ब्रेकिंग न्यूज़
टोंक में ओडिशा की तरह भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा:25 फीट ऊंचे रथ में विराजे भगवान, 100 फीट लंबी रस्सियों से भक्तों ने खींचा

टोंक में पहली बार ओडिशा की तर्ज पर भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली गई। 25 फीट ऊंचे विशेष हाइड्रोलिक रथ में भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की प्रतिमाएं विराजमान रहीं, जबकि श्रद्धालुओं ने 100 फीट लंबी दो रस्सियों से रथ को खींचा। आषाढ़ी दूज पर इस्कॉन सेंटर के तत्वावधान में निकली यह यात्रा अंबेडकर खेल स्टेडियम से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई श्री मंशापूर्ण महादेव मंदिर पहुंची। यात्रा के दौरान महिला, पुरुष और बच्चों समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। हरिनाम संकीर्तन, मृदंग-करताल और विशेष बैंड आकर्षण का केंद्र रहे। 25 फीट ऊंचे हाइड्रोलिक रथ में विराजे भगवान भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा गुरुवार शाम हटवाड़ा मैदान स्थित इस्कॉन सेंटर से 56 भोग और आरती के साथ शुरू हुई। जयपुर से मंगवाए गए विशेष 25 फीट ऊंचे हाइड्रोलिक रथ में भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की प्रतिमाएं विराजमान थीं। भगवान के रथ को 100 फीट लंबी दो रस्सियों से श्रद्धालु खींचते हुए पूरे मार्ग पर ले गए। शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली यात्रा रथयात्रा अंबेडकर खेल स्टेडियम के पास से शुरू होकर कंकाली माताजी मंदिर, गांधी पार्क, घंटाघर, सुभाष बाजार, पांच बत्ती, काफला बाजार, नौशे मियां का पुल, बड़ा कुआं, सबील शाह की चौकी, जैन नसिया और हेमू कालाणी सर्किल होते हुए श्री मंशापूर्ण महादेव मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन किए और यात्रा का स्वागत किया। हरिनाम संकीर्तन और बैंड बने आकर्षण का केंद्र रथयात्रा में भगवान जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा के दर्शन के साथ मृदंग-करताल पर हरिनाम संकीर्तन और विशेष बैंड आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम में ओमप्रकाश पांडे, डॉ. प्रदीप गहलोत, महंत दुर्गा लाल, दुर्गेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

RJD प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने पार्टी छोड़ी:कहा-अपमानित होकर राजनीति नहीं कर सकते; दीमकों से घिरे हैं तेजस्वी यादव, पार्टी को बर्बाद कर दिया

RJD के मुख्य प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। गुरुवार को वीडियो जारी कर उन्होंने कहा, “अब पार्टी में और अधिक अपमान नहीं सह सकता। मैंने अपना इस्तीफा प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल को सौंप दिया है।” उन्होंने कहा- “जिस पार्टी के लिए सालों तक पूरी निष्ठा से काम किया, उसी पार्टी में आज सम्मान नहीं मिल रहा है।” मृत्युंजय तिवारी ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद पार्टी नेतृत्व ने उनकी बातों पर कोई ध्यान नहीं दिया, जिसके कारण उन्हें यह फैसला लेना पड़ा। इस्तीफे के साथ ही मृत्युंजय तिवारी ने पार्टी के अंदरूनी हालात पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “पार्टी में कुछ ऐसे लोग सक्रिय हैं, जिन्होंने दीमक की तरह संगठन को अंदर से खोखला कर दिया है। तेजस्वी यादव ऐसे लोगों से घिरे हुए हैं, जिसके कारण जमीनी कार्यकर्ताओं की आवाज नेतृत्व तक नहीं पहुंच पा रही है।” जानिए क्या बोले मृत्युंजय तिवारी उन्होंने कहा, “कोई भी व्यक्ति लगातार अपमानित होकर राजनीति नहीं कर सकता। हमने पार्टी के सबसे कठिन दौर में भी साथ नहीं छोड़ा और पूरी ईमानदारी से संगठन के लिए काम किया। इसके बावजूद हमें वह सम्मान नहीं मिला, जिसके हम हकदार थे।” मृत्युंजय तिवारी ने आगे कहा, “साल 2014 में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने मुझ पर भरोसा जताया था। उन्होंने मुझे पार्टी का मीडिया प्रभारी और प्रवक्ता बनाया था। मैंने उस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाया और हमेशा पार्टी का पक्ष मजबूती से रखा।” कौन हैं मृत्युंजय तिवारी? मृत्युंजय तिवारी को तेजस्वी यादव का करीबी और भरोसेमंद नेता माना जाता रहा है। युवाओं को राजद से जोड़ने में भी उनकी अहम भूमिका रही। वे राजद प्रमुख लालू यादव के भी बेहद करीबी माने जाते थे। 2014 में लालू यादव ने उन्हें पार्टी का मीडिया प्रभारी और राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाया था। मृत्युंजय तिवारी का राजनीति से जुड़ाव छात्र जीवन से ही रहा है। छात्र राजनीति के दौरान उन्होंने सामाजिक और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद वे राजद में शामिल हुए। अपनी प्रभावशाली वक्तृत्व क्षमता और संगठनात्मक कौशल के दम पर वे पार्टी के प्रमुख प्रवक्ताओं में शामिल हो गए। अब उनका इस्तीफा बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राजद के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
——————— ये खबर भी पढ़ें…. PK को फिर झटका,फिल्म डायरेक्टर चेतना झांब ने छोड़ी पार्टी:बीजेपी में शामिल; पटना में प्रशांत के पोस्टर लगे, लिखा- जमानत जब्त होना बाकी है बांकीपुर उपचुनाव से पहले आज गुरुवार को प्रशांत किशोर को एक और झटका लगा है। फिल्म डायरेक्टर चेतना झांब ने पार्टी छोड़ दी है, वो बीजेपी में शामिल हो गई हैं। वहीं फतुहा की प्रखंड प्रमुख श्रुति श्री और वीआईपी नेता आनंद मधुकर यादव ने भी बीजेपी जॉइन की है। इससे पहले 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में जनसुराज के बांकीपुर से उम्मीदवार रहे प्रो. केसी सिन्हा ने बुधवार को भाजपा में शामिल हो गए। पूरी खबर पढ़ें…

फतहसागर झील में डूबने से बचाने की दी ट्रेनिंग:एनडीआरएफ-सिविल डिफेंस ने लाइव डेमो देते हुए बताए 'गोल्डन मिनट्स'

उदयपुर की फतहसागर झील में बोटिंग के दौरान किसी संभावित हादसे या आपदा की स्थिति में यात्रियों की जान बचाने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में झील पर नाव संचालन करने वाले नाविकों, बोट ऑपरेटरों और स्थानीय लोगों को गुरुवार को आपात स्थिति में तुरंत और सही तरीके से बचाने की जानकारी दी गई। मोतीमगरी स्थित फतहसागर झील के नाव संचालन स्थल पर आयोजित प्रशिक्षण में एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल) और सिविल डिफेंस उदयपुर की टीमों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया। टीमों ने मौके पर पहुंचकर विभिन्न आपदा परिस्थितियों का लाइव डेमो देते हुए बताया- रेस्क्यू टीम के पहुंचने से पहले शुरुआती कुछ मिनटों में सही निर्णय और तुरंत कार्रवाई किसी व्यक्ति की जान बचाने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इनकी दी जानकारी प्रशिक्षण के दौरान नाव पलटने, यात्री के पानी में गिरने या किसी अन्य दुर्घटना की स्थिति में घबराने के बजाय किस तरह शांत रहकर बचाव कार्य करना चाहिए, इसकी जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि हादसे के समय सबसे पहले यात्री को सुरक्षित तरीके से पानी से बाहर निकालने का प्रयास करना चाहिए और अनावश्यक रूप से भीड़ नहीं लगने देनी चाहिए। साथ ही तुरंत पुलिस, प्रशासन और रेस्क्यू टीम को सूचना देने के लिए भी कहा गया। लाइफ जैकेट पहनना जरूरी एनडीआरएफ के इंस्पेक्टर रंजीत पटेल ने लाइफ जैकेट की अनिवार्यता पर बताया- बोटिंग के दौरान प्रत्येक यात्री और नाविक के लिए लाइफ जैकेट पहनना बेहद जरूरी है। सही तरीके से लाइफ जैकेट पहनने और उसका उपयोग करने का भी प्रदर्शन किया गया। प्रशिक्षण में बताया कि यदि कोई व्यक्ति पानी में डूब जाए और उसे बाहर निकाल लिया जाए तो प्राथमिक इलाज किस प्रकार दिया जाए। एनडीआरएफ जवानों ने डेमो से बताया कि बेहोश व्यक्ति की सांस और नाड़ी की जांच कैसे करें। जरूरत पड़ने पर सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) किस प्रकार दिया जाए। वहीं चिकित्सकीय सहायता मिलने तक किन सावधानियों का पालन करना चाहिए। साथ ही डूबने के बाद शरीर में पानी जाने की स्थिति में शुरुआती उपचार के बारे में भी जानकारी दी गई। बचाने के तरीके बताए सिविल डिफेंस के इंस्पेक्टर रवि शर्मा ने बताया- कई बार सीमित संसाधनों में भी प्रभावी बचाव किया जा सकता है। प्रशिक्षण में रस्सी, प्लास्टिक कैन, खाली बोतलें, ट्यूब, लकड़ी या अन्य तैरने वाली वस्तुओं जैसे प्राकृतिक और स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर डूबते व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के सुरक्षित तरीके भी बताए गए। साथ ही समझाया गया कि बिना प्रशिक्षण के सीधे पानी में कूदने के बजाय सुरक्षित दूरी से बचाव के उपाय अपनाना अधिक प्रभावी और सुरक्षित होता है। एनडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीमों ने कहा- ऐसे प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल नाविकों को ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों को भी आपदा के समय सही निर्णय लेने और शुरुआती बचाव कार्य के लिए तैयार करना है। किसी भी दुर्घटना की स्थिति में रेस्क्यू टीम के पहुंचने से पहले लोगों की जान बचाने की संभावना बढ़ाई जा सके।

फर्जी रजिस्ट्री से 1.60 करोड़ की जमीन हड़पी:इनामी मास्टरमाइंड समेत 5 दबोचे, फर्जी डॉक्यूमेंट बनाकर बेचते थे प्लॉट

जयपुर की बनीपार्क थाना पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन और भूखंडों की अवैध खरीद-फरोख्त करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 15 हजार रुपए के इनामी मास्टरमाइंड मुनेश कुमार मीणा सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन और प्लॉट की रजिस्ट्री कराता था तथा उन्हें असली बताकर बेच देता था। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और इस फर्जीवाड़े से जुड़े मामलों की जांच में जुटी है। फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी से बेच दिए दो प्लॉट डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि 23 जून 2025 को परिवादी सुनील खंडेलवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने और उनकी पत्नी अनीता खंडेलवाल के नाम एयरपोर्ट एन्क्लेव, जगतपुरा स्थित प्लॉट संख्या D-32 और D-33 खरीदे थे। बाद में पता चला कि इन्हीं प्लॉटों को फर्जी दस्तावेजों के जरिए किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया गया है। 1.60 करोड़ रुपए में बेच दिए प्लॉट पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दोनों प्लॉट पहले ऋषिकेश मीणा के नाम रजिस्टर्ड कराए गए और बाद में उन्हें अजय गुप्ता को बेच दिया गया। इस पूरी साजिश के जरिए गिरोह ने करीब 1 करोड़ 60 लाख रुपए की ठगी की। ऐसे करता था गिरोह काम जांच में सामने आया कि गिरोह असली भूखंड मालिकों की पहचान बदलकर फर्जी व्यक्ति को रजिस्ट्रार कार्यालय में पेश करता था। फर्जी गवाह, नकली पहचान और जाली दस्तावेजों के जरिए पावर ऑफ अटॉर्नी बनाकर जमीन की रजिस्ट्री कर दी जाती थी। इसके बाद संपत्ति को आगे बेचकर करोड़ों रुपए हड़प लिए जाते थे। 5 आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड पर था इनाम पुलिस ने इस मामले में 15 हजार रुपए के इनामी आरोपी मुनेश कुमार मीणा सहित अशोक मीणा, आशा बैरवा समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे थे। तकनीकी विश्लेषण और मानव खुफिया तंत्र की मदद से उन्हें अलग-अलग स्थानों से दबोचा गया। आरोपियों का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी मुनेश कुमार मीणा के खिलाफ जयपुर, गुरुग्राम और अन्य स्थानों पर धोखाधड़ी, जालसाजी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने, आपराधिक षड्यंत्र और जमीन हड़पने के 10 से अधिक मामले दर्ज हैं। वहीं आरोपी अशोक मीणा के खिलाफ भी पूर्व में जमीन धोखाधड़ी से जुड़े मामले दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले सहयोगियों तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य मामलों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने इसी तरीके से और कितनी संपत्तियों की फर्जी रजिस्ट्री कर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की है।

बाड़मेर-हरिद्वार स्पेशल ट्रेन अब 27 अगस्त तक चलेगी:12 अतिरिक्त फेरे बढ़ाए; पीएम मोदी कल करेंगे जोधपुर मंडल के तीन स्टेशनों का लोकार्पण

सावन के महीने और आने वाले त्योहारों के सीजन में हरिद्वार जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। ट्रेनों में होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बाड़मेर-हरिद्वार स्पेशल ट्रेन (जो हफ्ते में दो दिन चलती है) को आगे भी चलाने का फैसला किया है। अब यह ट्रेन 27 अगस्त तक चलेगी। रेलवे के इस फैसले से हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं और आम यात्रियों को टिकट मिलने में आसानी होगी और उनका सफर आरामदायक रहेगा। जोधपुर मंडल के रेल प्रबंधक (DRM) अनुराग त्रिपाठी ने बताया- यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गाड़ी संख्या 04811/04812 (बाड़मेर-हरिद्वार-बाड़मेर) स्पेशल ट्रेन के चलने की अवधि को बढ़ा दिया गया है। अब यह ट्रेन दोनों तरफ से 12-12 अतिरिक्त चक्कर (ट्रिप) लगाएगी, जिससे यात्रियों को आने-जाने में कोई परेशानी न हो। बाड़मेर से हरिद्वार जाने वाली ट्रेन (04811):
यह ट्रेन हर हफ्ते सोमवार और गुरुवार को चलती है। पहले यह ट्रेन सिर्फ 16 जुलाई तक चलने वाली थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 20 जुलाई से 27 अगस्त 2026 तक कर दिया गया है। इस दौरान यह ट्रेन कुल 12 चक्कर (फेरे) लगाएगी। हरिद्वार से बाड़मेर आने वाली ट्रेन (04812):
यह ट्रेन हर हफ्ते मंगलवार और शुक्रवार को चलती है। पहले यह सिर्फ 17 जुलाई तक चलने वाली थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 21 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक कर दिया गया है। इस दिशा में भी ट्रेन 12 अतिरिक्त चक्कर लगाएगी। समय और रूट में कोई बदलाव नहीं:
यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने साफ किया है कि इस ट्रेन के समय (टिमिंग्स), रूट (रास्ते) और स्टेशनों पर रुकने (स्टॉपेज) की व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया है। ट्रेन पहले की तरह ही अपने पुराने समय और स्टेशनों पर रुकते हुए चलेगी।
पीएम मोदी कल करेंगे जोधपुर मंडल के 3 रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को पंजाब के जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वर्चुअल माध्यम) के जरिए देश के 75 रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे। इन स्टेशनों को ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत नए सिरे से आधुनिक बनाया गया है। इस खास मौके पर जोधपुर रेल मंडल के तीन प्रमुख स्टेशनों- जैसलमेर, बाड़मेर और गोटन का भी उद्घाटन किया जाएगा। स्टेशनों पर मिलेंगी ये आधुनिक सुविधाएं:
नए रंग-रूप में तैयार इन तीनों स्टेशनों पर यात्रियों के लिए कई शानदार सुविधाएं शुरू की गई हैं: स्टेशन की बिल्डिंग को बेहद खूबसूरत और आधुनिक बनाया गया है। बैठने के लिए बेहतर वेटिंग रूम (प्रतीक्षालय) और साफ-सुथरे टॉयलेट्स बनाए गए हैं। दिव्यांग यात्रियों के लिए खास और आसान सुविधाएं दी गई हैं। ट्रेनों की जानकारी के लिए डिजिटल स्क्रीन और अच्छी लाइटिंग की व्यवस्था की गई है। स्टेशन के डिजाइन में स्थानीय कला और संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा:
स्टेशनों के आधुनिक होने से न सिर्फ यात्रियों का सफर आसान और सुरक्षित होगा, बल्कि इससे इलाके में पर्यटन (टूरिज्म), व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी काफी मजबूती मिलेगी। इस उद्घाटन के मौके पर जैसलमेर, बाड़मेर और गोटन स्टेशनों पर स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें नेता, रेलवे अधिकारी और आम लोग शामिल होंगे।

2500 रुपए का पेट्रोल भरवाकर फरार हुए बदमाश:बिना नंबर की स्विफ्ट में आए थे 4 युवक; एक दिन पहले भी आए थे

नागौर शहर में पेट्रोल पंप से कार में 2400 रुपए पेट्रोल भरवाकर बदमाश बिना भुगतान किए भाग निकले। गुरुवार दोपहर चार युवक बिना नंबर की सफेद मारुति स्विफ्ट कार में आए थे। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस से आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की गई है। घटना शहर के मां संतोषी पेट्रोल पंप (नायरा पेट्रोल पंप) की है। पेट्रोल पंप संचालक विक्रम सिंह राजपुरोहित ने बताया- दोपहर करीब 2:15 बजे सफेद रंग की कार में युवक पहुंचे थे। एक दिन पहले भी आए थे, तब नहीं भरा गया था पेट्रोल पेट्रोल पंप संचालक के अनुसार-यही कार बुधवार रात करीब 10:15 बजे भी पेट्रोल पंप पर आई थी। उस समय कर्मचारियों को गाड़ी बिना नंबर की होने और संदिग्ध लगने पर उन्होंने पेट्रोल नहीं होने का बहाना बनाकर ईंधन देने से इनकार कर दिया था। अगले ही दिन बदमाश दोबारा आए और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। दो महीने में दूसरी घटना, कर्मचारियों में दहशत बताया जा रहा है कि इसी पेट्रोल पंप पर करीब दो महीने पहले भी इसी तरह पेट्रोल भरवाकर फरार होने की घटना हुई थी। उस मामले में भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सके थे। लगातार दूसरी वारदात के बाद पेट्रोल पंप संचालकों और कर्मचारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। कोतवाली थाने में की शिकायत घटना के बाद पेट्रोल पंप संचालक ने कोतवाली थाना, नागौर में लिखित परिवाद सौंप दिया है। पुलिस से आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की गई है। अब पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

17 जुलाई का राशिफल:कर्क राशि वालों की रुकी इनकम शुरू हो सकती है, कुंभ राशि वालों को नौकरी में अच्छी खबर मिल सकती है

शुक्रवार, 17 जुलाई को कर्क राशि वालों की रुकी हुई इनकम दोबारा शुरू हो सकती है और बिजनेस में महत्वपूर्ण ऑर्डर मिलने के योग हैं। कुंभ राशि के नौकरीपेशा लोगों को अच्छी खबर मिल सकती है। मेष, वृष और वृश्चिक राशि वालों को रुका हुआ पैसा मिलने की संभावना है। मिथुन राशि के लोगों को करियर से जुड़ी मनचाही सूचना मिल सकती है। धनु राशि वालों के नए बिजनेस की शुरुआत के लिए दिन अच्छा रहेगा। एस्ट्रोलॉजर डॉ. अजय भाम्बी के मुताबिक 12 राशियों के लिए कुछ ऐसा रहेगा दिन मेष – पॉजिटिव- कहीं पैसा रुका हुआ है, तो आज उसके वापस मिलने की संभावना है। काम का दबाव ज्यादा रहेगा, लेकिन आप अपनी जिम्मेदारियां अच्छी तरह पूरी कर लेंगे। किसी करीबी रिश्तेदार से चल रहा पुराना विवाद परिवार के अनुभवी सदस्य की मदद से सुलझ सकता है।
नेगेटिव- दूसरों के मामलों में दखल देने से बचें। बच्चों के साथ भी कुछ समय जरूर बिताएं। जल्दबाजी और लापरवाही से काम में गड़बड़ी हो सकती है। धैर्य और शांति बनाए रखें। मानसिक सुकून के लिए धार्मिक या आध्यात्मिक गतिविधियों में समय बिताएं। करियर- बिजनेस में निवेश करने के लिए समय अनुकूल है। अपने काम दूसरों के भरोसे छोड़ने या किसी पर पूरी तरह निर्भर रहने से बचें। बिजनेस बढ़ाने के लिए सही समय पर सही फैसला लेना जरूरी है। अपने काम करने का खास तरीका और योजनाएं दूसरों के सामने जाहिर न करें।
लव- पति-पत्नी की कोशिशों से घर की व्यवस्था बेहतर बनी रहेगी। प्रेम संबंध को शादी में बदलने की योजना भी बन सकती है।
हेल्थ- बदलते मौसम से अपना बचाव रखें। बदन दर्द, खांसी या जुकाम की परेशानी हो सकती है।
भाग्यशाली रंग- नीला, भाग्यशाली अंक- 4 वृष – पॉजिटिव- मनपसंद कामों में कुछ समय बिताने से रोज की भागदौड़ और तनाव से राहत मिलेगी। प्रॉपर्टी या वाहन खरीदने-बेचने की योजना है, तो उस पर गंभीरता से विचार करें। इस समय की गई डील फायदेमंद हो सकती है।
नेगेटिव- समय के अनुसार अपने व्यवहार और काम करने के तरीके में बदलाव लाना जरूरी है। जरूरत से ज्यादा भावुकता और उदारता आपका नुकसान करा सकती है। किसी पॉलिसी में निवेश करने से पहले उसके नियम और फायदे-नुकसान की अच्छी तरह जांच कर लें। करियर- पार्टनरशिप के बिजनेस में पारदर्शिता रखना जरूरी है। छोटी सी गलती भी बड़ी गलतफहमी पैदा कर सकती है। अनुभवी लोगों की सलाह मानना फायदेमंद रहेगा। मार्केटिंग से जुड़े कामों पर ज्यादा ध्यान दें। रुका हुआ पेमेंट भी मिल सकता है।
लव- परिवार का माहौल खुशनुमा रहेगा। साथ में घूमने या मनोरंजन का कार्यक्रम बन सकता है। प्रेम संबंधों में मर्यादा बनाए रखें।
हेल्थ- तनाव और थकान को खुद पर हावी न होने दें। प्रकृति के बीच कुछ समय बिताने से ताजगी और ऊर्जा मिलेगी।
भाग्यशाली रंग- जामुनी, भाग्यशाली अंक- 9 मिथुन – पॉजिटिव- युवाओं को करियर से जुड़ी मनचाही अच्छी खबर मिल सकती है। मजबूत इरादे के साथ अपने कामों पर ध्यान दें। आर्थिक नजरिये से दिन अच्छी उपलब्धियां दिला सकता है। रचनात्मक और मनपसंद गतिविधियों में भी अच्छा समय बीतेगा।
नेगेटिव- पैसा आने के साथ खर्च भी बढ़ सकते हैं। गैरजरूरी खर्चों पर नियंत्रण रखें और दिनचर्या व्यवस्थित बनाएं। बिना वजह गुस्सा करने से बनते काम बिगड़ सकते हैं। बेकार की आवाजाही से बचें और निजी कामों पर ध्यान दें। करियर- कार्यक्षेत्र में स्टाफ की वजह से कोई परेशानी हो सकती है। बिजनेस पार्टनरशिप शुरू करने से पहले फायदे और नुकसान पर अच्छी तरह विचार करें। नौकरीपेशा लोगों के लिए दिन अच्छा है। ऑफिस में चल रहे विवाद खत्म हो सकते हैं।
लव- पति-पत्नी की कोशिशों से घर का माहौल सुखद रहेगा। परिवार में सकारात्मक ऊर्जा बनी रहेगी।
हेल्थ- घुटनों और जोड़ों के दर्द की समस्या परेशान कर सकती है। गैस और वात बढ़ाने वाली चीजें खाने से बचें।
भाग्यशाली रंग- हरा, भाग्यशाली अंक- 1 कर्क – पॉजिटिव- मनपसंद गतिविधि में समय बिताने से खुशी मिलेगी। इनकम का कोई रुका हुआ जरिया दोबारा शुरू होने से आर्थिक स्थिति बेहतर होगी। प्रॉपर्टी खरीदने या बेचने की योजना पर काम शुरू करने के लिए समय अनुकूल है। आलस छोड़कर कोशिश तेज करें।
नेगेटिव- कुछ चुनौतियां बनी रहेंगी, इसलिए धैर्य बनाए रखें। गुस्से में प्रतिक्रिया देने से संबंध खराब हो सकते हैं। यात्रा या बाहर से जुड़ी गतिविधियां आज टालना बेहतर होगा। युवा किसी असफलता से घबराने के बजाय दोबारा कोशिश करें। करियर- बिजनेस की परिस्थितियां मुनाफा देने वाली हैं। कोई महत्वपूर्ण ऑर्डर या कॉन्ट्रैक्ट मिल सकता है। पार्टनरशिप में छोटी बातों को ज्यादा महत्व देने के बजाय अपने लक्ष्य पर ध्यान रखें। ऑफिस की सभी गतिविधियां व्यवस्थित रहेंगी।
लव- वैवाहिक जीवन में कभी नाराजगी और कभी प्रेम की स्थिति रहेगी। आपसी तालमेल बनाए रखने के लिए आपको पहल करनी होगी। गैरजरूरी प्रेम संबंधों से दूर रहें।
हेल्थ- दिनचर्या और खानपान व्यवस्थित रखें। संतुलित भोजन करने से गैस और एसिडिटी की परेशानी कम होगी।
भाग्यशाली रंग- आसमानी, भाग्यशाली अंक- 2 सिंह – पॉजिटिव- ग्रह स्थिति अनुकूल है, इसका पूरा फायदा उठाएं। पैतृक संपत्ति या वसीयत से जुड़ा मामला सुलझ सकता है। इसके लिए जरूरी कोशिश करते रहें। घर में धार्मिक कार्यक्रम होने से सकारात्मक माहौल बनेगा।
नेगेटिव- जोखिम वाले कामों से दूर रहें। निवेश से जुड़ा कोई भी फैसला बहुत सोच-समझकर लें। करीबी रिश्तेदार से छोटी बात पर कहासुनी हो सकती है। इसका असर परिवार के दूसरे संबंधों पर भी पड़ सकता है। करियर- बिजनेस में काम की गुणवत्ता बेहतर करने की कोशिश करें। नए कारोबारी संपर्क आगे चलकर फायदेमंद साबित होंगे। कर्मचारियों और सहयोगियों का पूरा साथ मिलेगा। फिलहाल इनकम की रफ्तार धीमी रह सकती है। नौकरी में लापरवाही से परेशानी हो सकती है।
लव- घर का माहौल खुशनुमा और आपसी प्रेम से भरा रहेगा। प्रेम संबंध बदनामी का कारण बन सकते हैं, इसलिए सावधान रहें।
हेल्थ- ज्यादा काम की वजह से तनाव और गुस्सा बढ़ सकता है। इससे ब्लड प्रेशर और शुगर लेवल प्रभावित हो सकता है।
भाग्यशाली रंग- गुलाबी, भाग्यशाली अंक- 4 कन्या – पॉजिटिव- दिन की शुरुआत में कामों की सही योजना बना लेंगे, तो सभी जिम्मेदारियां आसानी से पूरी हो जाएंगी। निजी कामों के लिए भी समय मिल जाएगा। किसी प्रिय व्यक्ति से मुलाकात खुशी और ताजगी देगी। पिता की सलाह आपके लिए मददगार रहेगी।
नेगेटिव- बच्चों की भावनाओं को समझें और उनके साथ सहयोग वाला व्यवहार रखें। घर की समस्या सुलझाते समय गुस्से के बजाय समझदारी से काम लें। घर के बड़े लोगों के सम्मान का खास ध्यान रखें। करियर- मार्केटिंग से जुड़े काम पूरे करने के लिए समय अच्छा है। ज्यादातर काम व्यवस्थित तरीके से पूरे होते जाएंगे। छोटी बात पर बहस होने की आशंका है, इसलिए बातचीत में संयम रखें। जोखिम वाले कामों में पैसा न लगाएं।
लव- परिवार के सदस्यों में आपसी तालमेल और प्रेम बना रहेगा। प्रेम संबंधों में चल रही नाराजगी दूर होगी और दोबारा नजदीकी बढ़ेगी।
हेल्थ- ज्यादा काम के कारण चिड़चिड़ापन हो सकता है। अपने व्यवहार को सहज रखें और आराम के लिए भी समय निकालें।
भाग्यशाली रंग- क्रीम, भाग्यशाली अंक- 9 तुला – पॉजिटिव- लंबे समय से जिस काम के पूरा होने का इंतजार था, आज वह सुलझ सकता है। इससे आप दूसरी गतिविधियों पर भी ध्यान दे पाएंगे। अनुभवी लोगों का मार्गदर्शन मिलेगा। धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियों में रुचि रखने से व्यक्तित्व में निखार आएगा।
नेगेटिव- समय के अनुसार अपनी सोच और व्यवहार में बदलाव लाना जरूरी है। ससुराल पक्ष के लोगों से मनमुटाव हो सकता है। घर की बात बाहर न जाने दें, वरना समस्या ज्यादा गंभीर हो सकती है। उधार लेने से आर्थिक परेशानी बढ़ सकती है। करियर- बिजनेस में काम ज्यादा होने से संतुलन बनाने में परेशानी होगी। स्टाफ के सहयोग से गतिविधियां ठीक चलती रहेंगी। बिजनेस की फाइलें और जरूरी दस्तावेज किसी अनजान व्यक्ति को न दें। आपकी कोई योजना या जानकारी बाहर जा सकती है। ऑफिस के काम से यात्रा भी संभव है।
लव- पति-पत्नी को संबंध बेहतर रखने के लिए आपसी तालमेल बढ़ाना होगा। प्रेम संबंधों में नजदीकी बनी रहेगी।
हेल्थ- सेहत बेहतर रखने के लिए खानपान और दिनचर्या पर ध्यान दें। बदलते मौसम और खराब वातावरण से अपना बचाव रखें।
भाग्यशाली रंग- पीला, भाग्यशाली अंक- 5 वृश्चिक – पॉजिटिव- दिन की शुरुआत सुकून भरी होगी। फोन से कोई अच्छी खबर मिलने पर खुशी होगी। नई तकनीक का इस्तेमाल करके काम को आगे बढ़ाएंगे। मनपसंद गतिविधियों के लिए भी समय निकाल पाएंगे।
नेगेटिव- आज ज्यादा लोगों से मिलने-जुलने से बचें। किसी से कहासुनी होने की आशंका है। जरूरत से ज्यादा भावुक और उदार रहने पर कोई आपकी कमजोरी का फायदा उठा सकता है। करीबी रिश्तेदार से भी विवाद हो सकता है। करियर- बिजनेस में व्यस्तता बढ़ेगी, लेकिन मनचाहे नतीजे भी मिलेंगे। रुका हुआ पेमेंट मिलने से आर्थिक स्थिति बेहतर होगी। इससे आत्मविश्वास और उत्साह बढ़ेगा। बेकार की बातों को लेकर किसी से न उलझें।
लव- जीवनसाथी और परिवार का सहयोग आपका मनोबल मजबूत रखेगा। विवाहेतर संबंध तनाव का कारण बन सकते हैं।
हेल्थ- जोड़ों और घुटनों का दर्द बढ़ सकता है। योग और व्यायाम नियमित रूप से करें।
भाग्यशाली रंग- ऑरेंज, भाग्यशाली अंक- 3 धनु – पॉजिटिव- आपकी कोशिशों में तेजी आएगी और अपने दम पर खास लक्ष्य हासिल कर सकते हैं। पुरानी गलतियों से सीखकर काम करने का तरीका सुधारना फायदेमंद रहेगा। कोई अच्छी खबर मिलने से दिन खुशनुमा बीतेगा।
नेगेटिव- व्यस्तता के कारण परिवार और बच्चों से जुड़ी जिम्मेदारियों को नजरअंदाज न करें। उन्हें उचित समय देना जरूरी है। महत्वपूर्ण दस्तावेज किसी के हाथ में न दें और उनकी जानकारी भी शेयर न करें। इनका गलत इस्तेमाल हो सकता है। करियर- बिजनेस में नया काम शुरू करने की योजना है, तो आज उसे आगे बढ़ाने का समय अच्छा है। ये योजनाएं भविष्य में तरक्की दिला सकती हैं। नौकरीपेशा लोगों के अपने अधिकारियों से संबंध बेहतर होंगे। महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी मिल सकती है।
लव- परिवार के सदस्यों में आपसी प्रेम और तालमेल बना रहेगा। प्रेम संबंध में चल रही नाराजगी दूर होगी और दोबारा नजदीकी आएगी।
हेल्थ- मौसम के विपरीत खानपान करने से पेट की परेशानी हो सकती है। खाने से जुड़ी आदतों में सुधार करें।
भाग्यशाली रंग- नीला, भाग्यशाली अंक- 5 मकर – पॉजिटिव- सकारात्मक सोच बनाए रखें। आपके काम धीरे-धीरे पूरे होते जाएंगे। पारिवारिक विवाद सुलझाने के लिए समय अनुकूल है। किसी दोस्त से मन की बात करने पर सही सलाह मिल सकती है। घर के विवाह योग्य सदस्य के लिए अच्छा रिश्ता आने से खुशी का माहौल रहेगा।
नेगेटिव- राजनीति या किसी संस्था से जुड़े लोग अपने मान-सम्मान को लेकर सावधान रहें। बाहरी लोगों को परिवार और बिजनेस के मामलों में दखल न देने दें। बजट बनाकर खर्च करने से आर्थिक परेशानी से बच जाएंगे और फैसले लेना भी आसान होगा। करियर- बिजनेस के कामों में दिनभर व्यस्तता रहेगी। मेहनत के मुताबिक नतीजे मिलेंगे। पार्टनरशिप का बिजनेस सफल रहेगा, लेकिन काम और पैसों के मामले में पारदर्शिता रखना जरूरी है। प्रतिद्वंद्वियों से मुकाबला करने में समय और पैसा खराब न करें।
लव- पति-पत्नी के बीच तालमेल की कमी रह सकती है। साथ बैठकर बात करने से समस्या सुलझ जाएगी। प्रेम संबंधों में मधुरता बनी रहेगी।
हेल्थ- ज्यादा काम के कारण थकान और कमजोरी हो सकती है। सही खानपान और पर्याप्त आराम दोनों जरूरी हैं।
भाग्यशाली रंग- हरा, भाग्यशाली अंक- 8 कुंभ – पॉजिटिव- दिन खुशनुमा रहेगा। काफी समय बाद करीबी रिश्तेदारों के साथ मुलाकात होने से सभी खुश रहेंगे। किसी दोस्त की परेशानी में मदद करने से आपको खुशी और संतोष मिलेगा। घर में नया वाहन खरीदने की संभावना भी बन रही है।
नेगेटिव- दिन के दूसरे हिस्से में कुछ परेशानियां हो सकती हैं। विपरीत परिस्थिति आने पर घबराने के बजाय समाधान खोजें। वाणी और गुस्से पर नियंत्रण रखें। बहस या झगड़े की स्थिति बन सकती है। करियर- कार्यक्षेत्र में मेहनत के मुताबिक अच्छी सफलता मिलेगी। महिलाओं से जुड़े सामान या सेवाओं के बिजनेस में अच्छा मुनाफा हो सकता है। आत्मविश्वास के साथ अपने काम पर ध्यान दें। नौकरीपेशा लोगों को भी कोई अच्छी खबर मिल सकती है।
लव- बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें। परिवार का माहौल सुखद और शांत रहेगा।
हेल्थ- ज्यादा मेहनत से थकान और शरीर में दर्द हो सकता है। मौसम के हिसाब से खानपान और दिनचर्या रखें।
भाग्यशाली रंग- केसरिया, भाग्यशाली अंक- 6 मीन – पॉजिटिव- रोज की एक जैसी दिनचर्या से राहत पाने के लिए मनपसंद कामों में समय बिताएं। इससे मानसिक सुकून मिलेगा। जमीन-जायदाद और निवेश से जुड़ी गतिविधियों में व्यस्तता रहेगी। संतान से जुड़ी अच्छी खबर मिल सकती है।
नेगेटिव- किसी पर अपनी इच्छा थोपने से बचें। मनचाही बात पूरी करने के लिए आपको ज्यादा कोशिश करनी पड़ सकती है। खरीदारी करते समय पेमेंट में लापरवाही न करें। बिल और भुगतान की रकम दोबारा जांच लें। करियर- बिजनेस में काम करने की नई तकनीक सफल रहेगी। लोग आपके काम को पसंद करेंगे। मीटिंग में आपकी बात और मौजूदगी की तारीफ होगी। नौकरीपेशा लोगों को काम ज्यादा होने के कारण ओवरटाइम करना पड़ सकता है।
लव- वैवाहिक जीवन सुखद और शांत रहेगा। शादी या सगाई से जुड़े कामों में व्यस्तता रह सकती है।
हेल्थ- बिजली के उपकरण इस्तेमाल करते समय सावधानी रखें। लापरवाही से चोट लगने की आशंका है।
भाग्यशाली रंग- गुलाबी, भाग्यशाली अंक- 3

शिवसेना-UBT ने की जालोर में नियमित पानी सप्लाई की मांग:कहा-8 दिन में ऐसा नहीं हुआ तो करेंगे भूख हड़ताल

जालोर में शिवसेना UBT ने शहर में नियमित पानी की सप्लाई करने की मांग की है। गुरुवार को शहर इकाई की ओर से जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में शहर में नियमित नर्मदा पेयजल आपूर्ति करने, जर्जर पाइपलाइन बदलने और दूषित-खारे पानी की सप्लाई बंद करने की मांग की है। जिला प्रमुख रूपराज पुरोहित ने कहा- यदि आठ दिन के भीतर नियमित, पर्याप्त और शुद्ध नर्मदा जलापूर्ति शुरू नहीं हुई तो जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर आमरण भूख हड़ताल करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया गया कि कई क्षेत्रों में नर्मदा जल में खारा पानी मिलाकर आपूर्ति की जा रही है। साथ ही जर्जर पाइपलाइनों के कारण दूषित पानी लोगों के घरों तक पहुंच रहा है। इसका तत्काल स्थायी समाधान किया जाए।

निःशब्द स्कूल में महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित:ASP मीणा ने विभिन्न सुरक्षा सेवाओं और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी

महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा और साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से निःशब्द स्कूल एकट बोधग्राम में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला संकल्प सुरक्षा अभियान के तहत हुए इस कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (महिला प्रकोष्ठ) संतराम मीणा के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों और स्टाफ को विभिन्न सुरक्षा सेवाओं व हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम प्रभारी मनोज शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान विद्यालय और कॉलेज के छात्र-छात्राओं सहित स्टाफ को पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुरक्षा सेवाओं से अवगत कराया गया। इस दौरान राजकॉप सिटीजन एप डाउनलोड करवाकर उसके उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही, महिला हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930, आपातकालीन सेवा 112 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 जैसे महत्वपूर्ण नंबरों के बारे में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतराम मीणा ने साइबर ठगी से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन लेनदेन से सावधानी बरतनी चाहिए। यदि किसी प्रकार की साइबर ठगी होती है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस और साइबर हेल्पलाइन पर देनी चाहिए। संस्था के समन्वयक एवं सदस्य सचिव सत्येन चतुर्वेदी ने राजकॉप सिटीजन ऐप को महिला एवं बालिका सुरक्षा के लिए एक उपयोगी माध्यम बताया। उन्होंने सभी से इस ऐप की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में सत्येन चतुर्वेदी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संस्था का स्टाफ, महिला प्रकोष्ठ के कार्मिक तथा कालिका पेट्रोलिंग यूनिट और निर्भया स्क्वॉड के सदस्य उपस्थित रहे।

PM मोदी कल करेंगे बाड़मेर रेलवे स्टेशन का लोकार्पण:16.81 करोड़ से बदली तस्वीर, 28 ट्रेनों का होगा ठहराव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार (17 जुलाई) को दोपहर 2:30 बजे वर्चुअल माध्यम से बाड़मेर रेलवे स्टेशन का लोकार्पण करेंगे। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 16.81 करोड़ रुपए की लागत से स्टेशन का पुनर्विकास किया गया है। यहां वर्तमान में 28 ट्रेनों का ठहराव है और रोजाना करीब 8 हजार यात्री सफर करते हैं। पुनर्विकास के तहत आधुनिक प्रतीक्षालय, अलग पार्किंग, लिफ्ट, नया फुट ओवर ब्रिज, दिव्यांग अनुकूल सुविधाएं, रिटायरिंग रूम, डोरमेट्री और अन्य यात्री सुविधाएं विकसित की गई हैं। उद्घाटन समारोह में सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल, विधायक प्रियंका चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष अनंतराम विश्नोई, किशन बोहरा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। 16.81 करोड़ से हुआ पुनर्विकास, 28 ट्रेनों का ठहराव अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बाड़मेर रेलवे स्टेशन का करीब 16.81 करोड़ रुपए की लागत से पुनर्विकास किया गया है। स्टेशन को अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है, जिससे यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा। बाड़मेर स्टेशन पर वर्तमान में 28 ट्रेनों का ठहराव है और यहां से रोजाना करीब 8 हजार यात्री सफर करते हैं। तेल-गैस, ऊर्जा और खनिज उद्योगों के विकास के कारण यह स्टेशन क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों के लिए भी महत्वपूर्ण माना जाता है। 35 माह बाद उद्घाटन, दूसरे चरण का काम जारी नए रेलवे स्टेशन की आधारशिला रखे जाने के करीब 35 महीने बाद इसका उद्घाटन हो रहा है, जबकि निर्माण कार्य 24 महीने में पूरा हो गया था। वहीं रेलवे स्टेशन के दूसरे चरण में प्लेटफॉर्म विस्तार और नई रेल लाइन बिछाने का काम तेजी से चल रहा है। इसके लिए नेहरू नगर की ओर स्थित पुराने रेलवे क्वार्टरों को हटाकर नए प्लेटफॉर्म और ट्रैक का निर्माण किया जा रहा है। यात्रियों को मिलेंगी कई आधुनिक सुविधाएं पुनर्विकास के तहत स्टेशन पर अलग प्रवेश और निकास द्वार, आधुनिक सर्कुलेटिंग एरिया, ऑटो, दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग पार्किंग, पोर्च, दोगुनी ऊंचाई वाला प्रवेश द्वार, महिला-पुरुषों के लिए अलग प्रतीक्षालय, रिटायरिंग रूम, डोरमेट्री, नया वीआईपी कक्ष, स्टेशन अधीक्षक कार्यालय, फुट ओवर ब्रिज पर लिफ्ट, 12 मीटर चौड़ा नया एफओबी, प्लेटफॉर्म शेल्टर, दिव्यांग अनुकूल शौचालय, पेयजल बूथ, बेहतर साइनबोर्ड, होर्डिंग्स, स्मारकीय ध्वज और उच्च गुणवत्ता वाले फर्नीचर जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।