ब्रेकिंग न्यूज़
दौसा में लग्जरी स्लीपर बसों के चालान काटे:जांच टीम ने फीते से नापी बसों की लंबाई, चौड़ाई और ऊंचाई; नियमों के उल्लंघन पर की कार्रवाई

दौसा में लग्जरी और स्लीपर बसों के खिलाफ चलाया जा रहा विशेष अभियान लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर संयुक्त निरीक्षण दल ने शुक्रवार को जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे स्थित भाण्डारेज इंटरचेंज के पास नियमों का उल्लंघन करने वाली बसों पर सख्त कार्रवाई की। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव संतोष अग्रवाल ने बताया कि अभियान के दौरान एआईएस, मोटर वाहन अधिनियम एवं राज्य सरकार की एसओपी-2024 के तहत बसों की गहन जांच की गई। निरीक्षण दल ने स्लीपर बसों की लंबाई, चौड़ाई और ऊंचाई फीते से नापकर निर्धारित मानकों की जांच की। जांच में कई बसों में अनाधिकृत संरचनात्मक परिवर्तन, निर्धारित मापदंडों का उल्लंघन, अग्निशमन यंत्रों की कमी, पर्याप्त आपातकालीन निकास द्वार नहीं होना तथा अन्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई। इस पर संबंधित बसों को जब्त कर चालान बनाए गए। आरटीओ जगदीश अमरावत ने बताया कि अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करना, यात्रियों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा नियमों के विपरीत संचालित लक्जरी एवं स्लीपर बसों पर अंकुश लगाना है। निरीक्षण दल में यातायात प्रभारी गोपाल शर्मा, सार्वजनिक निर्माण विभाग के एक्सईएन फूल सिंह मीणा सहित परिवहन एवं यातायात विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *