कार लोन विवाद में आधी रात घर पर हमला:हथियार दिखाकर जान से मारने की दी धमकी, CCTV में कैद हुई वारदात
चूरू के रतनगढ़ थाना क्षेत्र में कार लोन के विवाद को लेकर हथियारबंद बदमाशों द्वारा एक घर पर धावा बोलने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने घर में घुसकर हथियार दिखाते हुए जान से मारने की धमकी दी, गाली-गलौज की और घर का गेट तोड़ दिया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार बेचने के बाद शुरू हुआ विवाद शहर के वार्ड तीन निवासी तेजपाल पूनिया (27) ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसने अपनी एक कार करतार, विकेश, सतपाल और गजेंद्र सिंह को बेची थी। कार पर लोन चल रहा था, लेकिन आरोपियों ने न तो उसकी किस्तें जमा कराईं और न ही वाहन अपने नाम ट्रांसफर कराया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। पहले रास्ते में धमकाया, फिर घर पहुंच गए रिपोर्ट के अनुसार, 19 जुलाई की रात अशोक स्तंभ के पास आरोपियों ने तेजपाल को जान से मारने की धमकी दी। इसके कुछ समय बाद देर रात वे 4-5 अन्य लोगों के साथ तेजपाल के घर पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने हथियार दिखाते हुए गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और घर का मुख्य गेट तोड़ दिया। शोर मचाने पर भागे आरोपी, जांच में जुटी पुलिस तेजपाल के शोर मचाने पर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस ने तेजपाल पूनिया की रिपोर्ट के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

