ब्रेकिंग न्यूज़
घर में घुसकर बुजुर्ग महिला के परिवार पर हमला:पोती के सिर में आई गंभीर चोट, 8 के खिलाफ मामला दर्ज

खैरथल के नांगल संतोकड़ा गांव में एक बुजुर्ग महिला और उसके परिवार पर घर में घुसकर हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में महिला की पोती गंभीर रूप से घायल हो गई। सिर में लोहे की रॉड लगने से कई टांके आए हैं। पुलिस ने आठ नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डंडे और लोहे की रॉड लेकर घर में घुसे आरोपी पुलिस ने अपनी रिपोर्ट में बताया- नांगल संतोकड़ा निवासी मूर्ति देवी (72) ने बताया- 7 जुलाई की शाम करीब 7:20 बजे वह अपने घर पर थीं। इसी दौरान विनोद, तारा, अन्नू, अमीचंद, खिल्लू, मामचंद, दुल्ली सहित उनके परिवार के अन्य लोग कथित तौर पर लकड़ी के डंडे, लोहे की रॉड और तलवार लेकर घर में घुस आए। आरोप है कि हमलावरों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की, उन्हें घसीटा और लाठियों से हमला किया। इस दौरान मूर्ति देवी के हाथ और पैर में चोटें आईं। उनकी पोती कुसुम के सिर पर लोहे की रॉड से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोग पहुंचने पर आरोपी मौके से भागे आसपास के लोगों के मौके पर पहुंचने पर हमलावर वहां से चले गए। पीड़िता का आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। परिवार ने आरोपियों से अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस से कड़ी कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। खैरथल थाना पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच हेड कॉन्स्टेबल भीम सिंह को सौंपी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *