ई-मित्र दुकान में चोरी मामले में आरोपी गिरफ्तार:1 किलो चांदी, 26,900 रुपए बरामद, नाबालिग भी डिटेन
मनोहरथाना पुलिस ने बीनागंज रोड स्थित एक ई-मित्र की दुकान में हुई चोरी का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया है। चोरी हुए सामान में से 1 किलो चांदी के जेवर और 26,900 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। एसपी अमित कुमार ने बताया- बीते दिनों फरियादी नंदराम तंवर ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि रात के समय उनकी बीनागंज रोड स्थित ई-मित्र की दुकान से अज्ञात चोरों ने लगभग एक किलो चांदी के कड़े और दुकान के गल्ले से करीब 28-30 हजार रुपए चुरा लिए थे। इस पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले में गठित की गई पुलिस टीम ने घटना स्थल से लेकर मनोहरथाना कस्बे तक के संभावित रूटों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जिसके बाद आरोपियों की पहचान की गई। मामले में आरोपी राजूलाल को मनोहरथाना से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर चोरी हुए 1 किलो चांदी के जेवर और 26,900 रुपए बरामद किए गए। एक अन्य नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।

