LDC एग्जाम को लेकर कलेक्टर ने SDM को सौंपी जांच:पुलिस करेगी वीक्षक के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और चैट की जांच
जैसलमेर के एक परीक्षा केंद्र पर पिछले रविवार हुई एलडीसी भर्ती परीक्षा के दौरान प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्था में कथित लापरवाही और गड़बड़ी का मामला सामने आया था। इस मामले को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोला था। परीक्षा प्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए थे। कांग्रेस ने इस मुद्दे सरकार को घेरते हुए युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ के आरोप लगाए थे। युवाओं के भारी आक्रोश के बाद जिला कलेक्टर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए। उपखंड अधिकारी (एसडीएम) को पूरे प्रकरण की प्रशासनिक जांच सौंप दी है। एसडीएम अब परीक्षा केंद्र के सीसीटीवी फुटेज और सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से जांच कर रहे है। इधर, पुलिस ने संबंधित वीक्षक से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही, मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और सोशल मीडिया चैट खंगाले जा रहे हैं। खिड़की से प्रश्न पत्र किसी अज्ञात व्यक्ति को देने का आरोप दरअसल, 5 जुलाई को सुरक्षा के दावों के बीच जैसलमेर के 19 परीक्षा केंद्रों पर एलडीसी (लिपिक ग्रेड-द्वितीय) परीक्षा दो पारियों में हुई थी। इसी दौरान राजकीय मॉडल स्कूल सेंटर पर परीक्षा शुरू होने के बाद परीक्षार्थियों ने आरोप लगाया था कि खिड़की से प्रश्न पत्र किसी अज्ञात व्यक्ति को दिया गया था। साथ ही प्रशासन पर लापरवाही और खिड़की के रास्ते पेपर बाहर भेजकर नकल कराने के गंभीर आरोप भी लगाए गए थे। इसके बाद सेंटर पर विवाद की स्थिति बन गई थी। कुछ संदिग्ध को हिरासत में लिया कांग्रेस और युवाओं के विरोध के बाद प्रशासन और पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, जांच की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने अभी तक आधिकारिक तौर पर इन लोगों के नामों या इनकी भूमिका का खुलासा नहीं किया है। सूत्रों के अनुसार, परीक्षा केंद्र पर तैनात संबंधित वीक्षक (इन्विजिलेटर) से भी पुलिस ने गहन पूछताछ शुरू कर दी है। वीक्षक के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड (CDR) और सोशल मीडिया चैट को बारीकी से खंगाला जा रहा है, ताकि किसी भी तरह के संदिग्ध संपर्क का पता लगाया जा सके। जल्द रिपोर्ट सौंपेंगे एसडीएम कलेक्टर से मिले निर्देशों के बाद एसडीएम अब इस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुट गए हैं। प्रशासनिक जांच के तहत परीक्षा केंद्र के सीसीटीवी फुटेज, वहां तैनात स्टाफ के बयान और सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। एसडीएम इस पूरी जांच को करने के बाद एक विस्तृत और तथ्यात्मक रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपेंग। जिसके बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। ये खबर भी पढ़ें… एलडीसी परीक्षा में खिड़की से पेपर बाहर भेजने का आरोप:प्रशासन ने रिपोर्ट कर्मचारी चयन बोर्ड भेजी, निर्देश अनुसार कार्रवाई होगी जैसलमेर में रविवार को एलडीसी (लिपिक ग्रेड-द्वितीय) परीक्षा के दौरान राजकीय मॉडल स्कूल सेंटर पर लगे नकल के आरोपों के मामले में सोमवार को प्रशासन ने रिपोर्ट राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड को भेज दी। अतिरिक्त जिला कलेक्टर (एडीएम) परसाराम सैनी ने बताया कि परीक्षार्थियों की शिकायतों के आधार पर प्रकरण तैयार कर बोर्ड को भेजा गया है। अब बोर्ड से मिलने वाले निर्देशों के अनुसार आगे की कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी। पढ़े पूरी खबर…

