मांगीलाल कुम्हार अध्यक्ष, हरिराम मीणा सचिव बने:भारत विकास परिषद की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ, सेवा कार्य को बताई प्राथमिकता

भारत विकास परिषद राजस्थान दक्षिण प्रांत की डूंगरपुर शाखा का वार्षिक दायित्व ग्रहण एवं शपथ ग्रहण समारोह रविवार को अटल बिहारी वाजपेयी सामुदायिक भवन में हुआ। समारोह में नवगठित कार्यकारिणी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली और समाज सेवा तथा जनकल्याण के कार्यों के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन और सामूहिक वंदे मातरम् गान के साथ हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि संत कमलेश शास्त्री थे, जबकि प्रांतीय अध्यक्ष मयंक दोषी ने अध्यक्षता की। रीजनल सचिव गिरीश सोमपुरा, महंत जय सिंह सोलंकी, शाखा अध्यक्ष मांगीलाल कुम्हार, सचिव हरिराम मीणा और कोषाध्यक्ष नरेश जोशी विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन रहे। शाखा के वरिष्ठ सदस्यों ने अतिथियों का उपर्णा और पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। शाखा अध्यक्ष मांगीलाल कुम्हार ने स्वागत उद्बोधन देते हुए शाखा की गतिविधियों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। शाखा संरक्षक दिनेश श्रीमाल ने शाखा का परिचय प्रस्तुत किया।
इसके बाद, प्रांतीय अध्यक्ष मयंक दोषी ने अध्यक्ष मांगीलाल कुम्हार, सचिव हरिराम मीणा और कोषाध्यक्ष नरेश जोशी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। प्रांतीय संयोजक गिरीश पानेरी ‘साथी’ ने नए सदस्यों को, जबकि रीजनल सचिव गिरीश सोमपुरा ने कार्यकारिणी सदस्यों को शपथ दिलाई। सेवा की भावना को आगे बढ़ाने का आह्वान
समारोह को संबोधित करते हुए मयंक दोषी, गिरीश सोमपुरा, दिनेश श्रीमाल और गिरीश पानेरी ‘साथी’ ने परिषद की सेवा गतिविधियों और सामाजिक दायित्वों पर प्रकाश डाला। मुख्य वक्ता संत कमलेश शास्त्री एवं महंत जय सिंह सोलंकी ने समाज में जनकल्याण, संस्कार और सेवा की भावना को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान गोसेवकों, भक्तों और दानदाताओं को शॉल, पगड़ी, उपर्णा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में परिषद परिवार के सदस्यों, नगर के गणमान्य नागरिकों तथा बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों ने भाग लिया। महिला प्रमुख राजकुमारी कुम्हार एवं उनकी सहयोगी टीम ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम का संचालन ओमप्रकाश चौबीसा एवं ऋषि दवे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सुभाष रोत ने व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *