बाड़मेर में बादल छाए, उमस ने छुड़ाए पसीने:रात का तापमान 4 डिग्री गिरा; अगले 3 दिन बारिश का अलर्ट

बाड़मेर में सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं। दिनभर सूरज बादलों की ओट में छिपा रहा। लेकिन उमस और गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए हैं। रात का तापमान गिरकर 26.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। मौसम विभाग ने 10 जुलाई तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। आज भी मेघगर्जना के साथ बारिश होने की संभावना है। दरअसल, तीन साल बाद इस बार मानसून जुलाई में आया है। यह करीब 10 दिन देरी से पहुंचा है। सोमवार को बाड़मेर जिले के लगभग 30 प्रतिशत क्षेत्र में बारिश हुई, जबकि 70 प्रतिशत क्षेत्र में अभी तक बारिश नहीं हुई है। बाड़मेर शहर में सोमवार शाम को हुई 6 मिमी बारिश से सड़कें पानी से लबालब हो गई थीं। सोमवार को सबसे अधिक 38 मिमी बारिश नोखड़ा में दर्ज की गई। सोमवार को आए अंधड़ से ग्रामीण इलाकों में पेड़ और बिजली के पोल भी गिर गए। मंगलवार को सुबह से घने बादल छाए हुए है। लेकिन उमस और गर्मी ने लोगों के हाल बेहाल कर दिए हैं। लोग पसीने से तरबतर नजर आए। 5 साल बाद सबसे गर्म जुलाई, 42.5 डिग्री तक पहुंचा पारा
इस बार मानसून के देरी से आने की वजह से गर्मी भी ज्यादा रही है। मानसून की एंट्री हुई है। सोमवार को बाड़मेर का अधिकतम पारा 42.5 डिग्री और न्यूनतम 30.4 डिग्री रहा। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 4 डिग्री गिरकर 26.5 डिग्री पहुंच गया। वहीं, 5 साल में जुलाई सबसे गर्म रहा है। जुलाई 2025 में अधिकतम 38, 2024 में 41.2, 2023 में 39.6, 2022 में 38.2, और 2021 में 42.8 डिग्री सेल्सियस रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *