ब्रेकिंग न्यूज़
बेटे का जन्मदिन-मनाने जा रहे दंपती को ट्रक ने कुचला:माता-पिता का इंतजार करते रहे परिजन, खुशियां मातम में बदली

बेटे का जन्मदिन मनाने कोटा जा रहे बाइक सवार रिटायर्ड टीचर और उनकी पत्नी को ट्रक ने कुचल दिया। टायर कमर और सिर के ऊपर से निकलने से दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा गुरुवार दोपहर बूंदी जिले के केशवरायपाटन थाना क्षेत्र में कोटा-लालसोट मेगा हाईवे पर गुडला टोल नाके के पास हुआ। जिस घर में माता-पिता के स्वागत और जन्मदिन की तैयारियां चल रही थीं, वहां हादसे की खबर पहुंचते ही मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पूरे कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई। केशवरायपाटन थाने के सहायक उपनिरीक्षक हरिशंकर शर्मा ने बताया- कापरेन निवासी रिटायर्ड टीचर केदार लाल शर्मा (65) अपनी पत्नी गीता शर्मा (55) के साथ बाइक से कोटा जा रहे थे। इसी दौरान कोटा-लालसोट मेगा हाईवे पर गुडला टोल नाके के पास पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े। ट्रक के टायर केदारलाल शर्मा की कमर और गीता शर्मा के सिर के ऊपर से निकल गए, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
दुर्घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में राहगीर और स्थानीय लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर केशवरायपाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कापरेन अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। बेटे के जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं
सहायक उपनिरीक्षक हरिशंकर शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दंपती अपने बेटे से मिलने कोटा जा रहे थे। गुरुवार को बेटे का जन्मदिन था, जिसे पूरा परिवार साथ मिलकर मनाने वाला था, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने सारी खुशियां छीन लीं। परिजनों के अनुसार मृतक के दो बेटे कोटा में रहते हैं। एक बेटा मेडिकल विभाग में कार्यरत है, जबकि दूसरा इलेक्ट्रॉनिक्स का बिजनेस करता है। माता-पिता के आने का इंतजार कर रहे दोनों बेटों को हादसे की सूचना मिली तो वे सदमे में आ गए। हेलमेट पहनने के बावजूद नहीं बच सकी जान
पुलिस के अनुसार पति-पत्नी ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन हादसा इतना भीषण था कि हेलमेट भी उनकी जान नहीं बचा सका। घटनास्थल पर मिले हेलमेट की बेल्ट केदार लाल शर्मा के गले में फंसी हुई थी। टायर ऊर से गुजरने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। फरार ट्रक ड्राइवर की तलाश जारी
हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ड्राइवर की पहचान के लिए गुडला टोल प्लाजा और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *