निर्माणाधीन मकान से लोहे का जाल सड़क पर गिरा:तेज बारिश के दौरान गिरने से बड़ा हादसा टला, जनता ने नगर निगम की निगरानी व्यवस्था पर उठाए सवाल

जयपुर शहर के व्यस्ततम बाजारों में शामिल किशनपोल बाजार में गुरुवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हरसुख कासलीवाल के रास्ते स्थित मकान नंबर 1312 में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान तेज बारिश के बीच लोहे का एक भारी जाल सड़क के बीच गिर गया। घटना के समय आसपास लोगों की आवाजाही थी, लेकिन गनीमत रही कोई इसकी चपेट में नहीं आया और जनहानि टल गई। नगर निगम की निगरानी व्यवस्था पर सवाल स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि संबंधित मकान में पिछले कई महीनों से निर्माण कार्य चल रहा है, जबकि इसके लिए नगर निगम से आवश्यक निर्माण अनुमति (बिल्डिंग परमिशन) नहीं ली गई है। इसके बावजूद निर्माण कार्य लगातार जारी रहा। जिससे नगर निगम की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। जाल अचानक टूटकर सड़क पर गिरा प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बारिश के दौरान निर्माण स्थल पर लगा लोहे का जाल अचानक टूटकर सड़क पर आ गिरा। घटना के बाद कुछ देर के लिए बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अगर उस समय सड़क पर अधिक भीड़ होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। बिना अनुमति चल रहा निर्माण स्थानीय व्यापारियों और लोगों ने आरोप लगाया कि बिना अनुमति इतने बड़े स्तर पर निर्माण कार्य लंबे समय से कैसे चल रहा था। अगर समय रहते नगर निगम ने कार्रवाई की होती, तो ऐसी स्थिति पैदा नहीं होती। जानकारी होने के बाद भी कार्रवाई नहीं घटना के बाद नगर निगम के किशनपोल जोन प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं। जनता का कहना है कि अवैध निर्माण की जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं की गई, जिससे आम लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई। स्थानीय लोगों ने इस मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और निर्माणकर्ता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। निगम कमिश्नर ने नहीं उठाया फोन हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन जिस तरह निर्माणाधीन मकान से भारी लोहे का जाल सड़क पर गिरा, उसने बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्थाओं और अवैध निर्माण पर निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मामले पर जोन कमिश्नर से उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *