ब्रेकिंग न्यूज़
घनश्याम तिवाड़ी बोले-अब न गवर्नर बनना है, न ही मंत्री:हेम प्रोजेक्ट से शेखावाटी तक पहुंचेगा रावी-व्यास-सतलज का पानी; कांग्रेस वाले मुंह दिखाने लायक नहीं

राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि अब ना तो मंत्री बनना है और ना कोई गवर्नर बनना है। राज्यसभा सांसद बन गया तो बस अब किसी तरह इस कार्यकाल को पूरा करने के बाद सांस्कृतिक और सामाजिक काम करने हैं। केंद्र सरकार के मंत्रिमंडल में राजस्थान की भागीदारी को बढ़ाना या स्थिर रखना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊपर निर्भर है। तिवाड़ी ने दावा किया कि हेम प्रोजेक्ट के माध्यम से शेखावाटी क्षेत्र को रावी, व्यास और सतलज नदियों का पानी मिलेगा, जिससे क्षेत्र की जल समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम होगा। वहीं कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अब कांग्रेस के लोग जनता को मुंह दिखाने लायक नहीं बचे हैं। सांसद घनश्याम तिवाड़ी मंगलवार को सीकर में आयोजित अभिनंदन समारोह में पहुंचे थे। कार्यक्रम में UDH राज्यमंत्री झाबर सिंह खर्रा, झुंझुनूं विधायक हरलाल सहारण, चुरू विधायक राजेंद्र सिंह भांबू और पूर्व सांसद स्वामी सुमेधानंद सहित काफी लोग मौजूद थे। रावी, सतलज और व्यास नदी का पानी भी मिलेगा राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि यमुना जल समझौते के साथ ही शेखावाटी के लोगों को यमुना नदी के साथ-साथ रावी, सतलज और व्यास नदी का पानी भी मिलेगा। शेखावाटी के लोगों को यह पानी सिंचाई और पीने के लिए मिलेगा। इसके अलावा सीकर समेत आसपास के लोगों के पीने के पानी के लिए 700 करोड़ का बजट अलग से पास हुआ है। इसके तहत सतलज, रावी और व्यास नदी का पानी हेम प्रोजेक्ट के जरिए सीकर में पीने के काम में लिया जाएगा। इस तरह वास्तव में शेखावाटी का इलाका सुजल हो जाएगा। तिवाड़ी बोले- विपक्ष के लोग पढ़े-लिखे नहीं राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि विपक्ष वाले लोग पढ़े लिखे नहीं हैं। उन्हें यह पढ़ना चाहिए कि 2 तरह के नदी बहाव क्षेत्र(बेसिन) होते हैं। राजस्थान यमुना का बेसिन स्टेट है। यहां बनास नदी का पानी चंबल में मिलता है और फिर चंबल नदी जाकर यमुना नदी में मिल जाती है। यहां पानी इतना मिलेगा कि शेखावाटी का इलाका पूरी तरह तरबतर हो जाएगा। बरसात के दिनों में यमुना का ओवरफ्लो का पानी 123 दिनों के लिए शेखावाटी को दिया जाएगा। कार्यक्रम के संयोजक अनिल धींवा और सहसंयोजक मनोज पंसारी ने आभार जताया। हरियाणा में कांग्रेस की सरकार आएगी तो नालों-पाइपों को काट देंगे राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि कांग्रेस के लोगों ने 30 साल तक इस काम को दबाकर रखा और करने नहीं दिया। कांग्रेस के लोग आज भी हरियाणा में विरोध कर रहे हैं और वहां ये कह रहे हैं कि अगर हरियाणा में कांग्रेस की सरकार आएगी तो नालों और पाइपों को काट देंगे। कांग्रेस के लोगों को तो बोलने का अधिकार ही नहीं है, वह लोग तो मुंह दिखाने लायक ही नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *