मां से झगड़ रही थी चाची, भतीजे ने चाकू घोंपा:आंतें तक डैमेज हुई; गंभीर हालत में जिला हॉस्पिटल में इलाज जारी
बांसवाड़ा में मां से झगड़ रही चाची पर भतीजे ने जानलेवा हमला कर दिया। चाची के पेट में चाकू घोंप दिया, जिससे महिला की आंतें तक डैमेज हो गई। दोनों परिवारों की महिलाओं के बीच हुए मामूली विवाद के बाद आरोपी युवक आवेश में आ गया, जिसके बाद वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल महिला का जिला हॉस्पिटल में इलाज जारी है, जहां उसकी हालत गंभीर है। ताई और चाची में हुई थी कहासुनी
पीड़िता सीमा नीनामा के बेटे राकेश ने बताया कि घर में उसकी मां और ताई (बड़ी मां) के बीच किसी बात पर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि ताई का बेटा रितेश पुत्र शंकर निनामा गुस्से में वहां पहुंच गया। आरोपी युवक एक धारदार चाकू लेकर आया और बिना सोचे-समझे सीधे अपनी चाची (सीमा) के पेट में चाकू घोंप दिया। चाकू का वार इतना जोरदार था कि महिला लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी। वारदात के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आरोपी फरार हो गया। घटना के तुरंत बाद परिजनों ने गंभीर रूप से घायल सीमा को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां महिला का इलाज जारी है। भूंगड़ा थानाधिकारी देवीलाल ने बताया- चाकू से जानलेवा हमला करने की घटना की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुरानी रंजिश को लेकर भी जांच कर रहे हैं।

