ऑनलाइन से असली एपल वॉच मंगवा कर कॉपी डाल देते:20 लाख की नकली घड़ियां पार्सल में डाल दी; 4 गिरफ्तार
दौसा में ऑनलाइन ई-कॉमर्स धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दौसा साइबर थाना एवं साइबर सेल ने ये कार्रवाई की। दरअसल, आरोपी अमेजन से महंगी एप्पल वॉच ऑर्डर करते थे, फिर जैसे ही पार्सल आता था तो उसमें से ओरिजनल वॉच निकालकर उस पार्सल में वापस वैसी ही नकली वॉच रख देते थे। ऐसे इन आरोपियों ने करीब 19 लाख 86 हजार 976 रुपए की धोखाधड़ी को अंजाम दिया। 19 महंगे पार्सलों से असली उत्पाद गायब मिले पुलिस ने बताया- मामला अगस्त 2025 में सामने आया था, जब कनेक्ट इंडिया कूरियर कंपनी के दौसा केंद्र के मैनेजर ने शिकायत दी थी कि अमेजन के 19 महंगे पार्सलों से असली उत्पाद गायब मिले हैं। कंपनी को इस धोखाधड़ी से करीब 19.87 लाख रुपए का नुकसान हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी पीयूष दीक्षित के निर्देशन और साइबर क्राइम उपाधीक्षक बृजेश कुमार मीणा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी के आधार पर जांच करते हुए पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस करते थे फ्रॉड पुलिस ने बताया- आरोपी फर्जी नाम, पते से अमेजन पर अकाउंट बनाकर महंगे प्रोडेक्ट ऑर्डर करते थे। इसके बाद डिलीवरी स्टेशन मैनेजर की मिलीभगत से पार्सल अपने कब्जे में लेकर विशेष तरीके से पैकिंग खोलकर ओरिजनल एप्पल वॉच निकालकर नकली वॉच रख देते थे और फिर पार्सल वापस जमा करवा देते थे। इसके बाद गलत एड्रेस बताकर ऑर्डर को रद्द कर देते थे। जिससे ऑर्डर की राशि वापस बैंक अकाउंट में आ जाती, जबकि ओरिजनल वॉच बेचकर अलग से कमाई करते थे। मैनेजर समेत 4 गिरफ्तार इस मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिसमें साहिल बंसल निवासी भादरा हनुमानगढ़-हाल निवासी गुरूग्राम हरियाणा, मदन जांगिड निवासी बस्सी जयपुर, पारस साहू निवासी डिग्गी टोंक और नरेन्द्र बैरवा निवासी जोशी की कोठी खेडला खुर्द दौसा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एप्पल कंपनी की एक डिजिटल वॉच भी बरामद की है। पुलिस ने बताया- गिरोह में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। बदले गए महंगे उत्पादों की बरामदगी के लिए पूछताछ जारी है।

