जयपुर में 100 किलो खराब पनीर नाले में फेंका:छोटी दुकानों-ढाबों पर बेचने से पहले फूड सेफ्टी टीम ने पकड़ा; एनर्जी ड्रिंक की 32 हजार बोतलें सीज

जयपुर सीएमएचओ सेकेंड और पुलिस टीम ने रविवार को घटिया क्वालिटी का 100 किलो पनीर नष्ट करवाया। वहीं दूसरी तरफ फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट की सेंट्रल टीम ने निर्माण नगर स्थित एक एनर्जी ड्रिंक के गोदाम पर छापा मारा। यहां स्टॉक में रखी 32 हजार 292 बोतलें सीज की। सीएमएचओ डॉ. मनीष मित्तल ने बताया- डीएसटी टीम और रामनगरिया थाना पुलिस ने बेचने के लिए लाया जा रहा 100 किलोग्राम पनीर दिन में जगतपुरा में पकड़ा। इस पनीर में से बदबू आ रही थी। पनीर को ले जा रहा अमित शर्मा ने बताया- वह ये पनीर अलवर, दौसा के आसपास एरिया से लेकर आता है। बाद में जयपुर में कई जगह सप्लाई करता है। उसने स्वीकार किया कि पनीर बनाने से पहले दूध में से फैट निकाल लेते हैं। बाद में बाकी बचे लो-क्वालिटी युक्त दूध से पनीर बनता है। इसे जयपुर शहर में 240 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव में छोटे रिटेलर डेयरी, फास्टफूड सेंटर्स और ढाबों आदि पर सप्लाई किया जाता है। डॉ. मनीष मित्तल ने बताया- FSAI के स्टेंडर्ड के मुताबिक 4 से 5 किलोग्राम फुल फैट दूध से एक किलो पनीर तैयार किया जाता है। उन्होंने बताया- पनीर के नमूने लेकर उसे जांच के लिए लै​ब भिजवाए हैं। जबकि शेष पनीर को नष्ट करवाया गया। स्टिंग एनर्जी के गोदाम से 32 हजार 292 बोतलें सीज फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट के अतिरिक्त आयुक्त भगवतसिंह ने बताया- सेंट्रल टीम ने मैसर्स अंजली इंटरप्राइजेज पद्मावती कॉलोनी निर्माण नगर पर निरीक्षण किया। जहां “स्टिंग एनर्जी” नामक कैफिनेटेड बेवरेज का नमूना लिया और वहां नियम विरुद्ध कमियां पाई गईं। इसके बाद वहां स्टॉक में रखी करीब 32 हजार 292 स्टिंग एनर्जी ड्रिंक बोतलें सीज की गईं। इसके अलावा जयपुर सीएमएचओ टीम ने ब्लिंक कॉमर्स प्रा. लि. 27 पटेल नगर-22 जयपुर स्थित गोदाम से नॉन-कार्बोनेटेड वॉटर बेस्ड बेवरेजेस (ब्रांड “गेटोरेज ऑरेंज” और “रीलोड”) के सैंपल लिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *