अधिवक्ता अपहरण कांड का 24 घंटे में खुलासा,मुख्य आरोपी गिरफ्तार:पत्नी और अधिवक्ता के संबंधों के शक में रची थी साजिश, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

प्रतापगढ़ के छोटीसादड़ी थाना क्षेत्र में अधिवक्ता अभिषेक सोलंकी के अपहरण के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी हरिओम साहू (तेली) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, अधिवक्ता अभिषेक सोलंकी (43) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 1 जुलाई 2026 की रात करीब साढ़े आठ बजे बालाजी मंदिर से घर लौटते समय यादव मोहल्ला क्षेत्र में वैन सवार कुछ लोगों ने उनका अपहरण कर लिया। आरोप है कि उन्हें जबरन वाहन में बैठाकर मारपीट की गई और बड़ीसादड़ी, प्रतापगढ़ तथा खेरोट ले जाकर एक खेत में चमड़े की बेल्ट से पीटा गया। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। अभिषेक सोलंकी के बीच संबंध होने का संदेह जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी हरिओम पुत्र दिनेशचंद तेली, निवासी खेरोट को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी को अपनी पत्नी और अधिवक्ता अभिषेक सोलंकी के बीच संबंध होने का संदेह था। पुलिस के अनुसार, पत्नी के साथ चल रहे वैवाहिक विवाद और न्यायालयीन प्रकरण के चलते आरोपी अधिवक्ता के मोबाइल से कथित सबूत हासिल करना चाहता था। इसी उद्देश्य से उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अपहरण की साजिश रची। पुलिस का आरोप है कि मोबाइल का पासवर्ड नहीं बताने पर अधिवक्ता के साथ मारपीट की गई और बाद में उन्हें प्रतापगढ़ थाने के पास छोड़ दिया गया। पुलिस ने बताया- हरिओम की पत्नी ने उसके खिलाफ दहेज प्रताड़ना और भरण-पोषण का मामला कोर्ट में दायर कर रखा है। मामले की जांच जारी है और घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *