अलवर में टीकाराम जूली बोले-गरीबों पर चला बुलडोजर:अतिक्रमण हटाओ अभियान में भेदभाव का आरोप; कहा- देश को गुमराह कर रहे पीएम

अलवर में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा- अतिक्रमण हटाओ अभियान में अपने लोगों को छोड़ दिया गया। भाजपा से जुड़े जिन व्यापारियों के प्रतिष्ठानों तक बुलडोजर पहुंचा, वहां पहुंचते ही कार्रवाई रोक दी गई। ये लोग केवल गरीबों को परेशान करने का काम कर रहे हैं। यदि कोई अभियान चलाया जाता है, तो वह नियमों के अनुसार और बिना किसी भेदभाव के चलाया जाना चाहिए। जूली ने आगे कहा कि कोचिंग संस्थानों को बिना किसी निष्पक्ष जांच के बंद किया जा रहा है। जो कोचिंग संस्थान पहले से बंद हैं, उन पर भी सील लगाई जा रही है, जबकि कुछ को सांठगांठ कर एनओसी (NOC) देकर दोबारा खुलवाया जा रहा है। कुल मिलाकर नियमों का पालन नहीं कराया जा रहा है, बल्कि सब कुछ मिलीभगत से चल रहा है। इस बीच, अलवर में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के कार्यालय में महिला कांग्रेस ने महिला आरक्षण को तुरंत लागू करने और ओबीसी महिलाओं को इसमें शामिल करने की मांग को लेकर एक हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर भरतपुर सांसद संजना जाटव और पूर्व मंत्री ममता भूपेश सहित महिला कांग्रेस की कई पदाधिकारी मौजूद रहीं। महिला आरक्षण के मुद्दे पर जूली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की जनता को गुमराह कर रहे हैं। महिला आरक्षण की शुरुआत सोनिया गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने की थी और उस समय भाजपा ने इसका विरोध किया था। आज महिला आरक्षण विधेयक (बिल) संसद से पारित हो चुका है, लेकिन सरकार इसे लागू करने में टालमटोल कर रही है। अब जब जनगणना की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है, तो जनगणना पूरी होते ही सरकार को बिना किसी देरी के महिला आरक्षण को तुरंत लागू करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *