बरखेड़ा-बरबेली मुख्य सड़क बदहाल:बारिश में गांव का संपर्क कटने का खतरा, जगह जगह गहरे गड्ढे

झालावाड़ जिले के खानपुर उपखंड मुख्यालय से लगभग 14 किलोमीटर और गोलाना मुख्य हाईवे से करीब 6 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम बरखेड़ा की मुख्य संपर्क सड़क जर्जर हालत में है। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बरखेड़ा से बरबेली मोड़ तक जाने वाली यह सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिस पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे आवागमन जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार गांव से लगभग 500 मीटर दूर स्थित पीलिया खाल की पुलिया करीब 10 महीने पहले क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी, हेल्पलाइन नंबर 181 और स्थानीय विधायक को भी सूचना दी गई थी, लेकिन अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। पुलिया की मरम्मत न होने से स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। गांव में भारी वाहनों का प्रवेश लगभग बंद हुआ
सड़क और पुलिया की खराब स्थिति के कारण स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों की बस अब गांव तक नहीं पहुंच पा रही है। इसके साथ ही भारी वाहनों का गांव में प्रवेश भी लगभग बंद हो गया है। बरखेड़ा से मतवासा नहर की ओर जाने वाला कच्चा वैकल्पिक मार्ग भी लगातार बारिश के कारण कीचड़ और गड्ढों से भर गया है, जिससे ग्रामीणों के लिए आवागमन और अधिक मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र ही सड़क और पुलिया की मरम्मत नहीं कराई गई, तो लगातार हो रही बारिश के बीच बरखेड़ा गांव का खानपुर मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह टूट सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से तत्काल सड़क और पुलिया की मरम्मत कराने की मांग की है।
इस संबंध में कुलदीप सिंह राजपूत, जगदीश, रामबिलास मीणा, महावीर नागर, संजय, रामेश्वर नागर, मांगीलाल मीणा और राकेश सहित कई ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों से शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *