ब्रेकिंग न्यूज़
48 घंटे में खुला 4 क्विंटल तिजोरी चोरी का राज:बारां पुलिस ने एक आरोपी को पिकअप सहित पकड़ा, तिजोरी और दस्तावेज बरामद

बारां के अंता थाना क्षेत्र में मकान से चोरी हुई करीब चार क्विंटल वजनी तिजोरी के मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन जब्त कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी गई तिजोरी और उसमें रखे संपत्ति से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद कर लिए गए हैं, जबकि मामले में शामिल अन्य आरोपियों और शेष चोरी के माल की तलाश जारी है। चार क्विंटल तिजोरी लेकर फरार हुए थे बदमाश पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि 7 जुलाई को अंता थाने में एक फरियादी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, 6 जुलाई की रात अज्ञात बदमाश मकान का मुख्य गेट और गैलरी का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। बदमाश पूजा कक्ष में रखी करीब चार क्विंटल वजनी तिजोरी उठाकर ले गए। नकदी, जेवर और अहम दस्तावेज थे तिजोरी में चोरी हुई तिजोरी में 5.50 लाख रुपए नकद, दो सोने की चेन, तीन सोने की अंगूठियां और संपत्ति की महत्वपूर्ण रजिस्ट्री के दस्तावेज रखे थे। इसके अलावा अलमारी से 7 हजार रुपए नकद भी चोरी कर लिए गए थे। सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस घटना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी डॉ. कमल जांगिड़ के सुपरविजन तथा वृत्ताधिकारी पुष्पेन्द्र सिंह आढ़ा के निर्देशन में थानाधिकारी भूपेश शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और आसपास के क्षेत्रों व विभिन्न टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज के साथ तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। पिकअप वाहन सहित आरोपी गिरफ्तार जांच के दौरान वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन की पहचान हुई, जिससे पुलिस टावर कॉलोनी, गांधी नगर (छबड़ा) निवासी गोविन्द प्रसाद उर्फ गोलू तक पहुंची। मुखबिर की सूचना पर धरनावदा चौराहे पर घेराबंदी कर आरोपी को पिकअप वाहन सहित हिरासत में लिया गया। पूछताछ में संलिप्तता सामने आने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया और वाहन जब्त कर लिया गया। तिजोरी और दस्तावेज बरामद, अन्य आरोपियों की तलाश जारी आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गई तिजोरी और उसमें रखे संपत्ति संबंधी महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद कर लिए हैं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और शेष चोरी के माल की बरामदगी के लिए जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *