रुपए लेन-देन को लेकर 2-पक्षों में झगड़ा, एक की मौत:घर के बाहर किया हमला; मुआवजे की मांग को लेकर धरने पर बैठे परिजन

रुपए लेन-देन को लेकर दो पक्षों में हुए झगड़े में एक युवक की मौत हो गई। गुस्साए परिजन और समाज के लोग हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी के बाहर धरने पर बैठ गए। परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। साथ ही खातेदारी भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने, संविदा पर बेटे को नौकरी देने और पीड़ित परिवार को 50 लाख का मुआवजा देने की मांग भी की है। मामला बालोतरा जिले के धोरीमन्ना थाना इलाके अरनियाली गांव में शनिवार की रात को हुआ। हालांकि फिलहाल पुलिस धरने पर बैठे परिजनों से समझाइश कर रही है। पुलिस के अनुसार- कप्लेश पुत्र रमेश कुमार निवासी अरणियाली ने रिपोर्ट दी है। बताया कि पारस पुत्र राणाराम निवासी अरणियाली ने बीच रास्ते में रास्ता रोककर उन पर हमला करने की कोशिश की। लेकिन कल्पेश और उसके पिता रमेश (40) पुत्र पुखराज वहां से बचकर निकल गए। इसके बाद पारस और उसकी पत्नी घर पर आए। पिता घर के बाहर खड़े थे। इस दौरान पिता पर हमला कर दिया। बेहोशी की हालत में पिता को हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। धोरीमन्ना थानाधिकारी दीपसिंह ने बताया- बेटे की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज किया है। फिलहाल परिजनों से समझाइश की जा रही है। पोस्टमॉर्टम के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *