ब्रेकिंग न्यूज़
ऑनलाइन ठगी का आरोपी पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार:बैंक खातों में मिले 1 करोड़ 32 लाख रुपए, विभिन्न राज्यों से जमा होने का खुलासा

चूरू साइबर थाना पुलिस ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों रुपए की ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। आरोपी के बैंक खातों में विभिन्न राज्यों से करीब 1 करोड़ 32 लाख रुपए की साइबर ठगी की राशि जमा होने का खुलासा हुआ है। यह कार्रवाई हमीरवास थाना क्षेत्र के जेतपुरा निवासी विकास सिद्ध की रिपोर्ट पर की गई। विकास ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात लोगों ने उसे मोबाइल पर लिंक भेजकर एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा और फर्जी आईपीओ ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड करवाया। अधिक मुनाफे का लालच देकर उससे 39 लाख 21 हजार रुपए विभिन्न बैंक खातों में जमा करवा लिए गए। एसपी निश्चय प्रसाद एम के निर्देशन में साइबर थाना पुलिस ने बैंक खातों और मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच के बाद पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल के बर्धमान से सायेम मलिक (27) को गिरफ्तार किया। आरोपी पेशे से सिविल इंजीनियर है और साइबर ठगी गिरोह से जुड़ा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने नाम से पांच प्राइवेट लिमिटेड कंपनियां पंजीकृत कर रखी थीं। ठगी की रकम इन्हीं कंपनियों के खातों में जमा करवाई जाती थी। आरोपी के खिलाफ देश के विभिन्न स्थानों पर छह ऑनलाइन शिकायतें दर्ज हैं। इस कार्रवाई में साइबर थाना एएसआई राकेश कुमार मीणा, कैलाशचन्द्र व सुनील कुमार की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *