स्कूलों में न्यायिक अधिकारियों ने पढ़ाया साइबर सुरक्षा का पाठ:'कोर्ट वाली दीदी' शिकायत पेटी स्थापित, नशे पर भी जागरूक किया
खैरथल और किशनगढ़बास के विभिन्न स्कूलों में ‘ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे’ के तहत कानूनी साक्षरता एवं संवेदीकरण शिविर आयोजित किए गए। इस दौरान न्यायिक अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन ठगी से बचाव, नशे के दुष्परिणाम और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया। स्कूलों में ‘कोर्ट वाली दीदी’ नामक शिकायत पेटी भी स्थापित की गई। जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष शैलेंद्र व्यास ने राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल आनंद नगर, खैरथल में आयोजित शिविर में छात्राओं को साइबर अपराध के नए तरीकों से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और व्हाट्सएप स्टेटस पर अपनी निजी जानकारी साझा करने से बचें, क्योंकि साइबर ठग इन जानकारियों का दुरुपयोग कर ऑनलाइन धोखाधड़ी को अंजाम दे सकते हैं। इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव (अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश) कुड़ी ने एक्सिस उच्च माध्यमिक विद्यालय तथा मुंसिफ मजिस्ट्रेट खुशबू कंवरिया ने एंजल अकादमी उच्च माध्यमिक विद्यालय, खैरथल में छात्राओं को साइबर सुरक्षा, डिजिटल सतर्कता और कानूनी सहायता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। न्यायिक अधिकारियों ने छात्रों को बताया कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। शराब, तंबाकू और अन्य मादक पदार्थों के सेवन से स्वास्थ्य पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ते हैं, अपराध बढ़ते हैं, आर्थिक नुकसान होता है और युवाओं का भविष्य प्रभावित होता है। उन्होंने सड़क सुरक्षा पर भी जोर देते हुए नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की। शिविर में बच्चों को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर भी याद रखने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन पुलिस सहायता और 1930 साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन किसी भी संकट की स्थिति में तत्काल मदद के लिए उपलब्ध हैं। उधर, किशनगढ़बास में अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश दीपेंद्र माथुर ने पैराडाइज उच्च माध्यमिक विद्यालय, अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश जगदीश प्रसाद मीणा ने मेमोरियल उच्च माध्यमिक स्कूल और अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट डॉ. सुरभिसिंह ने ब्लू बेल्स माध्यमिक स्कूल में छात्रों को साइबर अपराधों से बचाव एवं कानूनी जागरूकता की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान सभी स्कूलों में छात्र-छात्राओं की शिकायतों के सुरक्षित एवं गोपनीय निस्तारण के उद्देश्य से ‘कोर्ट वाली दीदी’ शिकायत पेटी स्थापित की गई। इस अवसर पर उपप्रधानाचार्य ममता यादव, पूनम खत्री, नीलम खत्री, मृदुला शर्मा, हरेंद्र सिंह चौधरी, सुरेश भारद्वाज, अशोक कुमार, वर्षा रानी, निर्मला देवी सहित स्कूलों का स्टाफ उपस्थित रहा।

