दौसा में महिला के मर्डर का आरोपी हरियाणा से गिरफ्तार:पुलिस से बचने के लिए 4 राज्यों में फरारी काटी; घर पहुंचते ही पकड़ा गया, 20 हजार का ईनामी था
दौसा कोतवाली थाना पुलिस और साइबर सेल ने जमीन विवाद में मर्डर केस में फरार चल रहे इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। एसपी पीयूष दीक्षित के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी मोहन डूडी को हरियाणा के बावल कस्बे से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी चौमूं थाने का हिस्ट्रीशीटर है और लंबे समय से पुलिस से बचता फिर रहा था। जिस पर ढाई साल पुराने मर्डर केस में 20 हजार का इनाम घोषित किया हुआ था। यह था घटनाक्रम पुलिस के अनुसार 29 दिसंबर 2023 को बावड़ीपाड़ा निवासी नरेश कीर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि हिमांशु शर्मा, आकाश शर्मा सहित 25-30 लोगों ने उसके मकान और दुकान पर हमला कर तोड़फोड़, पथराव और मारपीट की थी। इस घटना में उसकी मां लड्डो देवी की मौत हो गई थी जबकि परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए थे। घटना के बाद से फरार चल रहा आरोपी मोहन डूडी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए वह अपने पिता के ट्रकों में ड्राइवर के साथ केरल, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश में घूमता रहा। आरोपी मोबाइल फोन का उपयोग भी नहीं करता था, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल था। आरोपी की 2 माह तक निगरानी की साइबर सेल के हैड कांस्टेबल दशरथ सिंह ने करीब दो माह तक लगातार निगरानी और तकनीकी प्रयास किए। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी केरल से हरियाणा लौटा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हरियाणा के बावल स्थित पेट्रोल पंप के पास दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी मोहन डूडी (26) निवासी जगतपुरा थाना अमरसर, हाल निवासी केशव नगर चौमूं, जयपुर ग्रामीण का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ चोरी, मारपीट, हत्या, लूट की तैयारी, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में कई मामले दर्ज हैं। स्पेशल टीम को मिली सफलता पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एएसपी शंकरलाल मीणा तथा डीएसपी धर्मेन्द्र शर्मा के सुपरविजन में थाना इंचार्ज भगवान सहाय शर्मा और साइबर सेल प्रभारी प्रेमनारायण शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम के हैड कांस्टेबल विजय कुमार, हैड कांस्टेबल दशरथ सिंह, कांस्टेबल मीठालाल तथा राहुल को सफलता मिली।

