर्ष नेतृत्व में भी बदलाव किए जाएंगे। यूक्रेन के कानून के अनुसार, प्रधानमंत्री का इस्तीफा संसद की मंजूरी के बाद प्रभावी होता है। इसके साथ ही पूरी सरकार स्वतः भंग हो जाती है और नए मंत्रिमंडल के गठन की प्रक्रिया शुरू होती है। यूक्रेनी सांसदों के अनुसार, नए प्रधानमंत्री की दौड़ में पूर्व प्रधानमंत्री एवं मौजूदा ऊर्जा मंत्री डेनिस श्मीहाल, रक्षा मंत्री मिखाइलो फेदोरोव और सरकारी ऊर्जा कंपनी नाफ्टोगाज़ के प्रमुख सेरही कोरेत्स्की के नाम प्रमुखता से लिए जा रहे हैं। पेरिस के सिनेगॉग के बाहर ‘मिलिट्री-ग्रेड’ हथियार मिलने से हड़कंप: 300 लोगों को निकाला
फ्रांस की राजधानी पेरिस में एक सिनेगॉग के पास संदिग्ध वाहन से असॉल्ट राइफल और पिस्तौल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। पुलिस ने एहतियातन करीब 300 लोगों को आसपास के इलाके से सुरक्षित निकाला और राष्ट्रीय आतंकवाद-रोधी अभियोजन कार्यालय (PNAT) ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम एक चोरी का वाहन संदिग्ध अवस्था में मिला। तलाशी के दौरान उसमें से एक असॉल्ट राइफल और एक पिस्तौल बरामद हुई। बम निरोधक दस्ते की जांच में कोई विस्फोटक नहीं मिला। गृह मंत्री लॉरां नुनेज ने बरामद असॉल्ट राइफल को “मिलिट्री-ग्रेड” हथियार बताया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। सिनेमा, रेस्तरां और अन्य इमारतों से लगभग 300 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। अभी तक किसी संदिग्ध की गिरफ्तारी नहीं हुई है और हमले के संभावित उद्देश्य की जांच जारी है। गाजा युद्ध शुरू होने के बाद से फ्रांस में यहूदी विरोधी घटनाओं में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। गृह मंत्री के अनुसार, इस वर्ष यहूदी समुदाय को निशाना बनाने वाली तीन साजिशों को पहले ही विफल किया जा चुका है। पिछले वर्ष देश में 1,320 यहूदी विरोधी घटनाएं दर्ज हुई थीं। स्पेन के जंगलों में लगी भीषण आग: झुलसी 93 वर्षीय ब्रिटिश महिला की मौत, मृतकों की संख्या 13 हुई
स्पेन के अल्मेरिया प्रांत में लगी भीषण जंगल की आग में झुलसी 93 वर्षीय ब्रिटिश महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके साथ ही इस हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। यह आग गुरुवार को अल्मेरिया प्रांत के लॉस गालार्डोस इलाके में भड़की थी। अब तक 7,000 हेक्टेयर (करीब 17,300 एकड़) से अधिक क्षेत्र जल चुका है। अधिकारियों के मुताबिक यह स्पेन के इतिहास की सबसे घातक जंगल की आग की घटनाओं में से एक है। स्पेन की फोरेंसिक एजेंसी (CID) ने बताया कि दो और लोगों के लापता होने की सूचना मिलने के बाद लापता लोगों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। एजेंसी फ्रांस, ब्रिटेन और बेल्जियम के अधिकारियों के साथ मिलकर लापता लोगों की पहचान और डीएनए मिलान की प्रक्रिया चला रही है। बेल्जियम सरकार का कहना है कि मृतकों में उसके तीन नागरिक भी हो सकते हैं।

श्रीगंगानगर में मौसम ड्राई, उमस से परेशान लोग:14-15 को बारिश की संभावना, फसल उत्पादन में होगी कमी

राजस्थान में मानसून का दौर धीमा पड़ गया है। जिसके कारण श्रीगंगानगर जिला पूरी तरह ड्राई है। गर्मी और उमस से लोग परेशान है। बारिश नहीं होने से किसान भी चिंतित हैं, क्योंकि फसल बिजाई का समय भी लगभग निकल चुका है। इस वजह से किसानों ने कम बिजाई की और बिजाई हो चुकी फसलों पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। जिससे फसल उत्पादन में कमी भी होगी। मौसम राडार स्टेशन, श्रीगंगानगर पर सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान 28.0 डिग्री रिकार्ड किया गया। रविवार को न्यूनतम तापमान 32.4 डिग्री और अधिकतम तापमान 38 डिग्री रिकार्ड किया गया। वहीं, शनिवार को यहां 29.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री रिकार्ड किया गया। 14-15 जुलाई को हनुमानगढ़ जिले में एक्टिव होने से कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। किसके साथ ही दो-तीन दिन 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज रफ्तार से धूल भरी करवाएंगे। हालांकि कई दिन तक मौसम ड्राई रहेगा। उमस और गर्मी से लोग बेहाल हैं। बार-बार हो रही बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।

सांवलाजी मंदिर भूमि विवाद में सिरोही में महापड़ाव:पाली से पहुंचेंगे कार्यकर्ता, निष्पक्ष जांच की मांग

भगवान सांवलाजी मंदिर की भूमि से जुड़े प्रकरण के विरोध में 13 जुलाई को सिरोही के रामझरोखा मैदान में जनआक्रोश प्रदर्शन और महापड़ाव आयोजित किया जाएगा। इसी को लेकर पाली में श्री राजपूत करणी सेना और श्री राजपूत युवा संगठन की संयुक्त बैठक हुई, जिसमें पाली जिले से बड़ी संख्या में समाजबंधुओं और कार्यकर्ताओं की महापड़ाव में भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। मंदिर भूमि प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग
श्री राजपूत करणी सेना के जिला अध्यक्ष अजयपाल सिंह हेमावास ने कहा कि सांवलाजी मंदिर की भूमि का मुद्दा सनातन धर्म की आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा विषय है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की। युवाओं में भी दिख रहा आक्रोश
श्री राजपूत युवा संगठन के जिला अध्यक्ष महेंद्र सिंह चांदावत ने कहा कि इस विषय को लेकर युवाओं में भी व्यापक आक्रोश है। उन्होंने बताया कि पाली जिले से बड़ी संख्या में युवा और समाजजन सिरोही पहुंचकर महापड़ाव में भाग लेंगे। साथ ही सभी सनातन धर्म प्रेमियों से कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। आंदोलन की तैयारियों पर भी हुई चर्चा
श्री राजपूत करणी सेना के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी वीरेन्द्र सिंह नरूका ने बताया कि बैठक में आंदोलन की तैयारियों और संगठनात्मक व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई। बैठक में गोपाल सिंह शेखावत, जितेंद्र सिंह भाटी, चैन सिंह राठौड़, अर्जुन सिंह भाटी, भूपेंद्र सिंह कुंपावत, उम्मेद सिंह कुंपावत, विक्रम सिंह राजावत, भानु प्रताप सिंह भाटी, लक्ष्मण सिंह, दिलीप सिंह जोधा, प्रवीण सिंह भाटी, उम्मेद सिंह भाटी, पीयूष सिंह उदावत, शक्ति सिंह कुंपावत सहित करणी सेना और श्री राजपूत युवा संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

फुटबॉल वर्ल्डकप- सेमीफाइनल में 35 साल बाद सभी पूर्व चैंपियंस:अर्जेंटीना-इंग्लैंड की 40 साल पुरानी राइवलरी, एम्बाप्पे का फ्रांस यमाल के स्पेन से खेलेगा

फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले तय हो गए हैं। फुटबॉल की चार दिग्गज टीमें- अर्जेंटीना, इंग्लैंड, फ्रांस और स्पेन ने टॉप-4 में प्रवेश किया है। 1990 के बाद यह पहला मौका है, जब वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में सिर्फ पूर्व चैंपियन टीमें पहुंची हैं। एक खास बात और है, ये चारों टीमें फीफा रैंकिंग में टॉप-4 में शामिल हैं। ऐसा पहली बार हुआ है, जब रैंकिंग की टॉप-4 टीमों सेमीफाइनल में पहुंची हैं और खिताब से सिर्फ दो जीत दूर हैं।
मंगलवार को किलियन एम्बाप्पे की फ्रांस और लामिन यमाल के स्पेन आमने-सामने होंगे, जबकि बुधवार को लियोनेल मेसी की अर्जेंटीना और हैरी केन की इंग्लैंड के बीच मैच खेला जाएगा। अर्जेंटीना Vs इंग्लैंड पुरानी दुश्मनी, हैंड ऑफ गॉड, बेकहम रेडकार्ड जैसे विवाद अर्जेंटीना और इंग्लैंड की भिड़ंत सिर्फ फुटबॉल तक सीमित नहीं रही है। 1982 के फॉकलैंड युद्ध से लेकर वर्ल्ड कप के कई विवादित मुकाबलों तक दोनों देशों की राइवलरी काफी पुरानी है। 1986 वर्ल्ड कप में डिएगो माराडोना के चर्चित ‘हैंड ऑफ गॉड’ गोल की बदौलत अर्जेंटीना ने इंग्लैंड को हराया था। 1998 में डेविड बेकहम को रेड कार्ड मिला और अर्जेंटीना ने पेनल्टी शूटआउट में जीत दर्ज की। 2002 में बेकहम ने पेनल्टी गोल कर इंग्लैंड को जीत दिलाई थी। अब मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन अर्जेंटीना लगातार दूसरा खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगा। स्पेन Vs फ्रांस यूरो की हार का बदला लेने उतरेगा फ्रांस दूसरे सेमीफाइनल में फ्रांस और स्पेन की टक्कर होगी। दोनों टीमें 2 साल पहले यूरोपीय चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में भी भिड़ी थीं, जहां स्पेन ने 2-1 से जीत दर्ज की थी। फ्रांस के पास किलियन एमबाप्पे, माइकल ओलिसे और डिजिरे डुए जैसे स्टार खिलाड़ी हैं, जबकि स्पेन की उम्मीदें युवा स्टार लामिन यामाल और मिडफील्डर मिकेल मेरिनो पर टिकी होंगी। मेरिनो ने लगातार दो नॉकआउट मुकाबलों में निर्णायक गोल कर स्पेन को जीत दिलाई है। मेसी के पास इतिहास रचने का मौका 39 साल लियोनेल मेसी अपने करियर का आखिरी वर्ल्ड कप खेल रहे हैं। उनके नाम विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा 21 गोल हैं। अगर मेसी अर्जेंटीना को लगातार दूसरा वर्ल्ड कप दिलाने में सफल रहते हैं, तो वह डिएगो माराडोना के बराबर नहीं, बल्कि उनसे भी आगे निकल जाएंगे। अर्जेंटीना अगर खिताब जीतता है तो वह 1962 के बाद लगातार दो वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बनेगी। इससे पहले ब्राजील और इटली यह कारनामा कर चुके हैं। ————————————————- फुटबॉल वर्ल्ड कप से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… नया स्टार- पेरू में 559 नवजातों के नाम हालेंड के नाम पर, 91 बच्चों का पूरा नाम ही ‘अर्लिंग हालेंड’ फुटबॉल का जुनून पूरी दुनिया के सिर चढ़कर बोल रहा है, लेकिन साउथ अमेरिकी देश पेरू में इसका एक अलग ही रंग देखने को मिल रहा है। नॉर्वे के स्टार स्ट्राइकर अर्लिंग हालेंड 2026 फुटबॉल वर्ल्ड कप में अपने शानदार प्रदर्शन से फैंस के दिलों पर राज कर रहे हैं। उनकी लोकप्रियता ऐसी है कि पेरू में माता-पिता अपने नवजात बच्चों का नाम हालेंड के नाम पर रख रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर

नशा तस्कर के मकानों को बुलडोजर से तोड़ा:सरकारी जमीन पर कब्जा कर करोड़ों की लागत से बनाये जा रहे थे

झालावाड़ में वन विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नशा तस्करों के अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। मानपुरा गुजरान स्थित वन भूमि पर कब्जा कर बनाए गए इन मकानों पर बुलडोजर चलाया गया। इस कार्रवाई में एक तस्कर गिरिराज का लगभग 3 करोड़ रुपए की लागत से बन रहा मकान भी शामिल था। एसपी अमित कुमार ने बताया कि कालूलाल पुत्र चंदालाल तंवर (निवासी महुआखोह) और गिरिराज पुत्र रामचंद्र तंवर (निवासी महुआखोह) ने मानपुरा गुजरान में वन भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर मकानों का निर्माण कराया था। ये दोनों आरोपी लंबे समय से मादक पदार्थ तस्करी में लिप्त थे। नोटिसों का पालन नहीं होने के बाद की कार्रवाई
उप वन संरक्षक सागर पंवार के निर्देश पर वन विभाग ने इन अवैध मकानों को ध्वस्त किया। कार्रवाई के दौरान एसीएफ मुकेश सहजवानी के नेतृत्व में राजेंद्र मीणा (क्षेत्रीय वन अधिकारी, अकलेरा) सहित अकलेरा, असनावर और गश्ती दल का स्टाफ मौजूद रहा। पुलिस की ओर से अकलेरा डीवाईएसपी मनोज सोनी और सीआई धर्माराम भी पुलिस बल के साथ मौजूद थे। वन विभाग ने अतिक्रमण हटाने की यह कार्रवाई पूर्व में दिए गए नोटिसों का पालन नहीं होने के बाद की। अवैध निर्माण नहीं हटाने पर विभाग ने यह कदम उठाया। कार्रवाई के दौरान सुबह से ही वन विभाग का दस्ता और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। 2 तस्करों के खिलाफ 2-2 मामलें दर्ज
तस्कर कालूलाल के खिलाफ दोनों ही मामले मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े हुए है। कालूलाल लम्बे समय से नशा तस्करी का काम कर रहा है। उसके के खिलाफ वर्ष 2019 में एनडीपीएस एक्ट का पहला मामला दर्ज किया था।
कालूलाल के खिलाफ वर्ष 2025 में मादक पदार्थ तस्करी का दूसरा मामला दर्ज किया था, मामले में 1 करोड़ 20 लाख बाजार मूल्य की नशा सामग्री बरामद हुई थी। वही तस्कर गिरिराज तंवर निवासी महुआखोह के खिलाफ दर्ज 2 मामले मादक पदार्थों की तस्करी से जुडे हुए है। गिरिराज के खिलाफ पहला मामला वर्ष 2017 में मादक पदार्थ तस्करी का दर्ज किया था, इसमें 5 लाख बाजार मूल्य के अवैध नशा सामग्री बरामद की थी। वर्ष 2019 में गिरिराज के खिलाफ दर्ज मामले में गिरिराज से 4 लाख बाजार मूल्य की नशा सामग्री जप्त की थी।

अलवर में मानसून के 11 दिन बीते, अच्छी-बारिश का इंतजार:रूपारेल नदी बही, पर जयसमंद बांध तक नहीं पहुंचा पानी; जानें आगे कैसा रहेगा मौसम

अलवर जिले में पिछले तीन दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। सुबह से ही तेज धूप निकलने और हवा बंद रहने के कारण लोग पसीने से तरबतर हैं। सोमवार को भी तीखी धूप के साथ दिन की शुरुआत हुई। मौसम विभाग के अनुसार, आज अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, 13 से 15 जुलाई तक उमस का यह दौर जारी रहेगा और बीच-बीच में केवल हल्के बादल छाएंगे। हालांकि, 16 से 18 जुलाई के बीच मौसम में बड़ा बदलाव आ सकता है। इस दौरान तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को इस दमघोंटू उमस से राहत मिल सकती है। मानसून की एंट्री हुए 11 दिन बीत चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक उम्मीद के मुताबिक बारिश नहीं हुई है। हालांकि, बीच-बीच में एक-दो दिन अच्छी बारिश जरूर दर्ज की गई, लेकिन जिले के अधिकांश बांध अब भी खाली पड़े हैं। रूपारेल नदी में हाल ही की बारिश से पानी की आवक तो हुई है, लेकिन यह पानी अभी तक ऐतिहासिक जयसमंद बांध तक नहीं पहुंच पाया है। ऐसे में जिले के सूखे बांधों को भरने और उमस भरी गर्मी से राहत पाने के लिए आमजन को अब भी एक अच्छी और झमाझम बारिश का बेसब्री से इंतजार है।

कैंपर सवार बदमाशों ने स्कॉर्पियो में की तोड़फोड़:तीन किलोमीटर तक किया पीछा, युवक जान बचाने के लिए घर में छुपा

बाड़मेर के नागाणा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर रविवार रात कैंपर सवार तीन लोगों ने स्कॉर्पियो सवार युवक का लाठी-डंडों के साथ पीछा किया। युवक करीब 3 किलोमीटर तक गाड़ी दौड़ाते हुए जान बचाकर एक घर में जा छिपा, जिसके बाद आरोपियों ने उसकी स्कॉर्पियो में जमकर तोड़फोड़ कर दी। स्थानीय लोग फायरिंग की बात कह रहे हैं, लेकिन पुलिस ने मौके से ऐसे कोई साक्ष्य मिलने से इनकार किया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मंदिर के पास हुई शुरुआत
जानकारी के अनुसार, जोगेंद्र उर्फ जोगाराम पुत्र भारूराम पुनिया रात करीब 10 बजे हनुमानजी मंदिर के पास मातासर की किराना दुकान पर सामान ले रहा था। तभी कैंपर में सवार प्रेम पुत्र गणेशराम निवासी मातासर, जोगाराम पुत्र भैराराम निवासी चवा और जेठाराम वहां पहुंचे। आरोप है कि तीनों पिस्तौल और डंडे लेकर जोगेंद्र की ओर बढ़े। इस दौरान जोगेंद्र स्कॉर्पियो स्टार्ट कर वहां से निकल गया। टायर फटने पर घर में छिपा युवक
जोगेंद्र स्कॉर्पियो भगाते हुए करीब 3 किलोमीटर दूर भूरटिया गांव पहुंचा। रास्ते में गाड़ी का एक टायर फट गया। इसके बाद उसने स्कॉर्पियो गिरधारीराम के घर के आगे खड़ी की और खुद अंदर जाकर छुप गया। आरोपियों ने उसे गाड़ी में नहीं पाया तो स्कॉर्पियो के आगे, पीछे और साइड के शीशे तोड़ दिए। फायरिंग की चर्चा, पुलिस ने नकारा
स्थानीय लोगों का कहना है कि टायर पर फायरिंग की गई थी। हालांकि, सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस को न तो घटनास्थल पर और न ही गाड़ी में फायरिंग के कोई सबूत मिले। पुलिस ने नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल इस संबंध में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।