अधिकतम पारा 5.1 डिग्री गिरकर 35.9 डिग्री हुआ, दो दिन बारिश की संभावना

जिले में बुधवार को दिनभर बादलों की आवाजाही रही, हालांकि कहीं भी बारिश या बूंदाबांदी नहीं हुई। बुधवार को सुबह 10 बजे तक घने बादल छाए रहे। बाद में कुछ देर धूप का असर तेज रहा, मगर दोपहर में फिर से बादलवाई शुरू हो गई। इस दौरान हवा का दबाव कम रहने से उमस बनी रही। इससे पहले मंगलवार शाम को अधिकांश क्षत्रों में हुई बारिश के बाद गर्मी का असर कुछ कम हुआ तथा तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को अधिकतम तापमान 5.1 डिग्री की गिरावट के साथ 35.9 व न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री की गिरावट के साथ 25.6 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पूर्व मंगलवार को अधिकतम तापमान 41.0 डिग्री तथा न्यूनतम 28.5 डिग्री रहा था। इधर, पड़ोसी जिले सीकर के फतेहपुर स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र पर बुधवार को अधिकतम तापमान 36.0 व न्यूनतम 23.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जयपुर मौसम केन्द्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य के कुछ भागों में आगामी दो-तीन दिन मानसून सक्रिय रहने व 11 जुलाई से आगामी एक सप्ताह राज्य के अधिकांश भागों में बारिश की गतिविधियों में गिरावट होने की प्रबल संभावना है। नौ जुलाई को कोटा, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में मध्यम से भारी व कहीं-कहीं अति भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। शेष अधिकांश भागों में भी मध्यम से कहीं-कहीं तेज बारिश होने की संभावना है। 10 जुलाई को केवल भरतपुर संभाग व आसपास के जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश जारी रहने तथा शेष अधिकांश भागों में भारी बारिश की गतिविधियों में कमी होने की संभावना है। 11 जुलाई से आगामी एक सप्ताह राज्य के अधिकांश भागों में बारिश की गतिविधियों में कमी होगी। केवल उत्तरी व पूर्वी भागों में छुटपुट स्थानों पर हल्की बारिश होने व शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *