गार्ड से मारपीट, थाने पहुंचे यूनिक बिल्डिंग के क्षेत्रवासी:लाठी-डंडों से मारपीट का आरोप, घेराव कर आरोपियों को गिरफ्तारी करने की मांग
अजमेर के हाथीखेड़ा स्थित यूनिक आवास (यूबी) बिल्डिंग में देर रात सुरक्षा गार्ड के साथ लाठी-डंडों और पत्थरों से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना से आक्रोशित सोसाइटी के बड़ी संख्या में निवासी सोमवार को हरिभाऊ नगर थाने पहुंचे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी व सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर थाने का घेराव किया। घटना से जुड़े मारपीट के कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित काजल ने बताया कि घटना रात करीब 12:30 से 1 बजे के बीच हुई। कॉरिडोर से शोर-शराबे और मारपीट की आवाज सुनकर बाहर पहुंचे तो कुछ लोग सोसाइटी के सुरक्षा गार्ड लादूराम चौहान के साथ लाठी-डंडों और पत्थरों से मारपीट कर रहे थे। आरोप है कि हमलावर गार्ड को कम्युनिटी हॉल के पास ले गए और वहां भी बेरहमी से पीटा। पीड़ित गार्ड लादूराम चौहान ने बताया कि वह पिछले करीब एक वर्ष से सोसाइटी में रात 7 बजे से सुबह 7 बजे तक ड्यूटी कर रहे हैं। उनके अनुसार, रात में सोसाइटी परिसर में फोर-व्हीलर वाहनों के प्रवेश और पार्किंग को लेकर टोका तो फ्लैट संख्या सी-320 में रहने वाले अमन बंसल तथा उसके दो-तीन साथी भड़क गए। आरोप है कि आरोपियों ने उनका डंडा छीनकर उसी से सिर, चेहरे और शरीर पर हमला कर दिया। फ्लैट पर पत्थर फेंकने और धमकी देने का भी आरोप सोसाइटी निवासी विजय सिंह राठौड़ ने हरिभाऊ नगर थाना प्रभारी को दी शिकायत में आरोप लगाया कि मारपीट के बाद आरोपी उनके फ्लैट पर पहुंचे, जहां उनकी पत्नी के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया गया तथा दरवाजे पर पत्थर फेंके गए। शिकायत में कहा गया है कि पूरी घटना सोसाइटी के सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है, जबकि उनकी बेटी ने भी घटना का वीडियो बनाया। साथ ही एक मोबाइल नंबर से कॉल कर धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। महिलाओं ने कहा- अब खुद को सुरक्षित नहीं मानते सोसाइटी के वरिष्ठ निवासी ईश्वरदास पारवानी सहित अन्य लोगों ने कहा कि जब सुरक्षा के लिए तैनात गार्ड ही सुरक्षित नहीं है तो निवासी खुद को कैसे सुरक्षित मानें। महिलाओं और युवतियों ने भी घटना के बाद असुरक्षा का माहौल होने की बात कही। निवासियों का आरोप है कि मुख्य आरोपी अमन बंसल का सोसाइटी में फ्लैट है, लेकिन वह वहां रहने के बजाय अक्सर दोस्तों के साथ आकर शराब पीने और हुड़दंग करता है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

