स्मार्ट-ग्लास पहनकर AR तकनीक से मरीज के घुटने की सर्जरी:बिना प्लेट और स्क्रू निकाले जयपुर के डॉक्टर ने किया 72 साल की महिला का ऑपरेशन
जयपुर के निजी हॉस्पिटल में अत्याधुनिक तकनीक AR (एग्युमेंटेड रियलिटी) की मदद से एक मरीज के घुटने की रिप्लेसमेंट सर्जरी की गई। 72 साल की बुजुर्ग महिला मरीज को करीब 5 साल पहले घुटने के जोड़ के ऊपर फ्रैक्चर के इलाज के दौरान प्लेट और स्क्रू लगाए गए थे, जिन्हें बिना निकाले ही ये सर्जरी की गई। नारायणा हॉस्पिटल जयपुर के सीनियर ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. विजय शर्मा ने बताया- बुजुर्ग महिला मरीज के घुटने के जोड़ के ऊपर करीब 5 साल पहले फ्रैक्चर को जोड़ने के लिए प्लेट और स्क्रू लगाए थे। बाद में इस घुटने में ऑस्टियोआर्थराइटिस के कारण गंभीर दर्द, टेढ़ापन और चलने-फिरने में कठिनाई होने लगी। इससे मरीज की दैनिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही थीं। सामान्य परिस्थितियों में ऐसे मामलों में पारंपरिक तरीके से घुटने का प्रत्यारोपण करना अत्यंत चुनौतीपूर्ण होता है। उन्होंने बताया- AR तकनीक की मदद से पहले लगी प्लेट और स्क्रू को हटाए बिना ही घुटने का सफल प्रत्यारोपण किया गया। सर्जरी के मात्र 10 घंटे बाद ही मरीज चलने-फिरने लगी, जो इस तकनीक की सटीकता और प्रभावशीलता को दर्शाता है। विशेष प्रकार के स्मार्ट ग्लास पहनकर ऑपरेशन डॉ. विजयशर्मा के अनुसार- AR तकनीक में सर्जन विशेष प्रकार के स्मार्ट ग्लास पहनकर ऑपरेशन करते हैं। सर्जरी के दौरान घुटने की लाइव 3D एनाटॉमिकल मैपिंग से इम्प्लांट की पिन-पॉइंट सटीक पॉजिशनिंग की जाती है। रियल-टाइम विजुअल गाइडेंस मिलने से सर्जरी अधिक सुरक्षित और सटीक बनती है। उन्होंने बताया- इस तकनीक में सर्जरी से पहले CT स्कैन की आवश्यकता नहीं होती। यह तकनीक न केवल पारंपरिक रोबोटिक सिस्टम की तुलना में अधिक उन्नत, सरल और किफायती है, बल्कि कई जटिल मामलों में उससे भी अधिक सटीक परिणाम प्रदान देती है। इस सर्जरी में डॉ. विजय शर्मा के साथ डॉ. मनीष गुप्ता और एनेस्थीसिया टीम का सहयोग रहा।

