ब्रेकिंग न्यूज़
बार काउंसिल चुनाव: भीलवाड़ा के एडवोकेट नीरज गुर्जर बने मेंबर:कहा- यह व्यक्तिगत जीत नहीं, अधिवक्ता समुदाय के विश्वास की जीत

बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के 23 सदस्यों के निर्वाचन के लिए करीब दो महीने से जारी मतगणना के बीच पहली जीत हो गई है। भीलवाड़ा के अधिवक्ता नीरज गुर्जर निर्वाचन के लिए निर्धारित मतों की संख्या प्राप्त करने वाले पहले प्रत्याशी बने हैं। साथ ही उनका निर्वाचन घोषित हो गया है, जबकि अन्य प्रत्याशियों के लिए मतगणना और मतों के स्थानांतरण की प्रक्रिया जारी है। निर्वाचन अधिकारी एवं वरिष्ठ अधिवक्ता सचिन आचार्य ने बताया- प्रथम वरीयता मतों की गणना के बाद प्रत्येक प्रत्याशी के निर्वाचन के लिए 2614.21 मतों की निर्धारित संख्या तय की गई थी। नीरज गुर्जर ने यह आंकड़ा हासिल कर सबसे पहले जीत दर्ज की है। अब शेष प्रत्याशियों के मतों का स्थानांतरण और गणना जारी रहेगी तथा निर्धारित मतों की संख्या प्राप्त करने वाले उम्मीदवारों का निर्वाचन क्रमवार घोषित किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद आधिकारिक गजट अधिसूचना जारी की जाएगी। नीरज गुर्जर का निर्वाचन होते ही उनके समर्थकों और अधिवक्ताओं में खुशी का माहौल बन गया। समर्थक उनके निवास पहुंचे और मिठाई खिलाकर बधाई दी। गुर्जर ने कहा- यह उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि पूरे अधिवक्ता समुदाय के विश्वास की जीत है। उन्होंने बताया- वर्ष 2013 से वे राजस्थान हाईकोर्ट, जोधपुर में वकालत कर रहे हैं और बार काउंसिल में अधिवक्ताओं के हितों, कल्याण और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *