राजस्थान दिनभर, 10 बड़ी खबरें:खेत में निकलने लगा क्रूड ऑयल; मोबाइल शोरूम के मालिक के चाकू घोंपा; डंपर ने स्कूटी सवार को 100 मीटर घसीटा
नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ से है। यहां सेना के ट्रक और प्राइवेट एम्बुलेंस की भिड़ंत में मां और बेटे-बेटी की मौत हो गई। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें
1. कोटा-उदयपुर समेत कई जिलों में बारिश
राजस्थान में सक्रिय मानसून से कई जिलों में झमाझम बारिश हो रही है। रविवार को उदयपुर, अलवर, कोटा, चित्तौड़गढ़, सवाई माधोपुर, झालावाड़ और बारां में बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले 5 दिन मानसून की बारिश का दौर जारी रहेगा। पूरी खबर पढ़ें 2. सेना की गाड़ी-एम्बुलेंस की भिड़ंत, मां और बेटा-बेटी की मौत
श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ में सेना के ट्रक से भिड़ंत में प्राइवेट एम्बुलेंस के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कैंसर पीड़ित महिला, उसके बेटे और बेटी की मौत हो गई, जबकि एक बेटा और एम्बुलेंस ड्राइवर घायल हो गए। परिवार जयपुर से घर लौट रहा था। पूरी खबर पढ़ें 3. किसान के खेत में निकलने लगा क्रूड ऑयल
बाड़मेर जिले के बोथिया गांव के एक खेत में रविवार सुबह 6 बजे क्रूड ऑयल का रिसाव होने लगा। क्रूड ऑयल 2 खेतों में 500 मीटर के दायरे में फैल गया। एहतियात के तौर पर इलाके से गुजर रही पाइपलाइन में सप्लाई बंद कर दी गई। केयर्न वेदांता कंपनी के इंजीनियर लीकेज पॉइंट ढूंढने में लगे हैं। पूरी खबर पढ़ें 4. हाईटेंशन लाइन का इंसुलेटर टूटा, करंट से महिला की मौत
कोटा के अनंतपुरा इलाके में 33 KV की हाईटेंशन लाइन का इंसुलेटर धमाके के साथ टूट गया। इससे आसपास के घरों और जमीन पर करंट फैल गया। करंट से एक महिला की मौत हो गई, जबकि 3 बच्चों समेत 9 लोग झुलस गए और तड़पने लगे। 2 गायों की भी मौत हो गई। पूरी खबर पढ़ें 5. मोबाइल शोरूम के मालिक के चाकू घोंपा
अलवर के अखेपुरा थाना क्षेत्र में पुराने विवाद में मोबाइल शोरूम के मालिक के चाकू घोंप दिया। शोरूम पर आए 3 युवकों ने पुराने मामले में समझौते के लिए 15 लाख रुपए मांगे। शोरूम मालिक ने मना किया तो एक युवक ने पेट में चाकू घोंप दिया। इसके बाद तीनों आरोपी फरार हो गए। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें
6. तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी सवार को 100 मीटर घसीटा
झुंझुनूं के गुढ़ागौड़जी इलाके में तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी सवार बिजली विभाग के कर्मचारी को पीछे से टक्कर मार दी और करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए गया। बिजली कर्मचारी ड्यूटी पर जा रहे थे। हादसे में उनके सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। पूरी खबर पढ़ें 7. दोस्त के अंतिम संस्कार से लौटी छात्रा ने सुसाइड किया
जयपुर में दोस्त की मौत से दुखी छात्रा ने सुसाइड कर लिया। उसके दोस्त की 3 जुलाई को एक्सीडेंट में मौत हो गई थी। शनिवार शाम को वह दोस्त के अंतिम संस्कार से लौटी थी। उसके बाद गेस्ट हाउस के कमरे में चुन्नी का फंदा लगाकर जान दे दी। पूरी खबर पढ़ें 8. नाबालिग का किडनैप कर 1 लाख फिरौती मांगी
टोंक जिले में एक नाबालिग का किडनैप कर परिजनों से 1 लाख रुपए की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। फिरौती नहीं देने पर बच्चे की हत्या करने की धमकी दी। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर 3 नामजद सहित 7-8 व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है
9. करंट से दोनों हाथ गंवाए, मुंह से लिखी LDC परीक्षा
LDC ग्रेड सेकंड भर्ती परीक्षा के दौरान बांसवाड़ा में दोनों हाथों से दिव्यांग कैंडिडेट चिराग जैन परीक्षा देने पहुंचे। एक हादसे में उनके दोनों हाथ काटने पड़े थे। इसके बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी और मुंह में पेन पकड़कर पूरा पेपर लिखा। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास
10. 10वीं-12वीं की परीक्षा के लिए फॉर्म भरे जाएंगे
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 10वीं-12वीं की परीक्षा के लिए सोमवार से फॉर्म भरना शुरू हो जाएंगे। बिना लेटफीस एक महीने का समय दिया गया है।

