ब्रेकिंग न्यूज़
प्रतापगढ़ में 4.171 किलो अफीम जब्त, तस्कर गिरफ्तार:बाइक की सीट और एयर फिल्टर में छिपाकर ले जा रहा था आरोपी

प्रतापगढ़ जिले में ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 किलो 171 ग्राम अवैध अफीम जब्त की है। इस मामले में पीपलखूंट थाना पुलिस और डीएसटी की संयुक्त टीम ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में की गई। एएसपी गजेंद्र सिंह जोधा और डीएसपी वृत्त पीपलखूंट दिनेश कुमार के मार्गदर्शन में, थानाधिकारी छबीलाल के नेतृत्व वाली टीम ने इस ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी पुलिस ने पीपलखूंट के सामने नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान प्रतापगढ़ की ओर से आ रहे एक मोटरसाइकिल चालक ने पुलिस को देखकर अचानक वाहन मोड़कर भागने का प्रयास किया। संदेह होने पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की। आरोपी ने अपना नाम पप्पू उर्फ यशवंत पुत्र शांतिलाल पाटीदार, निवासी गरोड़ा, दलौदा (मध्यप्रदेश) बताया। तलाशी लेने पर पुलिस को मोटरसाइकिल की सीट के अंदर विशेष रूप से बनाई गई एक छिपी हुई जगह में प्लास्टिक की पारदर्शी थैलियों में अफीम मिली। इसके अतिरिक्त, एयर फिल्टर के भीतर भी अलग-अलग थैलियों में अफीम छिपाकर रखी गई थी। कुल 41 थैलियों का वजन करने पर 4 किलो 171 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी पप्पू उर्फ यशवंत को गिरफ्तार कर लिया है और अवैध अफीम तथा मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। आरोपी के खिलाफ पीपलखूंट थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह अफीम कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *