बीजेपी विधायक बोले-देश से धीरे-धीरे विलुप्त हो रही है कांग्रेस:असफल होने वाले अपनी कमियों का आकलन करें, बयानबाजी नहीं

कोटा दक्षिण से भाजपा विधायक संदीप शर्मा ने कांग्रेस और विपक्षी नेताओं पर निशाना साधा है। संदीप शर्मा ने कहा- कांग्रेस पूरे भारत से धीरे-धीरे एक ‘विलुप्त प्रजाति’ बनती जा रही है। विधायक शर्मा ने कहा- राजनीति में लगातार असफल होने वाले लोगों को दूसरों पर आरोप लगाने के बजाय अपनी कमियों का आकलन करना चाहिए। राजनीति सकारात्मकता और सेवा का मार्ग है, जहां व्यक्ति को अपने स्वार्थों से ऊपर उठकर जनता की सेवा करनी पड़ती है। लोकतंत्र की परीक्षा में जनता ही हमें पास या फेल करती है। राजस्थान की राजनीतिक संस्कृति की सराहना करते हुए संदीप शर्मा ने कहा- यहां की राजनीति सहज, समर्पित और सरल है। यह बिहार और उत्तर प्रदेश की (पुरानी) राजनीति जैसी नहीं है, जहां कभी गुंडे-मवाली बड़े-बड़े पद हासिल कर लिया करते थे। राजस्थान में गाली-गलौज या उटपटांग बातें करके राजनेता खुद का ही नुकसान करते हैं।
संदीप शर्मा ने कहा- जनता के लिए संघर्ष करते हुए उनके जीवन में 27 मुकदमे दर्ज हुए थे, लेकिन अब वे सभी समाप्त हो चुके हैं। उन्होंने जोर देकर कहा, “हमारे ऊपर लगे मुकदमे छात्र हितों, युवाओं को रोजगार दिलाने और जन आंदोलनों से जुड़े थे। हमारे ऊपर ऐसा कोई मुकदमा दर्ज नहीं है कि हमने किसी की जमीन पर कब्जा किया हो या किसी का मकान खाली करवाया हो। राजनीति में पूरा जीवन लोगों के लिए समर्पित होना चाहिए। दरअसल, पिछले कुछ समय से कोटा में कांग्रेस नेता प्रहलाद गुंजल और भाजपा नेताओं के बीच तीखी जुबानी जंग और बयानबाजी का दौर चल रहा है। विधायक संदीप शर्मा के इस बयान को इसी सियासी खींचतान से जोड़कर देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *