अजमेर में बर्थडे पार्टी से लौट रही महिला से लूट:गले से डेढ़ तोला सोने का मंगलसूत्र तोड़ ले गए बदमाश, झपट्टा मारकर तोड़ ले गए बाइक सवार
अजमेर शहर में चेन स्नैचिंग की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। वैशाली नगर स्थित झूलेलाल मंदिर के पास मंगलवार रात बाइक सवार दो बदमाश एक महिला के गले से करीब डेढ़ तोला सोने का मंगलसूत्र तोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर कृष्णगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। झूलेलाल मंदिर गई थी पुलिस के अनुसार माकड़वाली स्थित बलदेव नगर निवासी कंचन पत्नी श्याम सुंदर मंगलवार रात पड़ोसी के घर जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए झूलेलाल मंदिर गई थीं। कार्यक्रम से वापस घर जाते समय पीछे से बाइक पर आए दो बदमाशों ने उनके गले पर झपट्टा मारकर करीब डेढ़ तोला सोने का मंगलसूत्र तोड़ लिया और तेज रफ्तार से फरार हो गए। वारदात के बाद महिला ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर कृष्णगंज थाना प्रभारी अरविंद चारण पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज पुलिस ने घटनास्थल का मौका-मुआयना किया और आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पीड़ित महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।

