अलवर में झमाझम बारिश से सड़कों पर भरा पानी:स्वर्ग रोड और मेहताब सिंह के नोहरा में 3 फीट तक पानी भरा; बाजार, जिला अस्पताल में घुसा पानी
अलवर में डेढ़ घंटे तक हुई तेज बारिश से जिला अस्पताल में पानी घुस गया। स्वर्ग रोड और मेहताब सिंह के नोहरा में 3-4 फीट तक पानी भर गया। वहीं शहर समेत जिले के चिकानी, बहादुरपुर, अकबरपुर, मालाखेड़ा सहित अधिकांश इलाकों में बारिश का दौर जारी है। जिला अस्पताल परिसर में पानी भर जाने से मरीजों और उनके परिजनों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, शहर के स्वर्ग रोड और मेहताब सिंह का नोहरा इलाके में सड़कों पर करीब 3-4 फीट तक पानी भर गया है, जिससे दुकानों में पानी भर गया। तेज बारिश के बाद नगर निगम के नालों की सफाई के दावों की पोल खुल गई। देखें PHOTOS… अधिकतम तापमान 34 डिग्री तक रहेगा भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 10 जुलाई तक जिले में आंशिक रूप से बादल छाए रहने, मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है। इस दौरान गरज के साथ बिजली गिरने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 11 से 13 जुलाई तक मौसम सामान्य रहने और आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। रातभर रुक-रुककर हुई बारिश मंगलवार को भी सुबह से बादल छाए रहे। दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश दर्ज की गई। रातभर रुक-रुककर बारिश होती रही, जिसका असर बुधवार सुबह भी देखने को मिला। बारिश से खेतों में नमी बढ़ेगी इस बारिश से खरीफ फसलों की बुवाई कर चुके किसानों को राहत मिली है। खेतों में नमी बढ़ने से फसलों की बढ़वार को फायदा होगा। यदि बुधवार शाम तक भी इसी तरह बारिश का दौर जारी रहा तो जिले के कई मौसमी नाले और झरने बहने लग सकते हैं। सुहाने मौसम के कारण पर्यटन स्थलों पर भी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है।

