ब्रेकिंग न्यूज़
जोधपुर में होटल मालिक ने खुद पर ऑयल छिड़का:हाथ से तोड़ा कांच का गेट; जेसीबी पर चढ़ा युवक, अतिक्रमण हटाने गई टीम से धक्का-मुक्की

जोधपुर नगर निगम की टीम गुरुवार को भदवासिया मंडी में अतिक्रमण हटाने पहुंची। जब टीम होटल से अतिक्रमण हटाने पहुंची, तो मालिक ने खुद पर ऑयल छिड़क लिया और हंगामा करने लगे। इसके बाद उन्होंने हाथ से कांच का गेट भी तोड़ दिया। मामला गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे का है। नगर निगम की टीम जब भदवासिया मंडी में अतिक्रमण हटा रही थी, उसी दौरान युवक की चाय का केबिन हटाया गया, तो वह टीम के साथ धक्का-मुक्की करने लगा। इसके बाद वह विरोध जताते हुए जेसीबी पर चढ़ गया। अतिक्रमण प्रभारी रजनीश बारासा ने बताया- टीम का कार्रवाई के दौरान विरोध भी हुआ। ऐसे लोगों के खिलाफ पुलिस को एक्शन लेने के लिए कहा गया है। अब देखिए, कार्रवाई से जुड़ी PHOTOS… पहले विरोध, फिर लाया ऑयल की बोतल और खुद पर उड़ेल ली जानकारी के अनुसार, भदवासिया मंडी मोड़ पर ‘रामदेव रेस्टोरेंट’ है। यहां होटल के बाहर लगे शेड को हटाया जाना था, जिसका होटल मालिक विरोध करने लगा। होटल मालिक का कहना था कि उनके साथ-साथ दूसरे लोगों का भी अतिक्रमण हटाया जाए। कुछ देर तक बहस चलने के बाद, बुजुर्ग अचानक अंदर से ऑयल से भरी बोतल लेकर आया और उसे अपने ऊपर उड़ेल लिया। यह देखते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बुजुर्ग पर डाला गीला तौलिया, खींचकर अंदर ले गए तो तोड़ा कांच मौके पर हुए इस घटनाक्रम को देखकर निगम की टीम भी हैरान रह गई। टीम ने तुरंत होटल मालिक को पकड़ा और जैसे-तैसे स्थिति को संभाला। इसके बाद परिवार के लोगों ने उन पर गीला तौलिया (टॉवल) डाला। निगम की कार्रवाई के बीच परिवार के सदस्य और स्टाफ मालिक को रेस्टोरेंट के अंदर ले गए। वहां होटल मालिक ने कांच के गेट पर मुक्का मारकर उसे तोड़ दिया। इस घटना में उनके हाथ से खून बहने लगा, जिसके बाद परिजन और स्टाफ के लोग उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर भागे। होटल मालिक ने कहा – नगर निगम की टीम बिना कोई नोटिस दिए यह कार्रवाई कर रही है। इस इलाके में और भी अतिक्रमण हैं, लेकिन टीम भेदभाव कर रही है और गरीबों की हाय ले रही है। टीम के साथ धक्का-मुक्की, जेसीबी पर चढ़ा युवक नगर निगम की ओर से की जा रही इस कार्रवाई का लगातार विरोध होता रहा। जब टीम ‘विष्णु रेस्टोरेंट’ के पास लगे चाय के केबिन को जेसीबी की मदद से हटाने लगी, तो एक युवक इसका कड़ा विरोध करने लगा। पुलिस-निगम की टीम ने उसे समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना और टीम के साथ धक्का-मुक्की करने लगा। इसके बाद वह युवक जेसीबी मशीन पर चढ़ गया और मांग करने लगा कि गली और आसपास में हो रहे अन्य अतिक्रमणों को भी हटाया जाए। कार्रवाई से जुड़े 5 बड़े अपडेट्स… ढाई किलोमीटर में हटाए 50 से ज्यादा अतिक्रमण: नगर निगम के अतिक्रमण प्रभारी रजनीश बारासा ने बताया- गुरुवार को भदवासिया इलाके में करीब ढाई किलोमीटर इलाके में 50 से ज्यादा अतिक्रमण हटाए गए। करीब पांच घंटे चली कार्रवाई के दौरान होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट, बैंक, मेडिकल शॉप आदि ने अवैध टीन शेड, रेलिंग और चाय के कैबिन लगा रखे थे, उन सभी को हटाया गया। टीम की ओरसे सामान भी जब्त किया गया। डॉक्यूमेंट्स दिखाने पर रोने लगी महिला: भदवासिया मंडी के बाहर ही बुजुर्ग महिला कमलादेवी का सरस का कैबिन था। टीम इसे हटाने गई तो महिला ने बताया कि उनके पास इसकी परमिशन है। इस पर कमलादेवी अपने घर से डॉक्यूमेंट लेकर आई। जब वह डॉक्यूमेंट्स दिखाने लगी तो रोने लगी। बोली- 2025 तक की परमिशन है। एक-दो दिन में परमिशन रिन्यू करवानी थी लेकिन उनके पति की तबीयत खराब हो गई थी। वे हॉस्पिटल में एडमिट है। इस पर टीम ने लाइसेंस रिन्यू के लिए दो दिन का समय दिया। कार्रवाई को लेकर हुआ विरोध: भदवासिया में नगर निगम की इस कार्रवाई को लेकर काफी विरोध हुआ। एक युवक कार्रवाई के विरोध में जेसीबी पर चढ़ गया और दूसरे लोगों पर एक्शन लेने की बात करने लगा। वहीं एक बुजुर्ग अपने मेडिकल स्टोर के आगे खड़ा हो गया। हालांकि समझाइश के बाद उसे हटाया और वहां लगे टीन शेड को तोड़ा गया। भदवासिया बस स्टैंड पर महिला हुई बेसुध: टीम भदवासिया बस स्टैंड भी पहुंची। यहां लगे एक कैबिन को स्थानीय लोगों की ओर से हटाया जा रहा था। तभी एक बच्चे का हाथ कैबिन के एंगल के नीचे आ गया तो वह चिल्लाने लगा। इस पर उस बच्चे की मां वहां पर पहुंची और उसकी हालत देख चीखने लगी। बेटे की हालत देख वह बेसुध हो गई। हालांकि वहां मौजूद लोग लड़के को हॉस्पिटल ले गए और औरतों ने उसकी मां को संभाला। ट्रैफिक हुआ जाम, विरोध करने वालों के खिलाफ होगा एक्शन: इधर, इस कार्रवाई के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। भदवासिया मंडी के आगे ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस की ओर से रास्ता क्लियर करवाया गया। वहीं अतिक्रमण प्रभारी रजनीश बारासा ने बताया कि अतिक्रमण कार्रवाई का विरोध करने वालों के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। —— यह खबर भी पढ़िए…. जोधुपर में JCB के आगे खड़े होकर रोया बुजुर्ग, VIDEO:अफसरों के पैर पकड़े, फूड कार्ट हटाने गई टीम से बोला- मुझे खुद घर ले जाने दो जोधपुर नगर निगम की टीम बुधवार को जब एक फास्ट फूड कार्ट को हटाने लगी, तो एक बुजुर्ग JCB के आगे खड़ा हो गया। वह रोने लगा और टीम के आगे हाथ जोड़ते हुए अधिकारियों के पैर पकड़ने लगा। वह गुहार लगाते हुए कहने लगा- मैंने इसे ले जाने के लिए क्रेन बुलाई है। मुझे इसे खुद घर ले जाने दो। यह घटनाक्रम करीब 20 मिनट तक चला। पढ़ें पूरी खबर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *