ब्रेकिंग न्यूज़
सवाई माधोपुर में सड़कों पर बह रहा गंदा पानी:तीन की जगह एक ही सीवरेज ट्रीटमेंट गाड़ी चल रही , 8 स्कूलों के हजारों बच्चे परेशान

सवाई माधोपुर के पुराने शहर में सीवरेज की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। कई जगह सीवरेज लाइन ब्लॉक होने से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। इससे लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है और आसपास बदबू फैलने से मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार नगर परिषद को शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। स्थानीय निवासी महेश साहू ने बताया कि पुराने शहर की करीब-करीब सभी कॉलोनियों की हालत खराब है। जगह-जगह सीवरेज पाइप जाम होने से गंदा पानी सड़कों पर फैला रहता है। सबसे ज्यादा खराब स्थिति एसबीआई बैंक चौराहे की है। इस रास्ते से रोजाना करीब 8 सरकारी और निजी स्कूलों के हजारों विद्यार्थी गुजरते हैं। इसके अलावा तीन बैंकों में आने-जाने वाले कर्मचारियों और ग्राहकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर फैली गंदगी और बदबू के कारण लोगों में बीमारियां फैलने का डर बना हुआ है। तीन सेक्टर, लेकिन एक ही गाड़ी से हो रहा काम जानकारी के अनुसार नगर परिषद क्षेत्र को पुराने शहर, आलनपुर-हाउसिंग बोर्ड और बजरिया, इन तीन सेक्टरों में बांटा गया है। इन सभी इलाकों में सीवरेज ट्रीटमेंट के लिए कागजों में तीन गाड़ियां संचालित होना दर्ज है, लेकिन आरोप है कि ठेकेदार खर्च बचाने के लिए सिर्फ एक ही गाड़ी चला रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी वजह से समय पर सीवरेज लाइन साफ नहीं हो पा रही और समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। आयुक्त बोले- बैठक बुलाकर करेंगे समाधान नगर परिषद आयुक्त दलीप पूनिया ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आते ही संबंधित जेईएन को निर्देश दे दिए गए थे। उन्होंने बताया कि बुधवार को बैठक बुलाकर समस्या की समीक्षा की जाएगी और जल्द से जल्द सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *