रिश्वतखोर कृषि अधिकारियों के घर एसीबी ने किया सर्च:एक अफसर के पास दिल्ली में फ्लैट; दूसरे के पास 10 प्लॉट-1 किलो चांदी के गहने
खाद कंपनियों पर कार्रवाई का डर दिखाकर रिश्वत वसूलने में अरेस्ट आरोपी कृषि अधिकारियों के घर पर एसीबी ने शुक्रवार को सर्च किया। एसीबी को तलाशी के दौरान गहने-कैश और प्लॉट-फ्लैट के डॉक्यूमेंट मिले। दोनों घूसखोर कृषि अधिकारियों के करोड़पति होने के सबूत एसीबी के हाथ लगे हैं। बता दें कि कोटपूतली-बहरोड़ और भिवाड़ी में खाद कंपनियों पर कार्रवाई के नाम पर अफसरों ने रुपए वसूले थे। इस पर एसीबी ने गुरुवार को उनकी गाड़ी से रुपए बरामद किए थे। एसीबी टीमों ने जगतपुरा के प्रेम नगर में कृषि अधिकारी महेश मीणा के घर पर तलाशी ली। सर्च में घर से 5 लाख रुपए कैश सहित दिल्ली में एक फ्लैट और दौसा में एक प्लॉट होने के डॉक्यूमेंट मिले। वहीं कृषि अधिकारी भगवान सहाय यादव के कालवाड़ रोड गोकुलपुरा स्थित घर पर एसीबी ने सर्च किया। यहां तलाशी में भगवान सहाय के घर से 10 प्लॉट और 1 फ्लैट के डॉक्यूमेंट मिले। इसके अलावा 10 बैंक अकाउंट के साथ ही अलमारी में 184 ग्राम सोना और 1 किलो चांदी के गहने और दो कारें मिली हैं। कृषि अधिकारी चंदाराम और ड्राइवर रमेश मीणा के घर पर सर्च में कुछ खास नहीं मिल सका। अब गिरफ्तार दोनों कृषि अधिकारियों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का केस भी दर्ज होगा। एसीबी टीम फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। ये था मामला एसीबी ने गुरुवार को शाहपुरा के पास हाईवे पर कृषि अधिकारियों की सरकारी गाड़ी को रुकवाकर चेकिंग की थी। चेकिंग में इनके पास बैग में रखे सैंपल पैकेटों में 2.63 लाख रुपए छिपा कर रखे थे। जांच में मिले रुपए भिवाड़ी और कोटपूतली-बहरोड़ में संचालित खाद कंपनियों पर कार्रवाई का डर दिखाकर वसूला करते हुए पाए गए। गाड़ी में कृषि अधिकारी भगवान सहाय यादव और ड्राइवर रमेश चंद्र मीणा भी बैठे थे।
यह खबर भी पढ़ें… कृषि अधिकारियों की गाड़ी से 2.63 लाख रुपए जब्त:ACB टीम को खाद फैक्ट्री से अवैध वसूली की मिली थी सूचना; जयपुर-दिल्ली हाईवे पर कार्रवाई भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने कृषि विभाग के अधिकारियों से 2 लाख 63 हजार 500 रुपए बरामद किए हैं। एसीबी की स्पेशल इनवेस्टिगेशन यूनिट (एसआईयू) ने जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर शाहपुरा पुलिया के पास टाटा सफारी गाड़ी को रोककर तलाशी ली, जिसमें यह नकदी मिली। (पूरी खबर पढ़ें)

