ब्रेकिंग न्यूज़
रॉन्ग साइड आए ट्रक की टक्कर से 3-दोस्तों की मौत:चकनाचूर कार को काटकर निकाले शव; दोस्त की शादी के लिए शॉपिंग करने निकले थे

दोस्त की शादी की खरीदारी के लिए घर से निकले तीन युवकों की शुक्रवार दोपहर दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। नेशनल हाईवे-62 (श्रीगंगानगर-सूरतगढ़) पर गांव नेतेवाला के पास रॉन्ग साइड में आए ट्रक ने सामने से कार को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और शवों को बाहर निकालने के लिए कार को काटना पड़ा। हादसा चूनावढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे गणेश मंदिर के पास हुआ। थानाधिकारी ने बताया कि हादसे में मोनू वर्मा (25) पुत्र रायसाहब निवासी बींझबायला, कुलदीप सिंह (25) निवासी बींझबायला और प्रदीप लूणा (23) निवासी 48 LNP, श्रीगंगानगर की मौत हो गई। मृतक प्रदीप के भाई की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर फरार ट्रक ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, तीनों दोस्त अपने एक दोस्त की दो दिन बाद होने वाली शादी के लिए खरीदारी करने कार से श्रीगंगानगर आ रहे थे। इसी दौरान श्रीगंगानगर की ओर से आ रहे खाली ट्रक-ट्रेलर से उनकी कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। गाड़ी में बुरी तरह फंसे तीनों के शव
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक ड्राइवर आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने के दौरान रॉन्ग साइड में आ गया। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही कार से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। तीनों युवक कार में बुरी तरह फंस गए। राहत दल ने कार को कई जगह से काटकर शव बाहर निकाले। जिला अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही एसपी हरिशंकर यादव, ग्रामीण डीएसपी भूपेंद्र सोनी, चूनावढ़ थाना प्रभारी रामप्रताप और सदर थाना प्रभारी सुभाषचंद्र ढील मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद हाईवे के दोनों ओर जाम लग गया, जिसे पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद खुलवाया। कार के पीछे आ रही एक बाइक भी हादसे की चपेट में आ गई। बाइक सवार ने अचानक ब्रेक लगाए तो बाइक फिसल गई। दोनों सवारों को मामूली चोटें आईं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक प्रदीप लूणा के भाई संदीप की रिपोर्ट पर ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। हादसे के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। तीनों शवों का पोस्टमॉर्टम शनिवार को कराया जाएगा। इस बीच एक साथ तीन युवकों की मौत से उनके परिवारों में कोहराम मच गया। बींझबायला और चक 48 एलएनपी गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जिस दोस्त की शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां भी खुशियां मातम में बदल गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *