सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत,दूसरा घायल:तेज रफ्तार कार ने पीछे से मारी टक्कर,दोनों उछलकर 20 फीट दूर जाकर गिरे
उदयपुर में तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार उछलकर करीब 20 फीट दूर जाकर गिरे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एमबी अस्पताल पहुंचाया और शव को पोस्टमॉर्टम करा परिजनों को सौंप दिया। हादसा गोवर्धन थाना विलास क्षेत्र में उदयपुर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे-48 पर बोरी कुआ नाल के पास रविवार शाम 6:30 बजे हुआ, जहां तेज रफ्तार कार ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। बाइक चला रहे युवक प्रदीप मीणा के सिर और पैर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक अजीत मीणा बुरी तरह घायल हो गया। टक्कर मारने वाला कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई और हाईवे पर जाम के हालत बन गए। सूचना पर गोवर्धन विलास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। मजदूरी कर गांव लौट रहे थे युवक एएसआई प्रदीप कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान प्रदीप पिता होमा मीणा निवासी आत्मन कोटड़ा, ऋ़षभदेव के रूप में हुई है। उसका साथी खोड़ी मउड़ी परसाद निवासी अजीत मीणा घायल हुआ है। जिसका एमबी हॉस्पिटल में इलाज जारी है। उन्होंने बताया कि दोनों कई दिनों से कोटड़ा में मजदूरी कर रहे थे। दोनों मजदूरी से लौटकर अपने गांव जा रहे थे। तभी ये हादसा हो गया। इको चालक मौके से फरार हो गया। मृतक का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को शव सौंप दिया गया। परिजनों की रिपोर्ट के बाद पुलिस कार ड्राइवर की तलाश में जुटी है।

