मोहर्रम पर प्रशासन अलर्ट, शांति व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम:अफवाहों से दूर रहने, भ्रामक सामग्री साझा न करने के निर्देश
मोहर्रम (ताजिया) पर्व के मद्देनजर ब्यावर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट कमल राम मीना ने जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी उपखंड अधिकारियों, पुलिस और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी, अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती तथा ताजिया जुलूसों के दौरान यातायात, पेयजल, स्वास्थ्य और बिजली व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। 25 जून की रात से 26 जून तक रहेगा पर्व प्रशासन के अनुसार मोहर्रम (ताजिया) पर्व 25 जून की रात्रि से 26 जून की रात्रि तक मनाया जाएगा। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ताजियों के जुलूस निकाले जाएंगे। पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। शांति समितियों की बैठकों पर जोर जिला कलेक्टर ने सभी उपखंड मजिस्ट्रेटों को जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रत्येक उपखंड में शांति समिति की बैठकें आयोजित कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करने को कहा गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात पुलिस विभाग को संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने तथा असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। थाना अधिकारियों को सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
यातायात और नागरिक सुविधाओं के विशेष इंतजाम मोहर्रम जुलूसों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे। संबंधित विभागों को जुलूस मार्गों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। पेयजल, स्वास्थ्य और बिजली सेवाओं पर फोकस जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को दवाइयों, चिकित्सा दलों एवं एम्बुलेंस की उपलब्धता बनाए रखने तथा विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति और आपातकालीन स्थितियों में त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। अफवाहों से बचने और भाईचारा बनाए रखने की अपील जिला कलेक्टर कमल राम मीना ने जिलेवासियों से मोहर्रम पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ मनाने की अपील की है। उन्होंने लोगों से अफवाहों से दूर रहने, सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा नहीं करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन या पुलिस को देने का आग्रह किया। शांतिपूर्ण आयोजन का जताया विश्वास जिला कलेक्टर ने विश्वास व्यक्त किया कि सामाजिक समरसता और सांप्रदायिक सौहार्द की अपनी समृद्ध परंपरा के अनुरूप ब्यावर जिले में मोहर्रम पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होगा।

