सलूम्बर में 'क्लीन सलूम्बर-ग्रीन सलूम्बर' टीम सक्रिय:महीनों से तालाब-नदियों की सफाई, प्लास्टिक छोड़ने की अपील
सलूम्बर शहर में ‘क्लीन सलूम्बर-ग्रीन सलूम्बर’ टीम जल स्रोतों के संरक्षण और पर्यावरण की स्वच्छता के लिए सक्रिय है। यह टीम पिछले कई महीनों से प्रत्येक रविवार को तालाबों और नदी की नियमित सफाई का अभियान चला रही है। इस जनअभियान में सेवानिवृत्त शिक्षक, विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि और पर्यावरण प्रेमी स्वेच्छा से श्रमदान करते हैं। जल स्त्रोतों को प्रदूषण मुक्त रखने की अपील अभियान के तहत टीम आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक भी कर रही है। सदस्यों ने लोगों से प्लास्टिक का उपयोग कम करने की अपील की है। उनका कहना है कि एकल उपयोग वाली प्लास्टिक जल स्रोतों और पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बन रही है। टीम ने नागरिकों से अपनी जिम्मेदारी निभाने का आग्रह किया, जिससे शहर के तालाब और नदियां स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त रह सकें। अभियान से जुड़े शंकरलाल भोई ने पूजा सामग्री के निस्तारण पर भी बात की। उन्होंने कहा कि पूजा-अर्चना के बाद फूल-माला, कपड़े, प्लास्टिक और अन्य सामग्री को सीधे नदी या तालाबों में प्रवाहित करना उचित नहीं है। यह सामग्री जलाशयों में जमा होकर प्रदूषण फैलाती है और लोगों के पैरों तले आने से उसका सम्मान भी नहीं रह पाता। भोई ने नागरिकों से आग्रह किया कि वे पूजा सामग्री का वैज्ञानिक एवं सम्मानजनक तरीके से निस्तारण करें, जिससे धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यावरण की भी रक्षा हो सके। हाल ही में आयोजित सफाई अभियान में राकेश प्रजापत, रामभरोसे पुरोहित, रामचन्द्र और शिवानंद पुरोहित सहित कई पर्यावरण प्रेमियों ने श्रमदान किया और अभियान को सफल बनाया।

