उदयपुर में 119 सेंटर्स पर हो रही LDC भर्ती परीक्षा:पहली पारी में 79.81% कैंडिडेट ने दिया एग्जाम, कड़ी सुरक्षा के बीच मिली एंट्री
उदयपुर में रविवार को राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से लिपिक ग्रेड-II और कनिष्ठ सहायक संयुक्त भर्ती परीक्षा हो रही है। कैंडिडेट्स को कड़ी सुरक्षा के बीच एंट्री दी गई। जिले में परीक्षा के लिए कुल 119 केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुबह से ही अभ्यर्थियों पहुंचने लग गए थे। पहली पारी में 79.81 फीसदी अभ्यर्थियों ने एग्जाम दिया। सुबह की शिफ्ट में परीक्षा देने के लिए 30 हजार 936 अभ्यर्थी सेंटर्स पर पहुंचे। वहीं, 7 हजार 828 अभ्यर्थी ऐसे रहे, जो परीक्षा देने नहीं आए और गैरहाजिर रहे। पहली पारी के लिए कुल 38 हजार 764 अभ्यर्थी रजिस्टर्ड थे। पहली पारी का समय सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक है। इसके बाद दूसरी पारी दोपहर 3 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक चलेगी। एग्जाम 1 घंटे पहले अभ्यर्थियों को एंट्री दी गई। परीक्षा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम जिला प्रशासन ने परीक्षा में नकल रोकने और सफल बनाने के लिए जमीन से लेकर आसमान तक के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पूरे जिले में 38 हजार 764 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो, इसके लिए प्रशासन ने बड़े स्तर पर सुरक्षा बल और अधिकारियों की तैनाती की है। एक घंटे पहले मेन गेट बंद किए यह पूरी परीक्षा दो अलग-अलग पारियों में आयोजित की जा रही है। प्रशासन ने पहले ही कड़े नियम लागू कर दिए थे कि परीक्षा शुरू होने से ठीक एक घंटा पहले सेंटर्स के मेन गेट बंद कर दिए जाएंगे। इस नियम के चलते अभ्यर्थी सुबह से ही सेंटर्स के बाहर लाइनों में खड़े नजर आए। 194 ऑब्जर्वर, 119 केंद्राध्यक्ष लगाए परीक्षा में पूरी पारदर्शिता बनी रहे, इसके लिए जिलेभर में 194 ऑब्जर्वर, 119 केंद्राध्यक्ष और 120 उप समन्वयक तैनात किए गए हैं। सभी सेंटर्स के अंदर और बाहर वीडियोग्राफी कराई जा रही है, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। सुरक्षा के लिहाज से चेकिंग इतनी सख्त है कि बिना ई-एडमिट कार्ड और असली फोटो पहचान पत्र के किसी को भी अंदर जाने की इजाजत नहीं दी जा रही है। इसके साथ ही मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच जैसी सभी इलेक्ट्रॉनिक चीजों को परीक्षा केंद्र के बाहर ही रखवा लिया गया है।

